एक्सपर्ट्स की सलाह, दिमाग को हेल्दी और एक्टिव रखने के लिए डाइट में शामिल करें ये फूड्स

शरीर के सभी अंगों में दिमाग सबसे महत्वपूर्ण और जटिल अंगों में से एक माना जाता है। सोचने, समझने, सीखने, याद रखने से लेकर रोजमर्रा के तमाम जरूरी कामकाज को नियंत्रित करने तक सारा काम दिमाग को ही करना पड़ता है। यही वजह है कि ये हर पल सक्रिय रहता है। ऐसे में दिमाग की सेहत का ख्याल रखना भी उतना ही जरूरी है, जितना शरीर के किसी अन्य अंगों का। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, हमारी रोजमर्रा की जीवनशैली का सीधा असर मस्तिष्क के स्वास्थ्य पर पड़ता है। इसमें खानपान की भूमिका सबसे अहम मानी जाती है।

इसे भी पढ़ें- सावधान! गांजा और तंबाकू का सेवन करने वालों को मिल रहा उम्र का दर्द, सिकुड़ रहा दिमाग

डाइट में शामिल करें पौष्टिक चीजें

हेल्थ एक्सपर्ट्स कहते हैं कि, डाइट में सही और पौष्टिक चीजों को शामिल करने से शरीर को वे जरूरी पोषक तत्व मिलते हैं, जो दिमाग को स्वस्थ और सक्रिय बनाए रखने में मदद करते हैं। ऐसे कई खाद्य पदार्थ हैं, जिनमें ओमेगा-3 फैटी एसिड, एंटीऑक्सीडेंट, विटामिन और अन्य महत्वपूर्ण पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो मस्तिष्क के स्वास्थ्य के लिए विशेष रूप से लाभकारी माने जाते हैं।

Brain Health

स्वास्थ्य विशेषज्ञों की मानें तो सिर्फ किसी एक खाद्य पदार्थ पर निर्भर रहने के बजाय अलग-अलग प्रकार की स्वास्थ्यवर्धक चीजों को डाइट का नियमित हिस्सा बनाना अधिक फायदेमंद होता है।

आइए विस्तार से जानते हैं कि दिमाग को स्वस्थ और सक्रिय बनाए रखने के लिए किन खाद्य पदार्थों को डाइट में शामिल करना चाहिए, साथ ही मस्तिष्क की बेहतर सेहत के लिए किन आदतों को अपनाना जरूरी है।

फैटी फिश दिमाग के लिए फायदेमंद

स्वास्थ्य वेबसाइट हेल्थलाइन में लिखी एक पोस्ट के अनुसार, मस्तिष्क की अच्छी सेहत के लिए फैटी फिश जैसे सैल्मन और सार्डिन को डाइट में शामिल करना लाभकारी माना जाता है। इन मछलियों में प्रचुर मात्रा में ओमेगा-3 फैटी एसिड पाया जाता है, जो मस्तिष्क की कोशिकाओं यानी ब्रेन सेल्स के समुचित विकास और कामकाज के लिए बेहद आवश्यक तत्व है। एक्सपर्ट्स कहते हैं कि, नियमित रूप से फैटी फिश का सेवन करने से याददाश्त और सोचने-समझने की क्षमता को बेहतर बनाए रखने में मदद मिल सकती है।

अखरोट और बेरीज भी हैं कारगर

फैटी फिश के अलावा अखरोट भी मस्तिष्क के लिए एक बेहतरीन विकल्प माना जाता है। अखरोट में भी ओमेगा-3 फैटी एसिड के साथ-साथ एंटीऑक्सीडेंट भी पाए जाते हैं, जो ब्रेन सेल्स को सुरक्षित रखने में सहायक होते हैं। इसके अलावा ब्लूबेरी और स्ट्रॉबेरी जैसी बेरीज को भी दिमाग के लिए फायदेमंद बताया गया है। इन बेरीज में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट तत्व मस्तिष्क की कोशिकाओं को होने वाले संभावित नुकसान से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। रोजाना की डाइट में मुट्ठीभर बेरीज और कुछ अखरोट शामिल करना दिमागी सेहत के लिए एक आसान और असरदार तरीका हो सकता है।

अंडा, हरी सब्जियां और अन्य जरूरी खाद्य पदार्थ

अंडे को भी मस्तिष्क के स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण खाद्य पदार्थ माना गया है, क्योंकि इसमें कोलीन नामक पोषक तत्व पाया जाता है, जो दिमाग के सुचारू कामकाज के लिए आवश्यक है। इसके अलावा पालक और ब्रोकली जैसी हरी पत्तेदार सब्जियों में फोलेट, विटामिन के और अन्य महत्वपूर्ण पोषक तत्व प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं, जो मस्तिष्क के लिए फायदेमंद साबित होते हैं। इनके अतिरिक्त कद्दू के बीज और डार्क चॉकलेट को भी ब्रेन हेल्थ के लिए लाभकारी माना गया है।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सलाह है कि इन सभी खाद्य पदार्थों को संतुलित मात्रा में नियमित रूप से डाइट में शामिल किया जाना चाहिए, ताकि मस्तिष्क को जरूरी पोषण लगातार मिलता रहे।

सिर्फ डाइट ही नहीं, ये आदतें भी हैं जरूरी

एक्सपर्ट्स कहते हैं कि, दिमाग को स्वस्थ और सक्रिय बनाए रखने के लिए सिर्फ सही खानपान पर ध्यान देना ही काफी नहीं है, बल्कि इसके साथ कुछ जरूरी आदतों को भी अपनी जीवनशैली में शामिल करना आवश्यक है। इनमें सबसे पहला स्थान पर्याप्त और अच्छी नींद का आता है।  नींद के दौरान मस्तिष्क को आराम मिलता है, जिससे शरीर खुद को बेहतर तरीके से संभालने और रिकवर करने में सक्षम हो पाता है। इसलिए रोजाना पर्याप्त नींद लेना बेहद जरूरी माना जाता है।

इसके साथ ही रोजाना कुछ समय वॉकिंग, एक्सरसाइज या अन्य किसी शारीरिक गतिविधि के लिए जरूर निकालना चाहिए। नियमित शारीरिक गतिविधि न केवल शरीर बल्कि दिमाग के लिए भी फायदेमंद साबित होती है। इसके अलावा तनाव को कम करने के लिए मेडिटेशन, योग या अपनी पसंद की किसी भी गतिविधि को अपनाया जा सकता है, जिससे मानसिक तनाव पर नियंत्रण रखने में मदद मिलती है।

टहलना जरूरी

विशेषज्ञों की सलाह है कि लंबे समय तक एक ही जगह बैठे रहने के बजाय बीच-बीच में उठकर थोड़ा टहलना चाहिए, इससे शरीर में रक्त संचार बेहतर बना रहता है, जिसका सीधा फायदा मस्तिष्क को भी मिलता है। इसके साथ ही धूम्रपान और अत्यधिक मात्रा में शराब के सेवन से परहेज करना भी ब्रेन हेल्थ के लिए बेहद जरूरी माना जाता है, क्योंकि ये आदतें मस्तिष्क की कोशिकाओं को नुकसान पहुंचा सकती हैं।

इसके अतिरिक्त शरीर में पानी की पर्याप्त मात्रा बनाए रखना भी जरूरी है, इसलिए दिनभर में पर्याप्त पानी पीना चाहिए। साथ ही डाइट में अलग-अलग तरह के हेल्दी और पौष्टिक खाद्य पदार्थों को शामिल करना चाहिए, ताकि शरीर को सभी जरूरी पोषक तत्व संतुलित मात्रा में मिलते रहें।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों की मानें तो दिमाग की अच्छी सेहत बनाए रखने के लिए सही खानपान के साथ-साथ स्वस्थ जीवनशैली अपनाना भी उतना ही जरूरी है। फैटी फिश, अखरोट, बेरीज, अंडे, हरी सब्जियां, कद्दू के बीज और डार्क चॉकलेट जैसे पौष्टिक खाद्य पदार्थों को नियमित डाइट का हिस्सा बनाकर, साथ ही पर्याप्त नींद, नियमित शारीरिक गतिविधि, तनाव प्रबंधन और स्वस्थ आदतों को अपनाकर मस्तिष्क को लंबे समय तक स्वस्थ और सक्रिय बनाए रखा जा सकता है।

 

इसे भी पढ़ें- दिमाग की नसें हिला देंगी ओटीटी पर मौजूद ये 7 सस्पेंस थ्रिलर फिल्में

Related Articles

Back to top button