
बॉलीवुड में इंडिपेंडेंस डे वीकेंड पर रिलीज होने वाली फिल्मों को लेकर हमेशा से खास उत्साह देखा जाता रहा है। इस बार भी कुछ ऐसा ही माहौल बना हुआ है। आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी और सनी देओल की मुख्य भूमिका वाली फिल्म ‘बंटवारा 1947’ को लेकर दर्शकों में जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है। रिलीज से पहले ही इस फिल्म ने फिल्म इंडस्ट्री और सिनेमाप्रेमियों के बीच जबरदस्त चर्चा बटोर ली है।
इसे भी पढ़ें- सनी देओल की ‘बंटवारा 1947’ का टीजर रिलीज, नफरत के दौर में उम्मीद की मिसाल बनी एक फिल्म
राजकुमार संतोषी ने किया है डायरेक्ट
‘बंटवारा 1947’ का निर्देशन मशहूर फिल्ममेकर राजकुमार संतोषी ने किया है। राजकुमार अपनी दमदार कहानी कहने की शैली के लिए जाने जाते हैं। भारत-पाकिस्तान विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित इस फिल्म को सेंसर बोर्ड की तरफ से ‘ए’ सर्टिफिकेट दिया गया है, जिससे यह स्पष्ट संकेत मिलता है कि, फिल्म में गंभीर और संवेदनशील दृश्य शामिल हो सकते हैं, जो विभाजन के दर्दनाक दौर को पर्दे पर उतारते हैं। फिल्म की कुल अवधि 2 घंटे 25 मिनट है, जो एक फीचर फिल्म के लिहाज से मानक रनटाइम माना जाता है।

फिल्म की रिलीज से पहले ही इसका प्रचार-प्रसार जोरों पर है और ट्रेलर व प्रोमोशनल कंटेंट को दर्शकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है। ऐसे माहौल में फिल्म इंडस्ट्री और ट्रेड एनालिस्ट्स की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि, आखिर यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर किस तरह का प्रदर्शन कर सकती है।
ओपनिंग डे पर कितने करोड़ की हो सकती है कमाई?
फिल्म ट्रेड से जुड़ी वेबसाइट ‘कोइमोई’ की रिपोर्ट के अनुसार, मौजूदा ट्रेंड्स और दर्शकों की दिलचस्पी को देखते हुए ‘बंटवारा 1947’ आसानी से भारतीय बॉक्स ऑफिस पर डबल-डिजिट यानी दस करोड़ रुपये से अधिक का आंकड़ा छू सकती है। रिपोर्ट में अनुमान लगाया गया है कि, सनी देओल की यह फिल्म रिलीज के पहले ही दिन 10 से 13 करोड़ रुपये तक का नेट कलेक्शन कर सकती है, जो किसी भी बड़ी स्टार-कास्ट फिल्म के लिए एक सम्मानजनक शुरुआत मानी जाएगी।
Instagram पर यह पोस्ट देखें
ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि, अगर फिल्म की एडवांस बुकिंग को दर्शकों का जबरदस्त समर्थन मिलता है, तो ये आंकड़े अनुमान से भी बेहतर साबित हो सकते हैं। हालांकि, इस बात की भी चर्चा हो रही है कि इसी दिन रिलीज हो रही इमरान हाशमी की फिल्म ‘आवारापन 2’ से सीधी टक्कर के चलते ‘बंटवारा 1947’ की कमाई पर कुछ असर पड़ सकता है। दो बड़ी फिल्मों की एक साथ रिलीज होने से दर्शकों का बंटवारा तय है, जिसका सीधा प्रभाव दोनों ही फिल्मों के कलेक्शन पर देखने को मिल सकता है।
टॉप 10 ‘ए’ रेटेड लिस्ट में एंट्री की उम्मीद
अनुमानित कलेक्शन के आधार पर ‘बंटवारा 1947’ के लिए बॉलीवुड की टॉप 10 ‘ए’ रेटेड ओपनिंग फिल्मों की लिस्ट में जगह बनाना बहुत मुश्किल नजर नहीं आ रहा है। मौजूदा समय में इस लिस्ट में 10वें स्थान पर ‘राज 3’ है, जिसने अपने ओपनिंग डे पर 10.5 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। वहीं नौवें नंबर पर ‘वीरे दी वेडिंग’ है, जिसकी ओपनिंग 10.7 करोड़ रुपये की रही थी। इसके अलावा आठवें स्थान पर ‘ग्रैंड मस्ती’ मौजूद है, जिसने 12.5 करोड़ रुपये की ओपनिंग दर्ज की थी।
ट्रेड एनालिस्ट्स के अनुमान के मुताबिक, विभाजन की पृष्ठभूमि पर बनी सनी देओल की यह फिल्म इन तीनों फिल्मों को आसानी से पीछे छोड़ सकती है और सीधे आठवें स्थान पर काबिज हो सकती है। इतना ही नहीं, अगर फिल्म को रिलीज के बाद पॉजिटिव वर्ड ऑफ माउथ मिलता है और इसका कलेक्शन शुरुआती अनुमान यानी 10 से 13 करोड़ रुपये के दायरे से आगे निकलता है, तो यह लिस्ट में और भी ऊपर खिसक सकती है। यह स्थिति फिल्म की कहानी, ट्रीटमेंट और दर्शकों के रिस्पॉन्स पर काफी हद तक निर्भर करेगी।
स्टार कास्ट और कहानी
‘बंटवारा 1947’ में सनी देओल के साथ-साथ प्रीति जिंटा भी अहम भूमिका में नजर आएंगी। सनी और प्रीती की जोड़ी दर्शकों के बीच खासी लोकप्रिय रही है। इसके अलावा फिल्म में करण देओल, अली फज़ल, अभिमन्यु सिंह, खुशी हज़ारे और कनिका कपूर जैसे कलाकार भी महत्वपूर्ण किरदारों में दिखाई देंगे। इतनी मजबूत और विविध स्टार कास्ट होने के चलते फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और भी बढ़ गई है।

विभाजन जैसे संवेदनशील और ऐतिहासिक विषय पर आधारित होने के कारण यह फिल्म सिर्फ मनोरंजन ही नहीं, बल्कि भावनात्मक स्तर पर भी दर्शकों को जोड़ने की क्षमता रखती है। राजकुमार संतोषी जैसे अनुभवी निर्देशक की मौजूदगी और सनी देओल जैसे दमदार अभिनेता का जुड़ाव इस फिल्म को और खास बनाता है, क्योंकि सनी देओल पहले भी देशभक्ति और ऐतिहासिक पृष्ठभूमि वाली फिल्मों में अपने दमदार अभिनय के लिए जाने जाते रहे हैं।
14 अगस्त को रिलीज होगी फिल्म
‘बंटवारा 1947’ सिनेमाघरों में इंडिपेंडेंस डे वीकेंड के मौके पर यानी 14 अगस्त को रिलीज हो रही है। स्वतंत्रता दिवस के आसपास रिलीज होने के चलते इस फिल्म को लेकर देशभर में एक खास तरह का माहौल बनने की उम्मीद जताई जा रही है, क्योंकि इस मौके पर देशभक्ति और ऐतिहासिक विषयों पर बनी फिल्मों को अक्सर दर्शकों का अतिरिक्त समर्थन मिलता है।
फिलहाल, फिल्म इंडस्ट्री के जानकार और ट्रेड एनालिस्ट्स फिल्म की एडवांस बुकिंग के आंकड़ों पर नजर बनाए हुए हैं, जिससे रिलीज से पहले ही यह अंदाजा लगाया जा सके कि, फिल्म को दर्शकों का किस स्तर का रिस्पॉन्स मिलने वाला है। अब देखना यह होगा कि रिलीज के बाद ‘बंटवारा 1947’ दर्शकों की उम्मीदों पर कितना खरा उतरती है और बॉक्स ऑफिस पर अपनी छाप छोड़ने में कितनी कामयाब होती है।



