
बॉलीवुड के ग्रीक गॉड कहे जाने वाले सुपरस्टार ऋतिक रोशन और उनकी गर्लफ्रेंड सबा आजाद अपनी शानदार केमिस्ट्री और सोशल मीडिया पर एक-दूसरे के प्रति प्यार जाहिर करने की वजह से अक्सर सुर्खियों में रहते है, लेकिन पिछले 14 दिनों से इस जोड़ी के प्रशंसकों के लिए एक चिंताजनक सन्नाटा छाया हुआ था। अब इस सन्नाटे की एक बेहद दर्दनाक वजह सामने आई है। दरअसल, सबा आजाद पिछले दो हफ्तों से अस्पताल में भर्ती हैं। उन्होंने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक तस्वीर साझा कर अपनी इस मुश्किल घड़ी का खुलासा किया है।
इसे भी पढ़ें- भाई की शादी में झूमे ऋतिक रोशन, बेटों रेहान-ऋदान संग डांस से लूटी महफिल, वायरल हुए फैमिली मोमेंट्स
अस्पताल से शेयर की फोटो
आपको बता दें कि, सबा आजाद, जो अपनी फिटनेस और एक्टिव लाइफस्टाइल के लिए जानी जाती हैं, उन्होंने अस्पताल से अपनी एक फोटो शेयर की है जिसमें वे काफी कमजोर नजर आ रही हैं। इस खबर ने न केवल उनके फैंस को बल्कि पूरी फिल्म इंडस्ट्री को हैरान कर दिया है। बताया जा रहा है कि इस मुश्किल समय में ऋतिक रोशन साये की तरह उनके साथ खड़े हुए हैं।

सबा आजाद ने अपनी पोस्ट के जरिए उस गंभीर बीमारी का खुलासा किया है जिसने उन्हें बिस्तर पर डाल दिया है। उन्होंने बताया कि वह ‘साइक्लोस्पोरा कैटेनेन्सिस’ नामक एक खतरनाक पेट के संक्रमण की चपेट में आ गई हैं। सबा ने अपने अनुभव को साझा करते हुए लिखा कि ये पिछले 14 दिन उनकी जिंदगी के सबसे भयानक और बुरे दिन रहे हैं।
View this post on Instagram
हैरानी की बात यह है कि, सबा हमेशा अपनी सेहत को लेकर बेहद सतर्क रहती हैं। उन्होंने बताया, मैं हमेशा घर का बना खाना खाती हूं और हर जगह अपने साथ गुनगुने पानी की बोतल रखती हूं। इतनी सावधानी बरतने के बावजूद यह संक्रमण हो गया। वह भी साल के उन दिनों में जब मैं सबसे ज्यादा व्यस्त थी। सबा की यह बात उन सभी लोगों के लिए एक चेतावनी है जो सोचते हैं कि, केवल बाहर का खाना खाने से ही बीमारियां होती हैं। यह संक्रमण फल और सब्जियों के माध्यम से शरीर में प्रवेश करता है, अगर उन्हें सही तरीके से न धोया जाए।
चलाना फिरना भी हुआ मुश्किल
सबा आजाद ने अपनी शारीरिक स्थिति के बारे में जो जानकारी दी है, वह काफी चिंताजनक है। उन्होंने बताया कि इस बीमारी की वजह से महज दो हफ्तों के भीतर उनका 4 किलो वजन कम हो गया है। सबा पहले से ही काफी स्लिम और फिट एथलीट जैसी काया वाली अभिनेत्री हैं, ऐसे में 4 किलो वजन गिरना उनके शरीर के लिए एक बड़ा झटका है।
अपनी कमजोरी का वर्णन करते हुए उन्होंने लिखा, मेरी स्थिति ऐसी है कि मैं ठीक से चल भी नहीं पा रही हूं। आमतौर पर अगर मैं दिन में दो बार एक्सरसाइज करती हूं, पुल-अप्स लगाती हूं या भारी वजन उठाती हूं, तो अगले दिन मेरा वजन थोड़ा कम होता था, लेकिन आज मेरी हालत यह है कि वजन उठाना तो दूर, मुझमें एक टूथपिक तक उठाने की ताकत नहीं बची है। उनकी इस पोस्ट से साफ झलकता है कि इस संक्रमण ने उनके शरीर की पूरी ऊर्जा सोख ली है।
फैंस को दी सलाह
अस्पताल में दर्द सहते हुए भी सबा ने अपने प्रशंसकों को एक बहुत ही महत्वपूर्ण सलाह दी है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे अपनी खाने-पीने की चीजों, विशेषकर कच्ची सब्जियों और सलाद के पत्तों को लेकर बेहद सावधान रहें। उन्होंने लिखा, कृपया अपने पेट की सेहत के लिए सलाद के पत्तों और सब्जियों को ऐसे धोएं जैसे आपकी जिंदगी इस पर निर्भर करती हो, क्योंकि कभी-कभी सचमुच ऐसा ही होता है!
View this post on Instagram
सबा ने संक्रमण से बचने का अपना नया तरीका भी साझा किया है। अब वे और उनका परिवार सब्जियों को साफ करने के लिए बेकिंग सोडा + वेजिटेबल वॉश सॉल्यूशन का इस्तेमाल कर रहे हैं। विशेषज्ञों का भी मानना है कि, साइक्लोस्पोरा जैसे पैरासाइट्स साधारण पानी से नहीं मरते, इसलिए सब्जियों की गहन सफाई अनिवार्य है।
इस पूरी दर्दनाक कहानी में एक राहत भरी खबर यह है कि ऋतिक रोशन अपनी प्रेमिका का साथ एक पल के लिए भी नहीं छोड़ रहे हैं। सबा ने बताया कि अस्पताल के बिस्तर पर उनकी जो तस्वीर वायरल हो रही है, वह खुद ऋतिक ने ही क्लिक की है। सबा ने ऋतिक की तारीफ करते हुए लिखा कि इस मुश्किल घड़ी में उन्होंने मेरे चिड़चिड़ेपन को सहा है और मुझे हमेशा खुश रखने की कोशिश की है।
सबा के अनुसार, ऋतिक हमेशा मुश्किल से मुश्किल हालात में भी हंसी-मजाक ढूंढ लेते हैं और मेरा हौसला बढ़ाते हैं। ऋतिक का यह केयरिंग अंदाज सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। प्रशंसक ऋतिक को एक परफेक्ट पार्टनर बता रहे हैं जो न केवल खुशियों में बल्कि बीमारी और कमजोरी के समय में भी सबा के साथ मजबूती से खड़े हैं।
रोशन परिवार चिंतित
अपनी बीमारी की गंभीरता के बीच भी सबा ने अपना सेंस ऑफ ह्यूमर नहीं खोया है। फोटो में वे बिस्तर पर काफी छोटी और कमजोर दिख रही हैं। इस पर सफाई देते हुए उन्होंने पोस्ट के अंत में लिखा, मैं उतनी छोटी नहीं हुई हूं जितनी इस फोटो में दिख रही हूं, दरअसल अस्पताल का बिस्तर बहुत बड़ा है और कैमरा एंगल भी थोड़ा वाइड है। उनकी इस छोटी सी हंसी ने उनके प्रशंसकों को थोड़ी राहत दी है कि वे मानसिक रूप से अभी भी मजबूत हैं।
सबा आजाद और ऋतिक रोशन का रिश्ता पिछले कुछ सालों से टॉक ऑफ द टाउन रहा है। चाहे एयरपोर्ट पर हाथ पकड़कर चलना हो या फैमिली फंक्शन्स में साथ नजर आना, दोनों ने कभी अपने रिश्ते को छुपाया नहीं है। सबा को ऋतिक के परिवार और उनके बच्चों के साथ भी अक्सर क्वालिटी टाइम बिताते देखा जाता है। ऐसे में सबा की बीमारी ने रोशन परिवार को भी चिंतित कर दिया है।
सितारे और फैंस कर रहे जल्द ठीक होने की दुआ
फिलहाल सबा आजाद डॉक्टर्स की निगरानी में हैं और धीरे-धीरे रिकवर करने की कोशिश कर रही हैं। फिल्म जगत के तमाम सितारों ने उनकी पोस्ट पर कमेंट कर उनके जल्द ठीक होने की दुआ की है। साइक्लोस्पोरा संक्रमण से उबरने में समय लगता है और शरीर को वापस उसी ऊर्जा स्तर पर लाने के लिए काफी आराम और पौष्टिक आहार की जरूरत होती है।
फैंस उम्मीद कर रहे हैं कि सबा जल्द ही अस्पताल से डिस्चार्ज होकर वापस अपनी फिट लाइफस्टाइल और ऋतिक के साथ अपने मजेदार सोशल मीडिया अपडेट्स पर लौटेंगी। यह घटना हम सभी के लिए एक सबक है कि स्वास्थ्य से बढ़कर कुछ नहीं है और छोटी सी लापरवाही भी बड़े संकट का कारण बन सकती है।
इसे भी पढ़ें- फिल्म ‘कृष 4’ पर काम ज़ोरों पर, ऋतिक रोशन की फिल्म का प्री-प्रोडक्शन काम शुरू, साल के अंत में शुरू होगी शूटिंग!



