खुशखबरी: सीएम धामी का खाली पदों को तुरंत भरने का निर्देश, 221 युवाओं को सौंपे नियुक्ति पत्र

देहरादून। उत्तराखंड के बेरोजगार युवाओं के लिए एक राहत भरी खबर है। राज्य में जल्द ही बंपर सरकारी भर्तियां निकलने वाली हैं। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने शासन के सभी विभागों को स्पष्ट और कड़े निर्देश दिए हैं कि, प्रदेश में जितने भी सरकारी पद खाली पड़े हैं, उन्हें तुरंत चिह्नित कर भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाए। मुख्यमंत्री ने यह बड़ा ऐलान देहरादून स्थित मुख्यमंत्री आवास में आयोजित एक भव्य नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम के दौरान किया।

इसे भी पढ़ें- उत्तराखंड में बह रही विकास की धारा, हर परियोजना पर है सीएम धामी की नजर

इस विशेष कार्यक्रम में उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के माध्यम से शहरी विकास विभाग, कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग और पशुपालन विभाग में विभिन्न पदों पर चयनित हुए कुल 221 भाग्यशाली अभ्यर्थियों को सीएम ने अपने हाथों से नियुक्ति पत्र सौंपा। नियुक्ति पत्र पाकर युवाओं और उनके परिजनों के चेहरों पर खुशी की लहर दौड़ गई।

 33 हजार से अधिक युवाओं को मिली सरकारी नौकरी

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम धामी ने सभी नवनियुक्त अभ्यर्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने युवाओं के संघर्ष की सराहना करते हुए कहा कि यह अनमोल पल इन युवाओं के सालों की कठिन मेहनत, अटूट परिश्रम और माता-पिता के त्याग की सफलता का स्वर्णिम क्षण है।

CM Dhami

मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार की उपलब्धियों का रिपोर्ट कार्ड पेश करते हुए कहा कि, बीते साढ़े चार सालों के कार्यकाल में उत्तराखंड सरकार ने राज्य के 33 हजार से अधिक युवाओं को विभिन्न सरकारी सेवाओं से जोड़ने का ऐतिहासिक काम किया है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि, युवाओं के चेहरों पर आज जो यह संतोषजनक मुस्कान दिख रही है। वहीं इस बात का सबसे बड़ा प्रमाण है कि, हमारी राज्य सरकार पूरी तरह से सही और पारदर्शी दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने जोर देकर कहा कि, राज्य के युवा ही उत्तराखंड के वर्तमान के साथ-साथ हमारे भविष्य की भी सबसे बड़ी पूंजी हैं।

तेजी से बढ़ रहा स्टार्टअप कल्चर

मुख्यमंत्री धामी ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में देश और राज्य के युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार और करियर के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए चौबीसों घंटे काम किया जा रहा है। उत्तराखंड में युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लागू की गई नई स्टार्टअप नीति का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इस नीति से राज्य में एक नया और बेहतरीन स्टार्टअप कल्चर तेजी से फल-फूल रहा है।

इसके साथ ही, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना और अन्य युवा प्रोत्साहन योजनाओं के माध्यम से आज प्रदेश के युवाओं को आर्थिक तथा तकनीकी रूप से बेहद मजबूत बनाया जा रहा है। सरकार के इन निरंतर प्रयासों का ही नतीजा है कि, उत्तराखंड का युवा आज अपने भविष्य और अपने सपनों को लेकर पहले से कहीं ज्यादा आश्वस्त और सुरक्षित महसूस कर रहा है।

युवाओं के भविष्य से नहीं होगा समझौता

मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों के दौर को याद करते हुए विपक्ष पर भी तीखा निशाना साधा। उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा भी था जब उत्तराखंड के युवाओं के सपनों का सौदा होता था और उनके माता-पिता के खून-पसीने के त्याग के साथ सरेआम अन्याय किया जाता था। पहले युवाओं को सिर्फ हताशा, निराशा और सिस्टम की कमियां मिलती थीं, लेकिन आज हमारी सरकार के तहत रिकॉर्ड समय में पूरी पारदर्शिता के साथ भर्तियां पूरी हो रही हैं और युवाओं को सम्मान के साथ नियुक्ति पत्र सौंपे जा रहे हैं।

CM Dhami

सीएम धामी ने मंच से साफ और कड़े शब्दों में चेतावनी दी कि, राज्य सरकार प्रदेश के युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी कीमत पर, कभी भी कोई समझौता नहीं होने देगी। उन्होंने याद दिलाया कि आज का दिन बेहद ऐतिहासिक है, क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश के प्रधानमंत्री के रूप में पूरे 12 वर्ष पूरे हो रहे हैं।

नकल माफियाओं की कमर तोड़ी

भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी करने वालों को चेताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने राज्य में सक्रिय नकल माफियाओं की कमर तोड़ दी है और उनके खिलाफ अब तक की सबसे कठोर कानूनी कार्रवाई की गई है। उत्तराखंड सरकार ने देश का सबसे कड़ा और ऐतिहासिक नकल विरोधी कानून राज्य में लागू किया है, जिससे अब किसी भी बेईमान की दाल नहीं गलने वाली है।

उन्होंने युवाओं को भरोसा दिलाया कि आगे भी राज्य सरकार इसी रफ्तार, पूर्ण पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ युवाओं को लगातार रोजगार के नए अवसर देती रहेगी और इसी वजह से सभी खाली पदों को तुरंत भरने के आदेश जारी कर दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने सभी नए नियुक्त कर्मियों को उनके कर्तव्यों का बोध कराते हुए कहा कि वे सभी अब केवल सरकारी कर्मचारी मात्र नहीं हैं, बल्कि वे आने वाले समय में उत्तराखंड के समग्र विकास के सबसे बड़े सहभागी और रीढ़ बनने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में पूरा देश इस समय विकसित भारत-2047 के महान और भव्य संकल्प के साथ तेजी से आगे बढ़ रहा है। आजादी के इस अमृतकाल में हम सभी उत्तराखंड वासियों को मिलकर इस राष्ट्र निर्माण के महायज्ञ में अपनी सक्रिय और अमूल्य भागीदारी निभानी होगी।

 बिना घूस के मिल रही नौकरी

इस कार्यक्रम के दौरान मंच पर मौजूद कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने नवनियुक्त पदों की विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के प्रशिक्षण प्रखण्ड के अन्तर्गत कुल 173 अनुदेशकों और 4 वैयक्तिक सहायकों को नियुक्ति पत्र दिए गए हैं। इसके अलावा पशुपालन विभाग में चयनित हुए 9 वैयक्तिक सहायकों को भी आज उनके नियुक्ति पत्र सौंपकर सेवा में शामिल किया गया है।

CM Dhami

वहीं, कार्यक्रम में उपस्थित एक अन्य कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने मुख्यमंत्री धामी की कार्यशैली की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि, मुख्यमंत्री के ईमानदार नेतृत्व का ही असर है कि, आज उत्तराखंड में बिना किसी सिफारिश, बिना किसी घूस और बिना किसी भेदभाव के सिर्फ योग्यता के आधार पर युवाओं को नौकरियां मिल रही हैं। उन्होंने आंकड़ा देते हुए बताया कि बीते केवल 2 सालों के भीतर ही शहरी विकास विभाग में कुल 215 योग्य लोगों को पारदर्शी प्रक्रिया के तहत नियुक्ति पत्र वितरित किए जा चुके हैं।

 

इसे भी पढ़ें-CM धामी का आह्वान, ‘खेत बचाओ अभियान’ बनेगा जनांदोलन, वैज्ञानिक आधार पर करें खेती

Related Articles

Back to top button