दिल्ली विधानसभा की सुरक्षा में सेंध, फिल्मी स्टाइल में घुसा नकाबपोश, किया ये खतरनाक कांड

  नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था के सबसे ऊंचे दावों के बीच सोमवार को एक ऐसी घटना घटी जिसने पूरे पुलिस महकमे और सुरक्षा एजेंसियों के होश उड़ा दिए। लोकतंत्र के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले केंद्रों में से एक दिल्ली विधानसभा की सुरक्षा में उस वक्त बड़ी सेंध लग गई जब उत्तर प्रदेश नंबर की एक संदिग्ध कार ने गेट नंबर 2 पर लगे लोहे के भारी भरकम बैरिकेटिंग   को टक्कर मारते हुए परिसर में घुस गई। दोपहर करीब 2 बजे अचानक से हुई इस कार्रवाई से वहां तैनात सुरक्षाकर्मी और कर्मचारी हक्के बक्के रह गये। वे कुछ समझ पाते इससे पहले ही कार सवार हमलावर ने अपनी दुस्साहसी हरकत को अंजाम दे दिया।

इसे भी पढ़ें-  दिल्ली कैपिटल्स की दमदार जीत, समीर रिजवी की 90 रन की पारी से मुंबई इंडियंस पर 6 विकेट से विजय

अध्यक्ष की गाड़ी पर फेंकी स्याही

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि, कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि, उसने सुरक्षा घेरे को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया और सीधे विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता के कार्यालय की तरफ बढ़ गई। कार सवार शख्स ने केवल नियमों का उल्लंघन ही नहीं किया, बल्कि उसने एक विशेष संदेश देने की भी कोशिश की, जो सुरक्षा और जांच के लिहाज से बेहद पेचीदा नजर आता है।

कार सवार ने विधानसभा अध्यक्ष की आधिकारिक गाड़ी को निशाना बनाया और उस पर काली स्याही फेंक दी। स्याही फेंकने के तुरंत बाद आरोपी ने स्पीकर के कार्यालय के बरामदे के पास फूलों का एक गुलदस्ता रखा और फिर अपनी गाड़ी को घुमाकर उसी क्षतिग्रस्त गेट से बाहर की ओर भाग निकला।

इस पूरी घटना के दौरान हमलावर ने अपना चेहरा पूरी तरह ढक रखा था, ताकि सीसीटीवी कैमरों में उसकी पहचान न हो सके। विधानसभा जैसे हाई-प्रोफाइल इलाके में जहां सीआरपीएफ के जवान और दिल्ली पुलिस की बहुस्तरीय सुरक्षा तैनात रहती है, वहां एक बाहरी राज्य की गाड़ी का इस तरह घुसना और फिर वारदात कर सुरक्षित निकल जाना सुरक्षा तंत्र पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

कार्यालय के बाद छोड़ा गुलदस्ता

दिल्ली पुलिस के डीसीपी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि, उत्तर प्रदेश पंजीकरण वाली इस कार ने गेट नंबर 2 को काफी नुकसान पहुंचाया है। पुलिस अब इस गुत्थी को सुलझाने में जुटी है कि हमलावर का असली मकसद क्या था क्योंकि एक तरफ उसने स्याही फेंककर अपना विरोध दर्ज कराया तो दूसरी तरफ गुलदस्ता छोड़कर एक अजीबोगरीब संकेत दिया।

फिलहाल दिल्ली विधानसभा परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया गया है और फॉरेंसिक टीमें साक्ष्य जुटाने में लगी हैं। सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि, जिस वक्त यह चूक हुई उस वक्त गेट पर सुरक्षा बलों की मौजूदगी थी, लेकिन कार की अचानक बढ़ी रफ्तार और सीधे टक्कर मारने की वजह से जवान तुरंत प्रतिक्रिया नहीं दे सके।

दिल्ली में हाई अलर्ट 

इस सुरक्षा सेंध के बाद पूरी दिल्ली में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है और पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश की पुलिस के साथ भी जानकारी साझा की गई है ताकि गाड़ी के नंबर के आधार पर मालिक तक पहुंचा जा सके। दिल्ली पुलिस की कई टीमें सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं और विधानसभा के बाहर के रास्तों पर लगे कैमरों की मदद से गाड़ी के भागने के रूट को ट्रैक किया जा रहा है। यह मामला इसलिए भी संवेदनशील है क्योंकि अगर हमलावर के पास स्याही की जगह कोई हथियार या विस्फोटक होता तो स्थिति नियंत्रण से बाहर हो सकती थी।

फिलहाल पुलिस और खुफिया एजेंसियां इस बात की जांच कर रही हैं कि क्या यह किसी बड़ी साजिश का हिस्सा है या किसी व्यक्ति विशेष का अपनी मांगों को लेकर विरोध जताने का कोई हिंसक तरीका। विधानसभा अध्यक्ष की सुरक्षा की भी समीक्षा की जा रही है और आने वाले दिनों में परिसर के प्रवेश द्वारों पर सुरक्षा और कड़ी किए जाने के निर्देश दिए गए हैं।

 

इसे भी पढ़ें- सबंधों को पटरी पर लाने की कवायद तेज, 8 अप्रैल को दिल्ली में एस जयशंकर से मिलेंगे बांग्लादेश के विदेश मंत्री

Related Articles

Back to top button