राजपाल यादव के समर्थन में उतरे सलमान खान

अवॉर्ड शो में वित्तीय स्थिति पर मजाक के बाद जताया प्यार

मुंबई में आयोजित चेतक स्क्रीन अवॉर्ड्स के दौरान अभिनेता राजपाल यादव की पुरानी वित्तीय परेशानियों और जेल जाने की घटना का मजाक उड़ाए जाने पर फिल्म इंडस्ट्री में नई बहस छिड़ गई है। दरअसल, कार्यक्रम के प्रस्तोता सौरभ द्विवेदी ने राजपाल यादव के नौ करोड़ रुपये के चेक बाउंस मामले पर टिप्पणी की थी। जिसका वीडियो वायरल होने के बाद सलमान खान ने मंगलवार को राजपाल के प्रति अपना खुला समर्थन जताया। सलमान ने सोशल मीडिया पर राजपाल की तीन दशकों की मेहनत और अभिनय कला की सराहना करते हुए लिखा कि उन्हें भविष्य में बहुत काम मिलेगा और उन्होंने राजपाल को सलाह दी कि वे केवल अपने काम पर ध्यान दें और किसी की बातों का जवाब देने के बजाय दिल से अभिनय करते रहें।

विवाद की शुरुआत तब हुई जब पुरस्कार समारोह के दौरान राजपाल यादव वैश्विक मुद्रा के उतार-चढ़ाव पर चर्चा कर रहे थे और प्रस्तोता ने तंज कसते हुए कहा कि डॉलर का रेट कुछ भी हो, उन्हें अपना उधार तो चुकाना ही पड़ेगा। हालांकि राजपाल यादव ने इस स्थिति को बेहद शालीनता से संभाला और बाद में सौरभ द्विवेदी का बचाव करते हुए लोगों से उनकी आलोचना न करने की अपील की।

राजपाल ने स्पष्ट किया कि सौरभ और जाकिर खान उनके छोटे भाइयों जैसे हैं और उन्होंने हमेशा उन्हें सम्मान दिया है। गौरतलब है कि राजपाल यादव को 2012 की फिल्म ‘अता पता लापता’ के कर्ज से जुड़े मामले में तिहाड़ जेल में वक्त बिताना पड़ा था, जिसे लेकर अब फिल्म जगत के साथी कलाकार उनके पक्ष में खड़े दिखाई दे रहे हैं।

Related Articles

Back to top button