
नोएडा। नोएडा और गाजियाबाद के बीच रोजाना सफर करने वाले यात्रियों के लिए आने वाले दो दिन चुनौतीपूर्ण साबित हो सकते हैं। दरअसल, दिल्ली से सटे नोएडा के सेक्टर-62 में मेट्रो लाइन-III के विस्तार और तकनीकी सुधार का काम तेजी से चल रहा है, जिसके चलते प्रशासन ने 9 और 10 अप्रैल को गाजियाबाद की तरफ से जाने वाली महत्वपूर्ण सर्विस रोड को पूरी तरह बंद रखने का फैसला लिया है।
इसे भी पढ़ें- नोएडा की धरती से दहाड़े अखिलेश यादव, बोले- ‘जब तक भाजपा है, तब तक संविधान खतरे में हैं’
स्टील स्पैन लगाने की वजह से बन हुआ रास्ता
यह निर्णय नोएडा सिटी सेंटर से नोएडा इलेक्ट्रॉनिक सिटी के बीच मेट्रो सेवाओं को और अधिक सुचारू बनाने के उद्देश्य से लिया गया है। इस मार्ग के बंद होने से नोएडा सेक्टर-62 गोल चक्कर के आसपास ट्रैफिक जाम की समस्या हो सकती है जिससे इंदिरापुरम और दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे की ओर जाने वाले लोगों को वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ेगा। बताया जा रहा है कि, मेट्रो पिलर संख्या 386 के पास एक विशाल स्टील स्पैन लगाने की जटिल इंजीनियरिंग प्रक्रिया की वजह से इसे बंद किया जा रहा है।

गुरुवार और शुक्रवार को चलने वाले इस निर्माण कार्य के दौरान भारी मशीनों और क्रेन का उपयोग किया जाएगा, जिसके चलते सुरक्षा के लिहाज से वाहनों की आवाजाही को इस मार्ग पर रोक दिया गया है। यह पूरा प्रोजेक्ट मेट्रो लाइन-III विस्तार के तहत ट्रेन रिवर्सल की सुविधा विकसित करने के लिए किया जा रहा है।
बढ़ाएं जाएंगे मेट्रो के फेरे
ट्रेन रिवर्सल की सुविधा मिलने के बाद नोएडा इलेक्ट्रॉनिक सिटी स्टेशन पर ट्रेनों को वापस मोड़ने में आसानी होगी, जिससे यात्रियों के लिए मेट्रो के फेरे बढ़ाए जा सकेंगे और समय की बचत होगी। यह सर्विस रोड विशेष रूप से उन लोगों के लिए जीवनरेखा है जो सेक्टर-62 होते हुए दिल्ली-मेरठ हाईवे के अंडरपास से गाजियाबाद के भीतरी इलाकों में प्रवेश करते हैं।
सड़क मार्ग की इस अस्थायी असुविधा के बीच नोएडा और ग्रेटर नोएडा के निवासियों के लिए राहत की खबर यह है कि, क्षेत्र में तीन नए मेट्रो रूटों पर काम शुरू हो चुका है। पहले महत्वपूर्ण रूट के तहत सेक्टर-142 से बॉटेनिकल गार्डन के बीच एक नया कॉरिडोर तैयार किया जा रहा है।

यह कॉरिडोर बॉटेनिकल गार्डन से शुरू होकर सेक्टर-44, नोएडा प्राधिकरण कार्यालय, सेक्टर-97, सेक्टर-105, सेक्टर-108 और सेक्टर-93 जैसे प्रमुख रिहायशी इलाकों से गुजरते हुए पंचशील बॉयज इंटर कॉलेज तक पहुंचेगा। इस रूट के बनने से एक्वा लाइन और ब्लू लाइन के बीच का फासला कम हो जाएगा और हजारों यात्रियों को सीधे कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा।
मेट्रो विस्तार का दूसरा बड़ा चरण
इसी क्रम में मेट्रो विस्तार का दूसरा बड़ा चरण ग्रेटर नोएडा डिपो से शुरू होकर जूनपत और बोडाकी एक्सटेंशन तक जाएगा। इस विस्तार में जूनपत गांव और बोडाकी जैसे नए स्टेशन शामिल किए गए हैं, जिससे ग्रेटर नोएडा के दूरदराज के इलाकों में रहने वाले लोगों को आधुनिक परिवहन की सुविधा मिल सकेगी। वहीं, तीसरा रूट नोएडा के सेक्टर-51 से शुरू होकर ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-4 तक प्रस्तावित है।
यह रूट सेक्टर-61, सेक्टर-70, सेक्टर-122 और सेक्टर-123 जैसे तेजी से विकसित हो रहे क्षेत्रों को जोड़ते हुए ग्रेटर नोएडा वेस्ट की ओर बढ़ेगा। इन नए रूटों के निर्माण से न केवल सड़क पर वाहनों का दबाव कम होगा, बल्कि नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच औद्योगिक और आर्थिक विकास को भी नई गति मिलेगी। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे 9 और 10 अप्रैल को होने वाली असुविधा से बचने के लिए पहले से अपनी यात्रा की योजना बनाएं और निर्माण कार्य में सहयोग करें।
इसे भी पढ़ें- पीएम मोदी ने किया जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन, नोएडा को बताया ‘ग्लोबल गेटवे’



