सिल्वर स्क्रीन पर फिर जिंदा होंगी ‘मुगल-ए-आजम’ की अनारकली, कहां होगी रिलीज, यहां देखें

हिंदी सिनेमा के इतिहास की सबसे हसीन और रूहानी अदाकारा मधुबाला, जिन्हें दुनिया ‘वीनस ऑफ इंडियन सिनेमा’ के नाम से जानती है, उनकी जिंदगी को पर्दे पर उतारने का इंतजार अब खत्म होने वाला है। लंबे समय से चल रही कास्टिंग की उठापटक और बजट की अड़चनों के बाद आखिरकार वह चेहरा मिल गया है जो मधुबाला की मुस्कान और उनके दर्द को पर्दे पर जिएगा। फिल्म ‘धुरंधर’ और ‘धुरंधर: द रिवेंज’ में रणवीर सिंह के साथ अपनी अभिनय क्षमता का लोहा मनवा चुकीं एक्ट्रेस सारा अर्जुन को इस मेगा बायोपिक के लिए आधिकारिक तौर पर चुन लिया गया है।

इसे भी पढ़ें- अपनी आखिरी फिल्म देखने के पहले ही दुनिया को अलविदा कह गये ये बॉलीवुड सितारे

इस बायोपिक को लेकर उत्साह इसलिए भी ज्यादा है क्योंकि इसके पीछे बॉलीवुड के सबसे भव्य निर्देशक संजय लीला भंसाली का हाथ है। हालांकि भंसाली इसका निर्देशन नहीं कर रहे हैं, लेकिन वह बतौर प्रोड्यूसर इस प्रोजेक्ट की हर बारीकी पर नजर रख रहे हैं। फिल्म का निर्देशन जसमीत के. रीन करेंगी, जिन्होंने आलिया भट्ट की फिल्म ‘डार्लिंग्स’ (2022) से इंडस्ट्री में अपनी एक अलग और संवेदनशील पहचान बनाई है।

MADHUBALA

जसमीत पिछले तीन सालों से मधुबाला की जिंदगी पर शोध कर रही थीं। बीच में बजट की कमी के कारण यह प्रोजेक्ट ठंडे बस्ते में जाता दिख रहा था, लेकिन जैसे ही भंसाली ने इस प्रोजेक्ट की कमान अपने हाथों में ली, इसकी भव्यता और बजट दोनों कई गुना बढ़ गए।

20 वर्षीय सारा अर्जुन ने हाल ही में ‘धुरंधर’ सीरीज में अपनी परफॉरमेंस से क्रिटिक्स और दर्शकों दोनों को चौंकाया है। फिल्म से जुड़े करीबी सूत्रों का कहना है कि, सारा में वही मासूमियत और आंखों में वही गहराई नजर आती है जो मधुबाला की पहचान थी। सारा अर्जुन ने इस रोल के लिए कड़ी तैयारी शुरू कर दी है। वह न केवल मधुबाला के चलने-बोलने के अंदाज पर काम कर रही हैं, बल्कि 1950 और 60 के दशक की उर्दू और हिंदी की डिक्शन यानी लहजे की भी खास ट्रेनिंग ले रही हैं। बताया जा रहा है कि सारा इस रोल के लिए एक बड़ा फिजिकल ट्रांसफॉर्मेशन भी करने वाली हैं ताकि वे उस दौर की नजाकत को पूरी तरह आत्मसात कर सकें।

कास्टिंग की रेस और रिजेक्शन का दौर

मधुबाला का किरदार निभाना आज की हर बड़ी एक्ट्रेस का सपना है। रिपोर्ट्स की मानें तो सबसे पहले यह फिल्म कियारा आडवाणी को ऑफर की गई थी, लेकिन किन्हीं कारणों से बात नहीं बन पाई। इसके बाद शरवरी वाघ, कल्याणी प्रियदर्शन, अनीत पड्डा और यहां तक कि साउथ सुपरस्टार साई पल्लवी के नाम पर भी विचार किया गया। अंततः सारा अर्जुन की स्क्रीन टेस्ट रिपोर्ट इतनी प्रभावशाली थी कि मेकर्स ने उन्हें ही फाइनल करने का फैसला किया। सारा के लिए यह उनके करियर का सबसे बड़ा ब्रेक माना जा रहा है, जो उन्हें सीधे बॉलीवुड की ए-लिस्ट अभिनेत्रियों की कतार में खड़ा कर देगा।

जुलाई से शुरू होगी शूटिंग

लेटेस्ट अपडेट के अनुसार, फिल्म का प्री-प्रोडक्शन का काम अंतिम चरण में है और फिल्म की शूटिंग जुलाई 2026 से शुरू होने वाली है। फिल्म का सेट उस दौर के मुंबई  (बॉम्बे)  की यादें ताजा करेगा। फिल्म में न केवल मधुबाला की सफलता की कहानी होगी, बल्कि उनके निजी जीवन के उन पन्नों को भी पलटा जाएगा जो आज भी रहस्य बने हुए हैं। उनके पिता अताउल्ला खान के साथ उनके रिश्ते और उनकी गंभीर बीमारी, जिसने महज 36 साल की उम्र में उनसे उनकी जान छीन ली, उसे फिल्म में पूरी संवेदनशीलता के साथ दिखाया जाएगा।

Sara Arjun

मधुबाला की कहानी दिलीप कुमार और किशोर कुमार के जिक्र के बिना अधूरी है। जहां एक तरफ फिल्म में मधुबाला के रूप में सारा अर्जुन फाइनल हो चुकी हैं, वहीं दिलीप कुमार और किशोर कुमार के किरदारों के लिए अभी भी हंट जारी है। चर्चा है कि दिलीप साहब के किरदार के लिए किसी बड़े स्टार से बातचीत चल रही है, जबकि किशोर कुमार के चुलबुले और जटिल व्यक्तित्व को निभाने के लिए किसी मंझे हुए कलाकार की तलाश है। इन दो किरदारों की कास्टिंग ही यह तय करेगी कि फिल्म कितनी ऐतिहासिक साबित होगी।

 हो सकती है अब तक की भव्य रिलीज

फिल्म को लेकर एक चौंकाने वाली खबर यह भी है कि इसे थिएटर के बजाय सीधे ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज किया जा सकता है। वैरायटी इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, मेकर्स इसे एक डायरेक्ट-टू-डिजिटल रिलीज के तौर पर प्लान कर रहे हैं ताकि इसे दुनिया भर के दर्शकों तक एक साथ पहुंचाया जा सके। संजय लीला भंसाली के जुड़ने के बाद यह उम्मीद की जा रही है कि यह अब तक की सबसे महंगी और भव्य डिजिटल रिलीज हो सकती है।

मधुबाला का जीवन एक खुली किताब की तरह है जिसमें प्रेम, विरह, सफलता और त्रासदी के कई रंग हैं। ‘मुगल-ए-आजम’ की अनारकली से लेकर ‘चलती का नाम गाड़ी’ की चुलबुली लड़की तक, सारा अर्जुन के सामने उन तमाम शेड्स को फिर से जीवित करने की चुनौती है। क्या सारा अर्जुन, मधुबाला के उस जादुई आकर्षण को पर्दे पर ला पाएंगी? यह तो वक्त ही बताएगा, लेकिन फिलहाल बॉलीवुड इस खबर के बाद से काफी उत्साहित है।

 

इसे भी पढ़ें- बॉलीवुड के ‘ट्रेजडी किंग’ ने दुनिया को कहा अलविदा, जानिए कैसे बने युसूफ खान से दिलीप कुमार

Related Articles

Back to top button