
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में इन दिनों गर्मी कहर बरपा रही है। सूरज की तपिश इतनी भयंकर है कि, लोगों का घरों से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है। सड़कें सुनसान हैं, बाज़ार वीरान पड़े हैं। हर कोई बस एक ही चीज़ का इंतज़ार कर रहा है, वह है बारिश। अब मौसम विभाग से आई एक जानकारी ने हर किसी के चेहरे पर मुस्कान ला दी है। दरअसल, आईएमडी ने उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तेज़ आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार बारिश का यह दौर आज से शुरू होकर 1 जुलाई तक जारी रहेगा। इसके साथ ही उम्मीद जताई जा रही है जल्द ही मानसून भी यूपी में दस्तक देगा।
इसे भी पढ़ें- यूपी में हीटवेव का प्रकोप, लखनऊ सहित 14 जिलों में अलर्ट, कब होगी बारिश?
इन जिलों में होगी बारिश
मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि, बारिश का यह सिलसिला केवल एक-दो जिलों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यह पश्चिमी उत्तर प्रदेश से लेकर पूर्वी उत्तर प्रदेश तक पूरे प्रदेश को समेटेगा।

पश्चिमी यूपी के मेरठ, गाजियाबाद, गौतम बुद्ध नगर (नोएडा), बुलंदशहर, बागपत, हापुड़, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, मुरादाबाद, रामपुर, बिजनौर, अमरोहा, संभल, आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, अलीगढ़, हाथरस, कासगंज, एटा, बरेली, बदायूं, पीलीभीत और शाहजहांपुर जैसे प्रमुख जिलों में बारिश होने का अनुमान है। यानी राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र से सटे नोएडा और गाजियाबाद से लेकर आगरा और मथुरा तक यानी पूरे पश्चिमी यूपी को इस बारिश से राहत मिलने वाली है।
पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी होगी बारिश
पश्चिमी यूपी के साथ-साथ पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों में भी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, महराजगंज, आज़मगढ़, मऊ, बलिया, वाराणसी, जौनपुर, गाज़ीपुर, चंदौली, बस्ती, संत कबीर नगर, सिद्धार्थनगर, मिर्ज़ापुर, भदोही, सोनभद्र, अयोध्या, अंबेडकर नगर, सुल्तानपुर, अमेठी, बाराबंकी, प्रयागराज, कौशाम्बी, प्रतापगढ़ और फतेहपुर में भी 1 जुलाई तक बारिश होने के प्रबल आसार हैं। वाराणसी और अयोध्या से लेकर संगम नगरी प्रयागराज तक पूर्वी यूपी के सभी प्रमुख शहरों और जिलों को इस बारिश होने और गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।
मौसम विभाग ने 30 जून से 1 जुलाई के बीच पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों के लिए बारिश का ब्लू अलर्ट जारी किया है। हालांकि, बहुत से लोगों को नहीं पता है कि, ब्लू अलर्ट क्या होता है, तो आपको बता दें कि, ब्लू अलर्ट का मतलब तूफ़ान और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना को ब्लू अलर्ट कहते हैं। दरअसल, मौसम विभाग आमतौर पर चार रंगों के आधार पर अलर्ट जारी करता है, हरा, पीला, नारंगी और लाल, लेकिन कई बार वह ब्लू अलर्ट भी जारी कर देता है।

यह अलर्ट इसलिए जारी किया जाता है, ताकि लोग पहले से सतर्क रहें। खेतों में काम करने वाले किसान, सड़क पर चलने वाले राहगीर और खुले में काम करने वाले मज़दूर, सभी इस अलर्ट को देखकर अपनी सुरक्षा का इंतज़ाम पहले से कर सकें। तेज़ हवाएं चल सकती हैं, बिजली कड़क सकती है और अचानक तेज़ बारिश आ सकती है, इसलिए इस दौरान सावधानी बरतना ज़रूरी होता है।
कहर बरपा रही गर्मी
उत्तर प्रदेश में इन दिनों गर्मी का जो कहर बरप रहा है वह असाधारण है। तापमान इतना अधिक है कि हीटवेव की स्थिति बन गई है। दोपहर के वक्त सड़कें एकदम सूनी हो जाती हैं। बच्चे घरों में कैद हैं, बुज़ुर्गों का हाल बेहाल है और मज़दूर वर्ग को धूप में काम करना किसी सज़ा से कम नहीं लग रहा। अस्पतालों में गर्मी से पीड़ित मरीज़ों की संख्या में भी इज़ाफा देखा गया है। ऐसे में मौसम विभाग की यह खबर लाखों लोगों के लिए किसी राहत भरी खबर से कम नहीं है।
किसानों के चेहरे पर लौटेगी मुस्कान
सबसे बड़ी और सुकून देने वाली खबर यह है कि मानसून अब उत्तर प्रदेश से ज़्यादा दूर नहीं है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार मानसून तेज़ी से आगे बढ़ रहा है और जल्द ही यूपी में दस्तक दे सकता है। मानसून की यह दस्तक न केवल आम लोगों के लिए राहत लेकर आएगी बल्कि किसानों के लिए भी यह किसी वरदान से कम नहीं होगी। खरीफ की फसल की बुआई का यह सही समय है और मानसून की बारिश से किसानों के चेहरे पर मुस्कान लौटेगी।

प्री-मानसून बारिश का यह दौर जो आज से शुरू हो रहा है वह असल में मानसून के आगमन का संकेत भी माना जा सकता है। बारिश की यह फुहारें उस लंबे और कठिन इंतज़ार का अंत हैं जो पूरा प्रदेश पिछले कई हफ्तों से कर रहा था।
बारिश और आंधी के इस दौर में मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। तेज़ बारिश और आंधी के दौरान पेड़ों के नीचे खड़े न हों, बिजली के खंभों से दूर रहें और कच्चे मकानों में रहने वाले लोग विशेष सावधानी बरतें। किसान अपनी कटी हुई फसल को सुरक्षित स्थान पर रखें। वाहन चालक तेज़ आंधी और कम दृश्यता के दौरान सावधानी से गाड़ी चलायें।
इसे भी पढ़ें- UP Weather Update: यूपी में तेज हुईं प्री-मानसून गतिविधियां, IMD ने जारी किया भारी बारिश और आंधी का अलर्ट



