महाराज ने एयरपोर्ट पर न्यू टर्मिनल बिल्डिंग का औचक किया निरीक्षण

देहरादून। प्रदेश के पर्यटन, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने बुधवार को जौली ग्रांट एयरपोर्ट के विस्तारीकरण के लिए बने न्यू टर्मिनल बिल्डिंग परिसर का औचक निरीक्षण किया।

महाराज ने निर्माण के दौरान होने वाली अनेक खामियों की ओर ध्यान आकर्षित करवाते हुए एयरपोर्ट अथॉरिटी अधिकारियों को उन्हें दुरुस्त करने के भी निर्देश दिए। इसका 7 अक्टूबर को लोकार्पण होना है।

उन्होंने ने पर्यटन अधिकारियों को पर्यटन की दृष्टि से भी उसे और अधिक अपनी संस्कृति के अनुरूप संवारने करने को कहा। सतपाल महाराज ने कहा कि न्यू टर्मिनल बिल्डिंग परिसर में वैदिक मंत्रों के साथ-साथ गंगा, यमुना और सरयू जैसी पवित्र नदियों की स्तुति से संबंधित चित्रण किया जाना चाहिए। परिसर में गायत्री मंत्र, महामृत्युंजय मंत्र सहित ऋग्वेद एवं यजुर्वेद की ऋचाओं को भी अंकित करना चाहिए ताकि विश्व से आने वाला पर्यटक इस देवभूमि से एक आध्यात्मिक संदेश लेकर जाए।

उन्होंने कहा कि न्यू टर्मिनल बिल्डिंग परिसर में बाहर से आने वाले यात्रियों के लिए गढ़वाली एवं अंग्रेजी भाषाओं में स्वागत संदेश भी अंकित होना चाहिए। उन्होंने पर्यटन अधिकारियों को निर्देश दिए कि न्यू बिल्डिंग परिसर में ट्रैकिंग, पैराग्लाइडिंग एवं राफ्टिंग आदि के काउंटर लगने चाहिए।

पर्यटन मंत्री ने एयरपोर्ट की नई बिल्डिंग में चारधाम चित्रण में हुई त्रुटि के विषय में भी अधिकारियों को बताया। बच्चों के लिए शौचालय की अतिरिक्त व्यवस्था को लेकर भी उन्होंने एयरपोर्ट अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस मौके पर सचिव पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन दिलीप जावलकर, एसडीएम डोईवाला मुक्ता मिश्रा, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी कमलेश मेहता, एयरपोर्ट डायरेक्टर प्रभाकर मिश्रा, संयुक्त निदेशक पर्यटन विवेक चौहान सहित संस्कृति विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button