महंगाई को लेकर मेयर अनिता शर्मा ने साधा भाजपा सरकार पर निशाना

हरिद्वार। ज्वालापुर के वार्ड 21 के शांति विहार में आयोजित कांग्रेस की बैठक के दौरान कई लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ली। कांग्रेस में शामिल हुए लोगों का मेयर अनिता शर्मा ने स्वागत किया।

इस अवसर पर मेयर ने महंगाई को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार महंगाई पर रोक लगाने में नाकाम साबित हो रही है। महीने में दो-दो बार रसोई गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाए जा रहे हैं। कांग्रेस राज में चार सौ रुपये में मिलने वाले एलपीजी सिलेंडर के दाम एक हजार के आसपास पहुंच गए हैं जिसका सीधा असर महिलाओं पर पड़ रहा है। प्रत्येक माह गैस के दाम बढ़ने से रसोई का पूरा बजट बिगड़ जाता है। आम जरूरत की प्रत्येक वस्तु के दाम निरंतर बढ़ रहे हैं।

पूर्व राज्यमंत्री डॉ. संजय पालीवाल ने कहा कि भाजपा सरकार की जन विरोधी नीतियों से जनता का विश्वास कांग्रेस के प्रति बढ़ रहा है।

महानगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने कहा कि भाजपा सरकार के विकास कार्यों की रोजाना पोल खुल रही है। सड़कें धंस रही हैं, पुल गिर रहे हैं। उपस्थित जनता का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को जीत दिलाकर एक अच्छी सरकार बनवाने में मदद करें।

Related Articles

Back to top button