Iran-US War: राष्ट्रपति पेजेशकियन का संदेश- दबाव में नहीं झुकेंगे, बोले- ‘पड़ोसी देशों पर नहीं करेंगे हमला’

तेहरान। पश्चिम एशिया में यूएस-ईरान युद्ध का तनाव चरम पर पहुंच गया है। ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने शनिवार को राज्य टीवी पर प्रसारित एक रिकॉर्डेड संदेश में अमेरिका की बिना शर्त आत्मसमर्पण की मांग को पूरी तरह ठुकरा दिया है। उन्होंने कहा कि ऐसी उम्मीद रखना एक ऐसा सपना है जो कभी पूरा नहीं होने वाला। ईरान किसी भी दबाव के आगे नहीं झुकेगा।

इसे भी पढ़ें-तेहरान से सुरक्षित निकाले गए भारतीय छात्र, दूतावास ने  ‘कोम’ शहर में किया शिफ्ट

 पड़ोसी देशों से मांगी माफी 

इसके साथ ही पेजेशकियन ने खाड़ी के पड़ोसी देशों बहरीन, सऊदी अरब, युएई पर हाल के हमलों के लिए खेद व्यक्त किया और स्पष्ट किया कि ईरान अब इन देशों पर हमला नहीं करेगा, जब तक ईरान पर हमले के लिए उनकी जमीन का इस्तेमाल न किया जाये।  ईरानी मीडिया के अनुसार, ईरान की अंतरिम नेतृत्व परिषद ने कल इस फैसले को मंजूरी दी है।

Iran-US War

राष्ट्रपति पेजेशकियन ने कहा कि, हाल के हमले गलतफहमी और कमांड चेन में व्यवधान के कारण हुए, क्योंकि सुप्रीम लीडर अली खामेनेई और कई वरिष्ठ कमांडरों की मौत के बाद सैन्य बलों ने स्वतंत्र रूप से कार्रवाई की। उन्होंने पड़ोसी देशों से माफी मांगी और कहा कि, तेहरान आगे ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए हर संभव प्रयास करेगा। यह बयान ऐसे समय आया जब शनिवार सुबह बहरीन, सऊदी अरब और युएई पर ईरानी ड्रोन-मिसाइल हमलों की खबरें आईं, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल है।

4-6 सप्ताह तक चल सकता है युद्ध

अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने फॉक्स न्यूज से बातचीत में कहा कि आज रात ईरान पर अब तक का सबसे बड़ा हमला होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस हमले का मुख्य लक्ष्य ईरान के मिसाइल लॉन्चर और मिसाइल उत्पादन फैक्ट्रियों को भारी नुकसान पहुंचाना है। बेसेंट ने कहा कि, ईरान अब सैन्य हार के बाद आर्थिक अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहा है, लेकिन अमेरिका और उसके सहयोगी इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे।

व्हाइट हाउस के अनुसार, अमेरिका-इजराइल संयुक्त अभियान में ईरान की बैलिस्टिक मिसाइल क्षमता को नष्ट करने पर फोकस है, और ये हमले 4-6 सप्ताह तक चल सकते हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पहले ही ईरान से बिना शर्त सरेंडर की मांग की है और कहा है कि, कोई डील नहीं होगी जब तक ईरान आत्मसमर्पण नहीं करता। ट्रंप ने ईरानी सैन्य बलों से हथियार डालने और अमेरिका को सहयोग करने की अपील की है, साथ ही ईरानी राजनयिकों से शरण मांगने को कहा है ताकि नये और बेहतर ईरान का निर्माण हो सके।

पुतिन-पेजेशकियन बातचीत

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन से फोन पर बात की। पुतिन ने क्षेत्रीय संघर्ष को तुरंत रोकने और शांति की दिशा में कदम उठाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ईरान से जुड़े विवादों का समाधान बल प्रयोग से नहीं, बल्कि राजनीतिक और कूटनीतिक रास्तों से होना चाहिए। पुतिन ने सभी पक्षों से संयम बरतने और संवाद के जरिए समाधान तलाशने की अपील की। यह बातचीत ऐसे समय हुई जब रूस ईरान को खुफिया जानकारी प्रदान करने के आरोपों का सामना कर रहा है, हालांकि मॉस्को ने इसे खारिज किया है।

अरब लीग की आपात बैठक

ईरानी हमलों के बाद अरब लीग के विदेश मंत्री रविवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए आपात बैठक करेंगे। सऊदी अरब, कुवैत, कतर, ओमान, जॉर्डन और मिस्र ने संयुक्त रूप से इस बैठक की मांग की है। बैठक में बहरीन, सऊदी अरब और UAE पर हुए हमलों और क्षेत्रीय सुरक्षा पर चर्चा होगी। अरब लीग के सहायक महासचिव हुसाम जाकी ने कहा कि तत्काल सामूहिक रुख तय करना जरूरी है।

Iran-US War

28 फरवरी से शुरू हुए इस युद्ध में ईरान ने इजराइल और पश्चिम एशिया के 13 देशों को निशाना बनाया है। अमेरिका-इजराइल ने ईरान के परमाणु और मिसाइल ठिकानों पर हमले तेज किए हैं। हाल के दिनों में ईरान ने गल्फ देशों पर ड्रोन-मिसाइल हमले किए, जिसे अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बताते हुए किया गया। एक रिपोर्ट के अनुसार, ईरान अमेरिकी एयर डिफेंस सिस्टम को कमजोर करने की कोशिश कर रहा है। युद्ध के कारण तेल की कीमतें रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई हैं, वैश्विक अर्थव्यवस्था प्रभावित हो रही है।

भयावह हो सकती है स्थिति

अमेरिका ने इजराइल को नई हथियार डील मंजूर की है। ईरान के सुप्रीम लीडर अली खामेनेई और कई कमांडरों की मौत के बाद अंतरिम नेतृत्व परिषद संभाल रही है। ईरान का यह बयान पड़ोसी देशों को शांत करने की कोशिश लगती है, लेकिन अमेरिका की ओर से बड़े हमले की चेतावनी से स्थिति और भयावह हो सकती है। अंतरराष्ट्रीय समुदाय संयम और कूटनीति की अपील कर रहा है, लेकिन युद्ध का विस्तार रोकना मुश्किल लग रहा है।

 

इसे भी पढ़ें- ईरान-अमेरिका-इजरायल युद्ध तेज, तेहरान में जोरदार धमाके, खाड़ी शहरों में बज रहे एयर रेड सायरन

Related Articles

Back to top button