
चेन्नई। इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन में इस समय मैदान पर जितनी कड़ी टक्कर खिलाड़ियों के बीच देखने को मिल रही है, उतनी ही माथापच्ची मैदान के बाहर टीम मैनेजमेंट और रणनीतिकारों के बीच चल रही है। पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के लिए यह सीजन फिलहाल चुनौतियों भरा साबित हो रहा है, खासकर तब जब टीम के अहम खिलाड़ी चोटिल होकर बाहर हो रहे हैं।
इसे भी पढ़ें- IPL 2026: मुश्किल में CSK, खलील अहमद हुए बाहर, अब इन दो खिलाड़ियों पर जीत का जिम्मा
इस खिलाड़ी को ‘लोन’ पर लेने की सलाह
इस बीच, भारतीय टीम के दिग्गज स्पिनर और खेल की बारीकियों को समझने वाले रविचंद्रन अश्विन ने चेन्नई सुपर किंग्स की मुश्किलों को देखते हुए एक ऐसा मास्टरप्लान सुझाया है, जो आईपीएल के अब तक के इतिहास में कभी नहीं हुआ। अश्विन का मानना है कि, चेन्नई को अपनी बल्लेबाजों की कमी को पूरा करने के लिए अपने सबसे बड़े प्रतिद्वंद्वी, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के दरवाजे पर दस्तक देनी चाहिए और उनके युवा सितारे विहान मल्होत्रा को ‘लोन’ पर लेना चाहिए।

चेन्नई सुपर किंग्स के लिए मुश्किलों का दौर 21 अप्रैल को तब और बढ़ गया जब सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ हुए हाई-वोल्टेज मुकाबले में उनके युवा सलामी बल्लेबाज आयुष म्हात्रे हैमस्ट्रिंग इंजरी का शिकार हो गए। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद यह साफ हो गया है कि, म्हात्रे अब पूरे सीजन मैदान में नहीं उतर पाए। यह सीएसके के लिए एक बड़ा मनोवैज्ञानिक और तकनीकी झटका है, क्योंकि म्हात्रे ने सीजन की शुरुआत में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से टीम को मजबूत शुरुआत दी थी।
प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं विहान
अब जब टीम को एक विश्वसनीय रिप्लेसमेंट की सख्त जरूरत है, तब अश्विन ने सोशल मीडिया के माध्यम से एक बेहद दिलचस्प और व्यावहारिक समाधान पेश किया है। अश्विन ने याद दिलाया कि, आईपीएल में लोन विंडो सातवें मैच के बाद बंद हो जाती है, ऐसे में सीएसके के पास अभी भी बहुत कम समय बचा है कि, वह किसी दूसरी फ्रेंचाइजी के बेंच स्ट्रेंथ का लाभ उठा सके।
अश्विन ने विशेष रूप से RCB के अंडर-19 वर्ल्ड कप स्टार विहान मल्होत्रा का नाम लिया है। अश्विन के अनुसार, विहान एक अत्यंत प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं, जिन्होंने भारत को अंडर-19 का खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई थी, लेकिन फिलहाल बेंगलुरु की मजबूत प्लेइंग इलेवन में उन्हें जगह नहीं मिल पा रही है।
अश्विन का तर्क है कि, चूंकि विहान ने इस सीजन में अब तक एक भी मैच नहीं खेला है, इसलिए वह आईपीएल के लोन नियमों के तहत पूरी तरह फिट बैठते हैं। अश्विन ने यहां तक कहा कि यदि किसी कारणवश विहान उपलब्ध नहीं होते हैं, तो टीम इंडिया के अंडर-19 विकेटकीपर बल्लेबाज अभिज्ञान कुंडू पर भी दांव लगाया जा सकता है। कुंडू बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं और उनमें भविष्य का सुपरस्टार बनने की पूरी काबिलियत है।
उठने लगे सवाल
हालांकि, आईपीएल प्रशंसकों के मन में यह सवाल उठना लाजिमी है कि, क्या चेन्नई और बेंगलुरु जैसी दो प्रतिद्वंद्वी टीमें आपस में खिलाड़ियों का आदान-प्रदान करेंगी? इस पर अश्विन ने बड़ी बेबाकी से अपना पक्ष रखा है। उन्होंने सोशल मीडिया पर प्रशंसकों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि, वर्तमान स्थिति में आरसीबी प्लेऑफ की दौड़ में काफी सुरक्षित और मजबूत स्थिति में नजर आ रही है, जबकि सीएसके इस समय उनके लिए कोई सीधा खतरा पैदा नहीं कर रही है।
अश्विन के मुताबिक, यह आरसीबी के लिए एक फायदे का सौदा हो सकता है क्योंकि एक तरफ तो उन्हें खिलाड़ी को लोन पर देने के बदले अतिरिक्त राजस्व प्राप्त होगा। वहीं, दूसरी तरफ उनके युवा खिलाड़ी को मैदान पर खेलने का वह अनुभव मिलेगा, जो बेंच पर बैठे रहने से कभी नहीं मिल सकता। कुछ मैचों के अनुभव के बाद वह खिलाड़ी वापस अपनी मूल टीम में लौट जाएगा, जिससे खिलाड़ी की मैच फिटनेस भी बनी रहेगी।
फिर चर्चा में आया ‘लोन’ सिस्टम
इस पूरे घटनाक्रम ने आईपीएल के ‘लोन सिस्टम’ को एक बार फिर चर्चा के केंद्र में ला दिया है। गौर करने वाली बात यह है कि दुनिया की सबसे अमीर टी-20 लीग में यह नियम 2018 में ही पेश किया गया था, लेकिन हैरानी की बात यह है कि अब तक सात सालों में किसी भी टीम ने इसका उपयोग नहीं किया है। शुरुआत में यह नियम केवल अनकैप्ड खिलाड़ियों तक सीमित था, लेकिन 2019 में इसमें संशोधन कर कैप्ड खिलाड़ियों को भी इसके दायरे में लाया गया।

नियम के मुताबिक, कोई भी खिलाड़ी, जो अपनी मौजूदा टीम के लिए दो या उससे कम मैच खेल चुका हो, वह दूसरी टीम के लिए लोन पर जा सकता है। हालांकि, इसमें एक अनिवार्य शर्त यह है कि वह खिलाड़ी अपनी मूल टीम (इस मामले में आरसीबी) के खिलाफ मैदान पर नहीं उतर सकेगा।
बेस प्राइस पर खरीदे गए हैं विहान
विहान मल्होत्रा की बात करें, तो उन्हें आईपीएल 2026 की नीलामी में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 30 लाख रुपये की बेस प्राइस पर खरीदा था। अंडर-19 स्तर पर उनके आंकड़े गवाही देते हैं कि, वह किसी भी टीम के लिए मैच विनर साबित हो सकते हैं। उन्होंने टूर्नामेंट के 7 मैचों में 240 रन बनाने के साथ-साथ अपनी फिरकी से 5 महत्वपूर्ण विकेट भी चटकाए थे। ऐसे में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए वह एक ‘टू-इन-वन’ विकल्प साबित हो सकते हैं।
आमतौर पर आईपीएल टीमें चोटिल खिलाड़ियों के बदले सीधे नए रिप्लेसमेंट की घोषणा करती हैं, लेकिन अश्विन का यह लोन मॉडल अगर हकीकत बनता है, तो यह आईपीएल के आगामी सीजन के लिए एक नई परंपरा की शुरुआत कर सकता है। अब सबकी निगाहें चेन्नई सुपर किंग्स के मैनेजमेंट पर टिकी हैं कि क्या वे अश्विन के इस लीक से हटकर दिए गए सुझाव पर अमल करते हैं या फिर किसी अन्य विकल्प की तलाश करते हैं।
इसे भी पढ़ें- IPL 2026: मुश्किल में CSK, खलील अहमद हुए बाहर, अब इन दो खिलाड़ियों पर जीत का जिम्मा



