
पटना।भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने के दो सप्ताह बाद सोमवार को बिहार विधानसभा की सदस्यता से अपना इस्तीफा सौंप दिया। बांकीपुर विधानसभा सीट से उनका इस्तीफा भाजपा की बिहार इकाई के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार को सौंपा। विधानसभा अध्यक्ष ने इस्तीफे की पुष्टि करते हुए बताया कि इसे स्वीकार कर लिया गया है और आगे की औपचारिकताओं के लिए संबंधित अधिकारियों को भेज दिया गया है। इसी क्रम में, बिहार के मुख्यमंत्री और जनता दल (यूनाइटेड) के प्रमुख नीतीश कुमार ने भी सोमवार को राज्य विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। गौरतलब है कि नवीन और नीतीश कुमार दोनों ही बीती 16 मार्च को संसद के उच्च सदन (राज्यसभा) के लिए निर्विरोध निर्वाचित हुए थे।
इस्तीफा देने से पूर्व नितिन नवीन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए अपने क्षेत्र की जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने लिखा कि पिछले 20 वर्षों से उन्होंने अपने दिवंगत पिता नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा द्वारा सिंचित इस क्षेत्र को पूरी निष्ठा के साथ विकसित करने का प्रयास किया है। नवीन ने कहा कि यह उनकी प्रतिबद्धता का ही परिणाम है कि जनता ने उन्हें लगातार पांच बार विधानसभा भेजकर सेवा का अवसर दिया। भाजपा नेता ने विश्वास दिलाया कि पार्टी द्वारा सौंपी गई ‘राष्ट्रीय अध्यक्ष’ की नई भूमिका में भी वे बांकीपुर और संपूर्ण बिहार के विकास के लिए पूरी तरह समर्पित रहेंगे।



