
लखनऊ। महाराजा कंसा पासी के ऐतिहासिक किले और उनके आराध्य भगवान शिव के मंदिर के संरक्षण व सुरक्षा की मांग को लेकर लाखन आर्मी का जनजागरण अभियान गुरुवार को फतेहपुर पहुंचा। खागा विधानसभा क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में संगठन के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष सूरज पासी ने लोगों से एकजुट रहने और अपनी विरासत को सहेजने का आह्वान किया।
इसे भी पढ़ें- सूरज पासी की हुंकार, जो किले और मंदिर की मुक्ति की बात करेगा, समाज उसके साथ रहेगा
वीरता और संघर्ष से भरा है पासी समाज का इतिहास
जनसभा को संबोधित करते हुए सूरज पासी ने पासी समाज के इतिहास, महापुरुषों और ऐतिहासिक धरोहरों की चर्चा की और लोगों से अपने अतीत से जुड़ने को कहा। उन्होंने कहा कि समाज को अपने पूर्वजों के संघर्ष, पराक्रम और योगदान को जानना होगा और यह इतिहास नई पीढ़ी तक भी पहुंचाना होगा।

उन्होंने महाराजा सुहेलदेव पासी, महाराजा कंसा पासी, महाराजा बिजली पासी और महाराजा लाखन पासी समेत कई ऐतिहासिक व्यक्तित्वों का जिक्र किया। उनका कहना था कि पासी समाज की पहचान सिर्फ आज के हालात से तय नहीं होती, बल्कि उसके लंबे संघर्ष और विरासत से भी बनती है। इतिहास की जानकारी से समाज में आत्मविश्वास और एकता आती है।
हनुमान की तरह समाज को पहचाननी होगी अपनी ताकत
सूरज पासी ने कहा कि जिस तरह महाबली हनुमान को उनकी शक्ति याद दिलाई गई थी, उसी तरह पासी समाज को भी अपनी ताकत और इतिहास का एहसास कराना जरूरी है। उन्होंने कहा कि समाज को छोटे-मोटे विवादों में उलझने के बजाय शिक्षा, संगठन और सामाजिक विकास पर ध्यान देना चाहिए।
पासी यानी योद्धा, पासी यानी रक्षक
उन्होंने कहा कि ‘पासी’ शब्द हमेशा से योद्धा और रक्षक की पहचान के साथ जोड़ा जाता रहा है। भगवान शिव और समाज की धार्मिक परंपराओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को अपनी आस्था, परंपरा और ऐतिहासिक जड़ों को समझना चाहिए।
लालच में न बंटे समाज
सूरज पासी ने कहा कि चुनाव के समय राजनीतिक दल समाज को तरह-तरह के प्रलोभन देते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ‘दारू-मुर्गा’ जैसी चीजों के जरिए लोगों को बांटने की कोशिश की जाती है। उन्होंने समाज के लोगों से ऐसे लालच से दूर रहने और अपने बच्चों के भविष्य तथा समाज के विकास को सबसे ऊपर रखने की अपील की।
किलों-मंदिरों की विरासत नहीं भूलने देंगे
उन्होंने कहा कि समाज की ऐतिहासिक विरासत को भुलाया नहीं जाना चाहिए। उनका आरोप था कि पासी समाज से जुड़ी धरोहरों और पहचान के सवालों पर लंबे समय तक पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि महाराजा कंसा पासी के किले और भगवान शिव मंदिर के संरक्षण व सुरक्षा का अभियान आगे भी जारी रहेगा।
छोटे विवाद छोड़ें, विकास के लिए एकजुट हों
समाज में आपसी मतभेद खत्म करने की अपील करते हुए सूरज पासी ने कहा कि छोटे-छोटे झगड़ों में उलझने से समाज की सामूहिक ताकत कमजोर पड़ती है। उन्होंने शिक्षा को सामाजिक विकास का सबसे अहम जरिया बताया और कहा कि बच्चों के हाथ में कलम और युवाओं के हाथ में हुनर होना चाहिए।
गांव-गांव पहुंचेगा लाखन आर्मी का अभियान
सूरज पासी ने कहा कि लाखन आर्मी का जनजागरण अभियान किसी एक जिले या विधानसभा क्षेत्र तक सीमित नहीं रहेगा। संगठन अलग-अलग इलाकों में जाकर पासी समाज को उसके इतिहास, विरासत और सामाजिक अधिकारों के प्रति जागरूक करता रहेगा।
इसे भी पढ़ें- मकबरा या राजा कंस पासी का किला, मलिहाबाद के कसमंडी कला में गहराया विवाद



