बिजली पर अखिलेश को एके शर्मा का तीखा जवाब, कहा- 2017 तक 1.80 करोड़ उपभोक्ता थे, आज 3.70 करोड़ हैं

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के बिजली और किसानों को लेकर दिए बयान पर उत्तर प्रदेश सरकार के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा का तीखा जवाब आया है। उर्जा मंत्री ने सवाल किया है कि, जब अखिलेश यादव सत्ता में थे, तब उन्होंने किसानों के लिए बिजली और पानी की सुचारू व्यवस्था क्यों नहीं की।

इसे भी पढ़ें- ऊर्जा मंत्री एके शर्मा  ने उपभोक्ताओं को दी बड़ी राहत…बैलेंस समाप्त होने पर रात और अवकाश में नहीं कटेगी बिजली

सत्ता में थे, तब क्यों नहीं दी बिजली

एके शर्मा ने कहा कि, अखिलेश यादव जब-जब बिजली का मुद्दा उठाते हैं, तो उन्हें ही नहीं, बल्कि प्रदेश के हर व्यक्ति को हंसी आती है। उन्होंने कहा कि, अखिलेश यादव का कहना है कि, सत्ता में आने पर सभी किसानों को बिजली और पानी देंगे, लेकिन सवाल यह है कि जब उनकी सरकार थी तब उन्होंने किसानों की बिजली-पानी क्यों नहीं दिया।

AK SHARMA AKHILESH YADAV

उर्जा मंत्री ने कहा, उन्हें ऐसा लग रहा है कि, अखिलेश यादव पूरे उत्तर प्रदेश की नहीं, बल्कि सिर्फ अपने गांव और सैफई की बात कर रहे हैं। शर्मा ने कहा कि, जब अखिलेश सत्ता में थे, तो सैफई में पर्याप्त बिजली और पानी मिला होगा और सबसे बड़ी बात मुफ्त बिजली भी दी गई, जबकि पूरा प्रदेश बिजली के लिए तरस रहा था।

 दो-तिहाई आबादी ने नहीं देखी थी बिजली

एके शर्मा ने कहा कि, 2017 तक करीब तीन लाख गांवों और मजरों में से केवल 60-70 हजार गांवों में केवल 1,21,000 मजरों का विद्युतीकरण हुआ था। उन्होंने कहा कि इसका मतलब यह है कि, राज्य की दो-तिहाई आबादी ने बिजली का दर्शन भी नहीं किया था। न खंभा पहुंचा था, न तार और बिजली तो दूर की बात थी।

बिजली उपभोक्ता की संख्या तेजी से बढ़ी

मंत्री ने कहा कि अखिलेश यादव को यह भी जानना चाहिए कि 2017 तक, आजादी के 70 वर्षों में उत्तर प्रदेश में केवल करीब 1 करोड़ 80 लाख विद्युत उपभोक्ता हुआ करते थे। आज यह संख्या बढ़कर 3 करोड़ 70 लाख हो गई है।

उन्होंने कहा कि बिजली उपभोक्ताओं की संख्या में करीब दो करोड़ की बढ़ोतरी हुई है। शर्मा ने कहा कि राज्य का क्षेत्रफल, जनसंख्या और घरों की संख्या लगभग वही है, जबकि बिजली उपभोक्ताओं की संख्या में बड़ा इजाफा हुआ है।

एके शर्मा ने कहा कि ऐसे में अखिलेश यादव को बिजली पर बोलने का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश सरकार के दौरान बिजली तंत्र और पूरे राज्य की व्यवस्था की जो दुर्दशा हुई, उसे मौजूदा डबल इंजन सरकार पाटने का काम कर रही है।

राजनीतिक स्वार्थ के लिए रंग बदलने का आरोप

अखिलेश यादव के हरे और लाल रंग को लेकर दिए बयान पर भी एके शर्मा ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव का कोई रंग नहीं है। वे राजनीतिक स्वार्थ के लिए रंग बदलते रहते हैं। उन्होंने कहा कि, लाल टोपी, हरा रंग और काली सदरी उनका कोई एक रंग नहीं है। शर्मा ने कहा कि, पंडितों के बीच जाने पर PDA का फुल फॉर्म ‘पंडित’ बताते हैं, पिछड़ों के बीच जाने पर PDA का मतलब ‘पिछड़ा’  बताते हैं। उन्होंने कहा कि, अखिलेश यादव न पिछड़ों के हैं, न पंडितों के और न ही किसी एक रंग के। उनके मुताबिक अखिलेश यादव राजनीतिक स्वार्थ के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं।

 महिलाओं से छेड़छाड़, अखिलेश का समाजवाद है

अखिलेश यादव की ओर से पत्रकारों को समाजवाद पढ़ने की सलाह दिए जाने पर भी एके शर्मा ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अखिलेश ने बहुत अच्छी पढ़ाई पढ़ ली है। पत्रकारों को उनके वाले समाजवाद की पढ़ाई नहीं करनी चाहिए।

शर्मा ने आरोप लगाया कि,  गरीबों को प्रताड़ित करना और महिलाओं के साथ छेड़छाड़ तथा उनकी इज्जत के साथ खिलवाड़ करना ही अखिलेश का समाजवाद है। उन्होंने पत्रकारों समेत पूरे समाज से अपील की कि ऐसे समाजवाद की पढ़ाई न करें।

 

इसे भी पढ़ें- प्रभारी मंत्री एके शर्मा ने नवविवाहित जोड़ों को दिया आशीर्वाद

Related Articles

Back to top button