
21 से 27 सितंबर के बीच डिजिटल एंटरटेनमेंट की दुनिया में इस हफ्ते जबरदस्त रौनक रहने वाली है। देश के तमाम ओटीटी प्लेटफॉर्मों पर एक साथ दस बड़ी फिल्में और सीरीज रिलीज हो रही हैं, जिनमें क्राइम थ्रिलर से लेकर कोर्टरूम ड्रामा, हॉरर-फैंटेसी, कॉमेडी और रियलिटी शो तक, हर स्वाद के दर्शकों के लिए कुछ न कुछ मौजूद है। आइए जानते हैं इस हफ्ते की पूरी ओटीटी लाइनअप के बारे में विस्तार से।
इसे भी पढ़ें- अब ओटीटी पर गर्दा उड़ाएगी ‘आवारापन 2’, इस प्लेटफार्म पर होगी स्ट्रीम
शक: ट्रस्ट नो वन
इस हफ्ते की सबसे चर्चित रिलीज में शुमार है निर्देशक रेन्सिल डी’सिल्वा की क्राइम थ्रिलर ड्रामा “शक: ट्रस्ट नो वन”। इस फिल्म की कहानी एक मां के इर्द-गिर्द बुनी गई है, जो अपने लापता बच्चे की तलाश में नौ साल का लंबा और तकलीफदेह सफर तय करती है।

परिणीति चोपड़ा के साथ इस फिल्म में जेनिफर विंगेट, ताहिर राज भसीन, सोनी राजदान, अनूप सोनी, हरलीन सेठी, सुमीत व्यास और ध्रुव चौधरी जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह फिल्म 24 सितंबर से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम की जाएगी।
हुंकार – द रोर
क्राइम-कोर्टरूम थ्रिलर “हुंकार – द रोर” की कहानी 17 साल की मीनू रावत के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसका किरदार अनीत पड्डा निभा रही हैं। मीनू एक सम्मानित और शक्तिशाली आध्यात्मिक पंथ के नेता ‘बापजी’ पर यौन उत्पीड़न का गंभीर आरोप लगाती है, जिसका किरदार रघुबीर यादव ने निभाया है। सामाजिक मुद्दे और कानूनी लड़ाई को केंद्र में रखने वाली यह सीरीज 25 सितंबर से जियो हॉटस्टार पर देखी जा सकेगी।
अगाधा
हॉरर-फैंटेसी पसंद करने वाले दर्शकों के लिए फिल्म “अगाधा” खास साबित हो सकती है। यह कहानी है महादेवी नाम की एक ऐसी महिला की, जो आध्यात्मिक शक्तियों से संपन्न है। अपने परिवार को आने वाली भीषण तबाही से बचाने के लिए महादेवी को ‘अगाधा’ नामक एक भयावह और रहस्यमयी काली शक्ति से टकराने के लिए एक वर्जित गुफा में जाना पड़ता है। यह फिल्म 25 सितंबर से जी5 पर स्ट्रीमिंग के लिए उपलब्ध होगी।
डोंट बी शाई
आलिया भट्ट और शाहीन भट्ट द्वारा प्रोड्यूस की गई फिल्म “डोंट बी शाई” 20 साल की कॉलेज छात्रा श्यामिली दास की कहानी है, जिसका किरदार आरुषि बजाज निभा रही हैं।

खुद को ‘मीन गर्ल’ यानी दूसरों को तंग करने वाली लड़की मानने वाली श्यामिली के इर्द-गिर्द इस फिल्म की पूरी कहानी बुनी गई है। यह फिल्म 25 सितंबर से प्राइम वीडियो पर रिलीज होगी।
राइज एंड फॉल सीजन 2
रियलिटी शो पसंद करने वालों के लिए क्रिकेट के दिग्गज वीरेंद्र सहवाग द्वारा होस्ट किया जाने वाला “राइज एंड फॉल सीजन 2” खास आकर्षण होगा। इस शो में 15 कंटेस्टेंट हिस्सा लेंगे, जो एक हाई-स्टेक्स माहौल में उतरेंगे, जहां उनकी पोजिशन लगातार बदलती रहेगी। इस सीजन को 26 सितंबर से प्राइम वीडियो पर देखा जा सकेगा।
बकैती सीजन 2
राजेश तैलंग, शीबा चड्ढा, आदित्य शुक्ला और तान्या शर्मा जैसे कलाकारों से सजी सीरीज “बकैती सीजन 2” भी इसी हफ्ते रिलीज हो रही है। डाइस मीडिया द्वारा प्रोड्यूस और समर इकबाल द्वारा निर्देशित इस सीरीज में कटारिया परिवार की कहानी दिखाई गई है, जो नई-नई चुनौतियों और बदलते पारिवारिक रिश्तों की उलझनों से जूझता नजर आता है। इसे 25 सितंबर से जी5 पर देखा जा सकेगा।
कपिल शर्मा लेकर आ रहे हैं हंसी का नया दौर
कॉमेडी के शौकीनों के लिए “द ग्रेट इंडियन कपिल शो” का पांचवां सीजन भी इसी हफ्ते दस्तक दे रहा है। कपिल शर्मा एक बार फिर अपनी पूरी टीम के साथ दर्शकों के लिए हंसी-मजाक का पिटारा लेकर लौट रहे हैं। इस सीजन की शुरुआत 26 सितंबर से होगी और इसका प्रोमो पहले ही रिलीज हो चुका है, जिसने दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है।
ब्लड लेगेसी सीज़न 2
“ब्लड लेगेसी सीज़न 2” में ट्रेजर नकोसी, जोलिले तशाबालाला, बुयिले मडलाडला और माइक न्डलांगामंडला जैसे कलाकारों ने अहम भूमिकाएं निभाई हैं। यह सीरीज भी 25 सितंबर से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम की जाएगी।
अंगिकारम
आमतौर पर स्पोर्ट्स ड्रामा मैदान के भीतर की कहानियों पर केंद्रित होते हैं, लेकिन कुछ कहानियां इससे आगे जाकर यह भी दिखाती हैं कि खिलाड़ियों को मैदान के बाहर किन मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। तमिल फिल्म “अंगिकारम” भी इसी राह पर चलती है और एक खेल की कहानी को कोर्टरूम की कानूनी लड़ाई के साथ जोड़ती है। कोटापाडी जे राजेश और सिंदूरी विश्वनाथ की मुख्य भूमिकाओं वाली यह फिल्म इस साल की शुरुआत में सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है और अब 25 सितंबर से सन एनएक्सटी पर डिजिटल दर्शकों के लिए उपलब्ध होगी।
द फाइनल प्रॉब्लम
इस हफ्ते की आखिरी बड़ी रिलीज है स्पेनिश मिस्ट्री थ्रिलर मिनी सीरीज “द फाइनल प्रॉब्लम”, जो ट्विस्ट और सस्पेंस से भरपूर बताई जा रही है। इसकी कहानी 13 ऐसे लोगों के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक भीषण तूफान की वजह से एक होटल में फंस जाते हैं और उसके बाद उनकी जिंदगी में अनसुलझे रहस्यों का सिलसिला शुरू हो जाता है। यह सीरीज भी 25 सितंबर से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी।
कुल मिलाकर इस हफ्ते ओटीटी दर्शकों के पास चुनने के लिए भरपूर विकल्प मौजूद रहेंगे। क्राइम थ्रिलर के शौकीनों से लेकर हॉरर-फैंटेसी, रोमांस, स्पोर्ट्स ड्रामा, कॉमेडी और रियलिटी शो पसंद करने वाले दर्शकों तक, हर किसी के लिए इस हफ्ते की लिस्ट में कुछ खास मौजूद है।
इसे भी पढ़ें-थिएट्रिकल रन के बाद OTT पर कब और कहां स्ट्रीम होगी ‘टॉक्सिक’? जानें- डिटेल्स



