
जयपुर। इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के रोमांच के बीच अनुशासन को लेकर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने एक सख्त संदेश दिया है। जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेले गए हाई-वोल्टेज मुकाबले में दिल्ली के तेज गेंदबाज काइल जेमीसन को अपनी आक्रामकता की भारी कीमत चुकानी पड़ी।
इसे भी पढ़ें- IPL 2026: इंजरी से पस्त CSK को अश्विन की बड़ी सलाह, RCB से ‘लोन’ पर ले लो खिलाड़ी
कोड ऑफ कंडक्ट की कार्रवाई
उभरते हुए सितारे और राजस्थान के तूफानी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को आउट करने के बाद जेमीसन द्वारा किया गया बर्ताव बीसीसीआई को रास नहीं आया, जिसके बाद मैच रेफरी ने उन पर कोड ऑफ कंडक्ट के उल्लंघन के तहत बड़ी कार्रवाई की है। यह घटना सोशल मीडिया पर भी काफी चर्चा बटोर रही है, जहां क्रिकेट प्रेमी खेल भावना और आक्रामकता की सीमाओं पर बहस कर रहे हैं।

मैच के दौरान यह पूरा घटनाक्रम राजस्थान रॉयल्स की पारी के दूसरे ओवर में शुरू हुआ। दिल्ली कैपिटल्स की ओर से गेंदबाजी की कमान संभाल रहे कीवी तेज गेंदबाज काइल जेमीसन के सामने वैभव सूर्यवंशी थे। सूर्यवंशी, जो इस सीजन में बल्ले से कोहराम मचा रहे हैं, उन्होंने पहली ही गेंद पर शानदार चौका जड़कर अपने इरादे साफ कर दिए थे।
भारी पड़ा जश्न मनाना
हालांकि, अगली ही गेंद पर जेमीसन ने अपनी रफ्तार और सटीक लाइन-लेंथ से सूर्यवंशी को गच्चा दिया और उन्हें क्लीन बोल्ड कर दिया। विकेट लेने के बाद जेमीसन ने जिस तरह से जश्न मनाया, उसने विवाद को जन्म दिया। जेमीसन आउट होकर वापस लौट रहे वैभव के काफी करीब चले गए और उनकी आंखों में आंखें डालकर लगातार तालियां बजाईं और कुछ कमेंट्स भी किए। वैभव सूर्यवंशी भी इस दौरान उन्हें घूरते हुए नजर आए, जिससे मैदान पर तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई।
बीसीसीआई और मैच रेफरी राजीव सेठ ने इस घटना को गंभीरता से लिया है। काइल जेमीसन को आईपीएल की आचार संहिता की धारा 2.5 के उल्लंघन का दोषी पाया गया है। यह धारा मुख्य रूप से उन इशारों, हरकतों या भाषा से संबंधित है जो आउट होकर जा रहे बल्लेबाज को आक्रामक प्रतिक्रिया देने के लिए उकसा सकती है।
जेमीसन पर लेवल-1 का आरोप लगाया गया और उन्हें चेतावनी देने के साथ-साथ एक डिमेरिट पॉइंट भी दिया गया है। दिल्ली कैपिटल्स के इस तेज गेंदबाज ने अपनी गलती स्वीकार कर ली है और मैच रेफरी द्वारा सुनाई गई सजा को मान लिया है। आईपीएल जैसे बड़े मंच पर इस तरह की सजा खिलाड़ियों को यह याद दिलाने के लिए काफी है कि जोश में होश खोना भारी पड़ सकता है।
वैभव से थी उम्मीद
मैच की बात करें, तो राजस्थान रॉयल्स के लिए यह दिन कुछ खास नहीं रहा। अपने घरेलू मैदान पर खेलते हुए टीम को दिल्ली कैपिटल्स के हाथों 7 विकेट से करारी शिकस्त झेलनी पड़ी। स्टार बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी, जिनसे जयपुर के दर्शकों को एक बड़ी पारी की उम्मीद थी, वह महज 2 गेंदों में 4 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
हालांकि, इस एक विफलता के बावजूद आईपीएल 2026 में वैभव का जलवा बरकरार है। वह अब तक खेले गए 10 मैचों में 404 रन बना चुके हैं और ऑरेंज कैप की रेस में चौथे स्थान पर काबिज हैं। दूसरी ओर, दिल्ली कैपिटल्स ने इस जीत के साथ पॉइंट्स टेबल में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है, लेकिन जेमीसन पर हुई इस कार्रवाई ने टीम की जीत के जश्न में अनुशासन का एक कड़ा सबक भी जोड़ दिया है।
इसे भी पढ़ें- IPL 2026: मुश्किल में CSK, खलील अहमद हुए बाहर, अब इन दो खिलाड़ियों पर जीत का जिम्मा



