ONGC Gas Leak: आंध्र प्रदेश में गैस रिसाव से हड़कंप, कई जगह लगी आग, इलाका खाली कराया गया

अंबेडकर कोनासीमा (आंध्र प्रदेश)। आंध्र प्रदेश के अंबेडकर कोनासीमा जिले में ओएनजीसी (ONGC) की गैस पाइपलाइन से रिसाव होने के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। राजोलु टाउन के इरुसुमांडा गांव और मलिकिपुरम मंडल में गैस के तेज रिसाव के चलते कई स्थानों पर आग लग गई। आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठती देख स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई।

गैस लीक के बाद हालात बेकाबू, प्रशासन अलर्ट

गैस रिसाव की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने ONGC अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद प्रशासन, पुलिस और ओएनजीसी की टीमें मौके पर पहुंचीं। हालात को देखते हुए एहतियातन आसपास के इलाकों को खाली कराने के आदेश दिए गए हैं। प्रशासन स्थिति को नियंत्रित करने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।

फायर ब्रिगेड और ONGC की टीम आग बुझाने में जुटी

फायर डिपार्टमेंट के अधिकारी बालकृष्ण ने बताया कि मलिकिपुरम मंडल के इरुसुमांडा गांव में गैस लीक की पुष्टि हुई है। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, पुलिस और ONGC की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। गांव में डर का माहौल है और लोग अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर जा रहे हैं।

तीन गांवों में बिजली और गैस सप्लाई ठप

सुरक्षा के मद्देनज़र तीन आसपास के गांवों में बिजली और गैस आपूर्ति बंद कर दी गई है। ओएनजीसी की तकनीकी टीम घटनास्थल पर मौजूद है और गैस रिसाव को बंद करने का प्रयास किया जा रहा है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।

Related Articles

Back to top button