
लखनऊ। राम मंदिर आंदोलन के प्रमुख स्तंभों में शुमार और श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास की तबीयत अचानक बिगड़ गई। बेहोशी हालत में उन्हें लखनऊ के मेदान्ता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जैसे ही उनके अनुयायियों और श्रद्धालुओं को उनके बीमार होने की खबर मिली वे चिंतित हो गये। फ़िलहाल, वे मेदांता में भर्ती हैं और उनका इलाज चल रहा है।
इसे भी पढ़ें- राम मंदिर चंदा चोरी पर CM योगी का बड़ा बयान, ‘जन आस्था से खिलवाड़ करने वालों को नहीं बक्शेंगे‘
यूरिनरी ट्रैक्ट इन्फेक्शन की समस्या
बता दें कि, 89 वर्षीय महंत नृत्य गोपाल दास को बीते 29 जून की दोपहर बेहोशी की अवस्था में अस्पताल लाया गया था, जिसने उनके भक्तों और साधु-संतों के बीच स्वाभाविक रूप से चिंता बढ़ा दी। अस्पताल पहुंचने के तुरंत बाद डॉक्टरों की टीम ने उनकी गहन जांच शुरू की।

प्रारंभिक जांच रिपोर्ट में सामने आया कि, महंत जी यूरिनरी ट्रैक्ट इन्फेक्शन (मूत्र मार्ग संक्रमण) से पीड़ित हैं, जिसकी वजह से उनकी हालत बिगड़ी। फिलहाल उनका इलाज अस्पताल के गहन चिकित्सा कक्ष यानी आईसीयू में विशेषज्ञ डॉक्टरों की कड़ी निगरानी में चल रहा है।
मेदांता अस्पताल प्रशासन की ओर से जारी किए गए आधिकारिक मेडिकल बुलेटिन में बताया गया है कि, 29 जून को दोपहर करीब 1:30 बजे महंत नृत्य गोपाल दास को गंभीर हालत में अस्पताल के इमरजेंसी विभाग में लाया गया था। उस वक्त उनकी स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने तत्काल उनका इलाज शुरू कर दिया।
समय पर इलाज न मिले तो बढ़ सकती है समस्या
अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों की टीम ने उनके सभी जरूरी टेस्ट कराये, ताकि बेहोशी के सटीक कारण का पता लगाया जा सके। जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद डॉक्टरों ने पुष्टि की कि महंत को यूरिनरी ट्रैक्ट इन्फेक्शन है, जो उम्रदराज व्यक्तियों में एक गंभीर स्वास्थ्य समस्या मानी जाती है और अगर समय पर इलाज न हो तो समस्या बढ़ सकती है।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, महंत नृत्य गोपाल दास को सुरक्षा और बेहतर इलाज के लिए उन्हें आईसीयू में रखा गया है, ताकि किसी भी आपात परिस्थिति में तुरंत आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
उनके उपचार की जिम्मेदारी अस्पताल के वरिष्ठ क्रिटिकल केयर विशेषज्ञ डॉ. दिलीप और उनकी अनुभवी मेडिकल टीम को सौंपी गई है। डॉक्टरों की यह टीम चौबीसों घंटे महंत की स्वास्थ्य स्थिति पर बारीकी से नजर बनाए हुए है और उन्हें समय-समय पर आवश्यक दवाइयां तथा चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, उनकी उम्र को देखते हुए डॉक्टर पूरी सावधानी और सतर्कता के साथ इलाज की प्रक्रिया को आगे बढ़ा रहे हैं।
6 जुलाई को होनी है ट्रस्ट की अहम बैठक
महंत नृत्य गोपाल दास सिर्फ एक धार्मिक व्यक्तित्व ही नहीं, बल्कि श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष के तौर पर एक बेहद महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी निभा रहे हैं। ऐसे में उनकी बिगड़ती तबीयत का असर ट्रस्ट की आगामी गतिविधियों पर भी पड़ता दिख रहा है।

गौरतलब है कि, ट्रस्ट की एक बेहद अहम बैठक 6 जुलाई को प्रस्तावित है, जिस पर अब सबकी निगाहें टिकी हुई हैं। यह बैठक इसलिए भी खास मानी जा रही है, क्योंकि यह ट्रस्ट के दो प्रमुख और वरिष्ठ ट्रस्टियों चंपत राय तथा अनिल मिश्रा के इस्तीफे के बाद उत्पन्न हुई परिस्थितियों पर चर्चा के लिए बुलाई गई है। इसके अलावा राम मंदिर में दान को लेकर उठे विवाद के बाद पैदा हुई स्थिति पर भी इस बैठक में विस्तार से चर्चा होनी है। इसे ट्रस्ट के भविष्य की दिशा तय करने वाली बैठक के तौर पर देखा जा रहा है।
उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रहे महंत
महंत नृत्य गोपाल दास पिछले काफी समय से उम्र संबंधी विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं। इसी वजह से वे बीते कुछ महीनों से ट्रस्ट की कई महत्वपूर्ण बैठकों में शारीरिक रूप से मौजूद रहने के बजाय वर्चुअल माध्यम से शामिल होते रहे हैं। इससे पहले भी कई मौकों पर उनकी अनुपस्थिति में ट्रस्ट की महत्वपूर्ण बैठकें आयोजित हो चुकी हैं, जिनमें वे ऑनलाइन माध्यम से जुड़े थे।
अब जबकि उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई है और वे आईसीयू में भर्ती हैं, ऐसे में 6 जुलाई को होने वाली इस महत्वपूर्ण बैठक में उनकी उपस्थिति को लेकर स्वाभाविक रूप से अनिश्चितता की स्थिति बन गई है। यह देखना अभी बाकी है कि, क्या उनकी स्वास्थ्य स्थिति में इतना सुधार हो पाएगा कि, वे बैठक में वर्चुअल रूप से भी शामिल हो सकें या फिर उनकी अनुपस्थिति में ही यह अहम बैठक संपन्न होगी।
श्रद्धालुओं ने शुरू की प्रार्थना
राम मंदिर निर्माण से जुड़े इस ट्रस्ट में पिछले कुछ समय से कई महत्वपूर्ण घटनाक्रम देखने को मिले हैं, जिसमें प्रमुख ट्रस्टियों के इस्तीफे और दान को लेकर उठे विवाद प्रमुख हैं। ऐसे संवेदनशील समय में ट्रस्ट के अध्यक्ष की अनुपस्थिति या उनकी बीमारी की खबर स्वाभाविक रूप से आंदोलन से जुड़े लोगों और अनुयायियों के बीच चिंता का विषय बन गई है।

महंत नृत्य गोपाल दास न सिर्फ राम मंदिर आंदोलन के शुरुआती दौर से जुड़े प्रमुख संतों में गिने जाते हैं, बल्कि उन्हें अयोध्या के धार्मिक और सामाजिक जीवन में भी एक विशेष सम्मान प्राप्त है। ऐसे में उनकी सेहत को लेकर देशभर के श्रद्धालु और संत समाज लगातार प्रार्थनाएं कर रहे हैं और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। फिलहाल सभी की निगाहें अस्पताल से आने वाले अगले मेडिकल बुलेटिन और उनकी सेहत में होने वाले सुधार पर टिकी हुई हैं।
इसे भी पढ़ें- चंदा चोरी के आरोप पर विपक्ष को सीएम का जबाव, SIT की जांच में सब हो जाएगा साफ



