निधन की खबर से भड़के शक्ति कपूर, बोले- ‘मैं जिन्दा हूं, स्वस्थ हूं और खुशहाल जीवन जी रहा हूं

एंटरटेनमेंट की दुनिया में सितारों की लोकप्रियता जितनी बड़ी होती है, कभी-कभी उन्हें उतनी ही अजीबोगरीब स्थितियों का सामना करना पड़ जाता है। हाल ही में बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता और क्राइम मास्टर गोगो के नाम से मशहूर शक्ति कपूर कुछ ऐसी ही स्थिति के शिकार हुए, जिसने न केवल उनके परिवार बल्कि उनके लाखों प्रशंसकों को भी गहरे सदमे में डाल दिया था। पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म्स पर शक्ति कपूर के निधन की खबरें तेजी से वायरल होने लगीं। इस खबर को सुनकर उनके फैन्स दुखी हो गये और सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि देने लगे।

इसे भी पढ़ें- श्रद्धा कपूर की शादी को लेकर पिता शक्ति कपूर ने किया बड़ा खुलासा, बता दी अफवाहों की सच्चाई

खुद कैमरे के सामने आये एक्टर

हालांकि, अब इन अफवाहों का खंडन हो चुका है। इसके लिए खुद शक्ति कपूर कैमरे पर है और कहा, वे जिन्दा हैं। इसके  साथ ही उन्होंने ये भी स्पष्ट किया कि, वे स्वस्थ और सुरक्षित भी हैं। बता दें कि कभी अधिकतर फिल्मों में नजर आने वाले शक्ति कपूर पिछले कुछ समय से लाइमलाइट और सोशल मीडिया से दूर हो चुके थे, वे अचानक से एक अफवाह का केंद्र बन गए। जैसे ही उनके निधन की खबर वायरल हुई, उनके फैंस तगड़ा झटका लगा।

Shakti Kapoor

लोगों ने बिना सच्चाई जाने पोस्ट शेयर करना शुरू कर दिया। इस स्थिति की गंभीरता को देखते हुए शक्ति कपूर ने तुरंत एक्शन लिया और इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा कर उन तमाम शरारती तत्वों को करारा जवाब दिया, जो उनके नाम पर ऐसी संवेदनहीन खबरें फैला रहे थे। वीडियो में शक्ति कपूर काफी ऊर्जावान और स्वस्थ नजर आ रहे हैं, जिससे उनके प्रशंसकों ने राहत की सांस ली है।

अपने आधिकारिक वीडियो संदेश में शक्ति कपूर ने साफ शब्दों में कहा कि वह एकदम ठीक हैं और खुशहाल जीवन जी रहे हैं। उन्होंने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि सभी को नमस्कार, मेरी मौत की जो अफवाह फैलाई जा रही है, वह पूरी तरह से आधारहीन और झूठी है। मैं आप सभी को बताना चाहता हूं कि मैं पूरी तरह से स्वस्थ हूं और अपनी जिंदगी का आनंद ले रहा हूं। अभिनेता ने आगे कहा कि कृपया इस तरह की खबरों को नजरअंदाज करें और इन्हें आगे न बढ़ाएं।

कानूनी कदम उठाने के संकेत

शक्ति कपूर यहीं नहीं रुके, उन्होंने इस मामले में कानूनी कदम उठाने के संकेत भी दिए। उन्होंने कहा कि वह इस तरह की हरकत करने वालों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने जा रहे हैं, क्योंकि किसी व्यक्ति की जान के बारे में इस तरह की झूठी खबर फैलाना न तो ठीक है और न ही यह किसी भी लिहाज से अच्छी बात है। अभिनेता का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग उन असामाजिक तत्वों की आलोचना कर रहे हैं जो क्लिक और व्यूज के चक्कर में सितारों की मौत की अफवाह उड़ाते हैं।

शक्ति कपूर के इस स्पष्टीकरण के बाद उनके चाहने वालों का प्यार और समर्थन सोशल मीडिया पर उमड़ पड़ा है। उनके वीडियो पर कमेंट करते हुए एक फैन ने लिखा कि सर आप हमेशा खुश और स्वस्थ रहें, हम आपके लंबे जीवन की कामना करते हैं। वहीं एक अन्य प्रशंसक ने पंजाबी अंदाज में लिखा कि तुस्सी जियो हजारों साल, भगवान आपको हमेशा अच्छा स्वास्थ्य दें।

प्रशंसकों की इन दुआओं से यह साफ जाहिर होता है कि भले ही शक्ति कपूर अब फिल्मों में पहले जितने सक्रिय न हों, लेकिन उनके द्वारा निभाए गए किरदारों ने आज भी उन्हें लोगों के दिलों में जिंदा रखा है। लोग उनसे उनके स्वास्थ्य के बारे में भी सवाल पूछ रहे हैं और उनके अगले प्रोजेक्ट का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इस अफवाह के पीछे के कारणों की बात करें तो इसकी शुरुआत साल की शुरुआत में हुई एक घटना से मानी जा रही है।

अस्पताल में दिखे थे एक्टर

दरअसल, कुछ समय पहले शक्ति कपूर को उनकी बेटी और बॉलीवुड की टॉप एक्ट्रेस श्रद्धा कपूर के साथ एक अस्पताल के बाहर देखा गया था। उस दौरान श्रद्धा कपूर वहां मौजूद पैपराजी पर काफी भड़क गई थीं और उन्होंने फोटोग्राफर्स को वीडियो बनाने से मना कर दिया था। अस्पताल की उस विजिट और श्रद्धा के गुस्से ने लोगों के मन में यह आशंका पैदा कर दी थी कि शायद शक्ति कपूर की तबीयत काफी खराब है। उसी समय से फैंस के बीच उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंता बनी हुई थी, जिसका फायदा उठाकर कुछ लोगों ने सोशल मीडिया पर उनकी मौत की मनगढ़ंत कहानी बुन दी और उसे वायरल कर दिया।

शक्ति कपूर के फिल्मी करियर और मौजूदा काम की बात करें तो उन्हें आखिरी बार बड़े पर्दे पर फिल्म ‘मेरे हसबैंड की बीवी’ में देखा गया था। इस फिल्म में अर्जुन कपूर, भूमि पेडनेकर और रकुल प्रीत सिंह जैसे युवा सितारों की तिकड़ी मुख्य भूमिकाओं में थी। शक्ति कपूर ने फिल्म में अपनी मौजूदगी से एक बार फिर पुराने दिनों की यादें ताजा की थीं। हालांकि, स्टार कास्ट और कॉमेडी का तड़का होने के बावजूद यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कोई खास कमाल नहीं दिखा सकी और इसे असफलता का सामना करना पड़ा, लेकिन शक्ति कपूर के लिए फिल्में सिर्फ काम नहीं बल्कि उनका जुनून रही हैं। दशकों के अपने करियर में उन्होंने विलेन से लेकर कॉमेडियन तक हर रोल को बखूबी जिया है और आज भी वह अपने काम को लेकर उतने ही उत्साहित रहते हैं।

 

इसे भी पढ़ें-  ‘रामायणम्’  के लिए रणबीर कपूर का ट्रांसफॉर्मेशन, लीक हुआ एक्टर का पहला लुक

Related Articles

Back to top button