सीएम योगी का सख्त निर्देश, सुरक्षा व्यवस्था से समझौता बर्दाश्त नहीं, लाउडस्पीकर मानकों का पालन अनिवार्य

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चैत्र नवरात्रि, अलविदा की नमाज और ईद-उल-फितर जैसे महत्वपूर्ण पर्वों के मद्देनजर प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर अपनी मंशा साफ कर दी है। बुधवार की देर शाम वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आयोजित एक मैराथन बैठक में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कर दिया है कि, त्योहारों की आड़ में सार्वजनिक उद्दंडता या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

इसे भी पढ़ें-हेमवती नंदन बहुगुणा की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा में शामिल हुए सीएम योगी, बताया- विकास का मसीहा 

जीरो टॉलरेंस की नीति पर जोर

वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से आयोजित इस बैठक में सीएम ने अधिकारियों को जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए अराजक तत्वों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। शासन का यह रुख ये सुनिश्चित करने के लिए है कि, प्रदेश का हर नागरिक भयमुक्त वातावरण में अपना पर्व मनाये। सीएम योगी ने कहा, सुरक्षा के साथ किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाना चाहिए।

CM Yogi

सीएम ने इस उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में शामिल सभी मंडलायुक्तों, जिलाधिकारियों और पुलिस कप्तानों को संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की नसीहत भी दी। उन्होंने निर्देश दिए कि 19 मार्च से शुरू हो रहे चैत्र नवरात्रि और आगामी ईद-उल-फितर के दौरान धार्मिक आयोजनों में सिर्फ उन्हीं परंपराओं का पालन कराया जाए ,जो पहले से चली आ रही हैं। किसी को किसी भी तरह की नई परंपरा की अनुमति न दी जाए।

बुनियादी सुविधाओं पर रहा जोर

उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि, शांति, सुरक्षा और अनुशासन का माहौल हर हाल में बना रहना चाहिए इसमें किसी भी तरह से समझौता न हो और न ही कोई लापरवाही हो। उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिए कि पर्वों के दौरान सुरक्षा के साथ-साथ स्वच्छता, पेयजल और प्रकाश जैसी बुनियादी सुविधाओं का भी पूरा ध्यान रखा जाए ताकि श्रद्धालुओं और आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

धार्मिक स्थलों पर लाउडस्पीकर के प्रयोग को लेकर मुख्यमंत्री ने सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का हवाला देते हुए बेहद सख्त रुख अपनाया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि, लाउडस्पीकर की आवाज निर्धारित मानकों के भीतर ही रहनी चाहिए और यदि कोई इसका उल्लंघन करता है, तो बिना किसी हिचकिचाहट के लाउडस्पीकर उतरवाने की कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही सड़कों पर होने वाली बाइक स्टंटबाजी और हुड़दंग को लेकर भी मुख्यमंत्री ने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने इसे तत्काल प्रभाव से रोकने के निर्देश दिए।

अधिकारियों से मांगा  कार्रवाई का ब्यौरा

उन्होंने कहा कि, पुलिस की वर्दी का खौफ अपराधियों और अराजक तत्वों के मन में साफ दिखना चाहिए ताकि आम नागरिक सुरक्षित महसूस कर सकें। चैन स्नेचिंग जैसी घटनाओं को रोकने के लिए उन्होंने पीआरवी-112 वाहनों की गश्त बढ़ाने और प्रमुख चौराहों पर पुलिस की सक्रियता सुनिश्चित करने को कहा।

प्रदेश के विभिन्न जिलों जैसे बदायूं, मुरादाबाद, रामपुर, और प्रयागराज में हाल ही में हुई आपराधिक घटनाओं का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों से अब तक की गई कार्रवाई का ब्यौरा मांगा। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि, अपराध की एक भी छोटी घटना पूरे समाज का माहौल खराब कर देती है, इसलिए हर शिकायत को गंभीरता से लिया जाए और दोषियों को सजा दिलाने में कोई कसर न छोड़ी जाए।

जमाखोरी के खिलाफ चलाएं अभियान

मुख्यमंत्री ने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि, अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के बीच आम जनता को रसोई गैस जैसी आवश्यक वस्तुओं की कमी न हो। उन्होंने कालाबाजारी और जमाखोरी करने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए ताकि कृत्रिम कमी पैदा न की जा सके।

अयोध्या और मथुरा-वृंदावन में राष्ट्रपति के प्रस्तावित आगमन को देखते हुए मुख्यमंत्री ने सुरक्षा और प्रोटोकॉल के कड़ाई से पालन के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि, इन महत्वपूर्ण तीर्थ स्थलों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है, अतः वहां भीड़ प्रबंधन और स्वास्थ्य सेवाओं का पुख्ता इंतजाम किया जाए।

इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री ने निराश्रित गो-आश्रय स्थलों की व्यवस्थाओं को भी सुदृढ़ करने पर बल दिया और नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए कि गोवंश के संरक्षण के लिए चारा, पानी और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं में कोई कमी न आए। बैठक के अंत में पुलिस महानिदेशक ने आश्वस्त किया कि पूरा पुलिस बल पूरी तरह सतर्क है और फुट पेट्रोलिंग बढ़ाकर शांतिपूर्ण आयोजन सुनिश्चित किया जा रहा है।

 

इसे भी पढ़ें- जालौर में सीएम योगी की बड़ी चेतावनी, बच्चों को बर्बादी की तरफ धकेल रहा स्मार्टफोन

Related Articles

Back to top button