
भारी बरसात के बावजूद बुधवार को पिलखुवा में आयोजित जनसभा में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी को सुनने के लिए भारी भीड़ उमड़ पड़ी। यह देख कर भाजपाइयों के चेहरे खिल उठे। सभास्थल पर मुस्लिम समुदाय के पुरुषों और महिलाओं की भी काफी उपस्थिति रही।

योगी आदित्यनाथ ने जनसभा को किया संबोधित
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यानाथ ने बुधवार को जनपद के पिलखुवा-धौलाना मार्ग पर एक जनसभा को सम्बोधित किया। उन्होंने जनपद में 342 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की योजनाओं का लोकार्पण भी किया। बुधवार को सुबह से पड़ रही भारी बरसात के कारण जनसभा स्थल में पानी भरने के कारण कीचड़ हो जाने के बाद प्रशासन की चिंता बढ़ गई थी। परन्तु मुख्यमन्त्री के आगमन से लगभग बीस मिनट पहले बरसात बन्द हो जाने के कारण भाजपाइयों और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
मुख्यमंत्री योगी का हेलीकॉप्टर हेलिपेड पर उतरने से पहले सभास्थल खचाखच भर चुका था। हालांकि लोगों को जनसभा के लिए लगाए गए पंडाल में पहुंचने के लिए काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। पंडाल तक पहुंचने के लिए लोगों को कीचड़ से गुजर कर जाना पड़ा। इस कारण अधिकतर लोगों के कपड़े कीचड़ से गंदे हो चुके थे। इसके बावजूद लोगों में योगी आदित्यनाथ को सुनने का काफी उत्साह देखा गया। कीचड़ की परवाह किए बिना लोग पंडाल में पहले पहुंचने के लिए प्रयासरत थे।
काफी बरसात होने और सभास्थल खेती की जा रही भूमि में बनाए जाने के कारण चारों ओर कीचड़ का साम्राज्य था। जनसभा में मुस्लिम वर्ग की काफी उपस्थिति होने के कारण भी भाजपा के पदाधिकारी काफी उत्साहित थे।



