चौकन्ना होकर मीडिया टीम को करना होगा काम:बलूनी

देहरादून। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी ने शुक्रवार को कहा कि मीडिया टीम को सतर्क और तैयारी के साथ पार्टी के पक्षों को रखना होगा। मीडिया टीम को दैनिक परीक्षा देने के साथ समय परिणाम भी प्राप्त करने होते हैं।

शुक्रवार को आईडीटीआर प्रेक्षागृह में आयोजित भाजपा की प्रदेशस्तरीय मीडिया कार्यशाला में अनिल बलूनी ने यह बातें कहीं। उन्होंने कहा कि हमारे विधायकों, सांसदों और जनप्रतिनिधियों को समय-समय पर जनता के बीच जाकर परीक्षा देनी होती है। हम मीडिया टीम वालों को प्रतिदिन परीक्षा देनी होती है और प्रतिदिन उससे परिणाम भी हासिल करने होते हैं।

मीडिया प्रभारी ने कहा कि पार्टी मीडिया टीम में काम करने वालों को स्पेस भी जल्द मिलता है। उन्होंने स्वयं का, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का,पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय सुषमा स्वराज,स्वर्गीय अरुण जेटली, रविशंकर प्रसाद , प्रकाश जावड़ेकर औरनिर्मला सीतारमण का उदाहरण देते हुए कहा कि यह सभी पार्टी की मीडिया टीम से जुड़े रहे और शीर्ष पर पहुंचे।

अनिल बलूनी ने कहा कि की मीडिया टीम में काम करते हुए आदमी रथ पर जा सकता है परंतु एक गलत समाचार देने के कारण पथ पर भी आ सकता है। राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी ने कार्यशाला में उपस्थित राज्य के विभिन्न जिलों से आए मीडिया प्रभारियों को टेलीविजन मीडिया, प्रिंट मीडिया,ऑनलाइन मीडिया, एवं फेसबुक-ट्विटर पर चलने वाली मीडिया गतिविधियों में आने वाले बदलावों की जानकारी दी। सभी से इन सभी माध्यमों से भाजपा, केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने हेतु टिप्स दिए।

कार्यशाला को राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं चुनाव सह प्रभारी सरदार आरपी सिंह सत्र अध्यक्ष मयंक गुप्ता ने भी संबोधित किया। सत्र में प्रदेश संगठन मंत्री अजय कुमार मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान सहित जिलों एवं विभिन्न मोर्चों के मीडिया प्रभारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button