अखिलेश पर BJP का डबल अटैक, नरेंद्र कश्यप बोले- ‘अपराधियों के हिमायती बुलडोजर से दुखी’

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में बुलडोजर कार्रवाई और एनकाउंटर पर दिए गये बयान के बाद अब सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर बीजेपी की तरफ से सीधा पलटवार हो रहा है। योगी सरकार में मंत्री नरेंद्र कश्यप ने अखिलेश यादव को घेरते हुए कहा कि,अपराधियों की हिमायत करने वाले लोग बुलडोजर की कार्रवाई से दुखी होते हैं।

इसे भी पढ़ें-  ‘70 हजार करोड़ की परियोजनाएं, फिर भी सपा को नहीं दिखता विकास’- अखिलेश पर बीजेपी का सीधा हमला

एनकाउंटर वाले बयान पर तीखा प्रहार

कश्यप ने सपा सुप्रीमो के एनकाउंटर वाले बयान पर भी तीखा प्रहार किया और कहा, एनकाउंटर में यदि कोई अपराधी पुलिस पर जानलेवा हमला करे, पुलिस को मारने की कोशिश करे, तो क्या पुलिस हाथ पर हाथ धरे अपराधियों से मार खाती रहे? योगी सरकार की पुलिस अपराधियों को जवाब देती है और ऐसा जवाब देती है कि कई अपराधी घायल हो जाते हैं या यमराज के पास चले जाते हैं।”

अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कश्यप ने कहा, जब अखिलेश यादव अपराधियों के साथ हमदर्दी दिखाते हैं ,तो लगता है कि सपा ने अभी भी अपनी आपराधिक प्रवृत्ति नहीं छोड़ी है। वहीं दंगा, हत्या और प्रदेश में परिवारवाद अखिलेश यादव के चेहरे और बातों में साफ झलकता रहता है।

PDA को लेकर दिनेश प्रताप सिंह हमलावर

वहीं राज्यसभा चुनाव को लेकर भाजपा के मुख्य प्रवक्ता दिनेश प्रताप सिंह ने अखिलेश यादव को आड़े हाथों लिया। आपको बता दें कि, अखिलेश यादव ने राज्यसभा चुनाव को लेकर कहा था कि, यह चुनाव मिलन का समय होता है। अगर किसी को लगता है कि, हमारे लोकतंत्र की सुंदरता खतरे में है, तो आपस में मिल जाना चाहिए। अब इस पर पलटवार करते ही बीजेपी प्रवक्ता दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि, सपा के लिए यह चुनाव मिलन नहीं बिछोह का समय साबित हो रहा है।

सपा से मोहभंग हुआ PDA समाज का

दिनेश प्रताप सिंह ने सपा के PDA फॉर्मूले पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “PDA बड़ी प्रतीक्षा में था कि, राज्यसभा के इस चुनाव में कोई अति-पिछड़ा आएगा, कोई दलित समाज से आएगा और कोई मुस्लिम समाज से आएगा, लेकिन जैसे ही सपा ने दो नामों की घोषणा की, पिछड़ा समाज, दलित समाज और मुस्लिम समाज, निराश हो गया और अब समाजवादी पार्टी से इनका मोहभंग हो चुका है।”

बीजेपी प्रवक्ता ने कहा, अखिलेश यादव अब यह सोचकर परेशान हैं कि ‘2027 के चुनाव में उनका क्या हश्र होगा, क्योंकि न तो उनके साथ अब पिछड़ा समाज जाएगा, न दलित समाज जाएगा और न ही अल्पसंख्यक समाज जाएगा। दिनेश प्रताप सिंह ने राज्यसभा चुनाव को सपा और अखिलेश यादव के लिए गले की फांस बताया।

2027 में प्रचंड बहुमत से जीतेगी बीजेपी

दिनेश प्रताप सिंह ने आगे कहा, “इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी जहां एक तरफ अपनी आठों सीटों पर विजय प्राप्त करेगी और नौवीं सीट के लिए भी हम सार्थक प्रयास करेंगे। और 2027 के चुनाव में भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में एक बार फिर से सरकार बनाएगी।

 

इसे भी पढ़ें- बाबासाहेब का अपमान कर रही हैं संविधान विरोधी ताकतें, अखिलेश का बीजेपी पर तीखा हमला

Related Articles

Back to top button