एसिड अटैक : बरेली में दंत चिकित्सक के बच्चों पर हुआ एसिड अटैक, हमलावर ने घर में घुसकर की वारदात

बरेली में दिल दहला देने वाली घटना सामने आयी है। बीते सोमवार की रात कुछ बदमाशों ने एक घर में घुसकर दंत चिकित्सक के बेटे और बेटी पर तेजाब फेंक दिया, जिससे दोनों बुरी तरह से झुलस गए। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर उनके परिवार वाले जागे, तब तक हमलावर फरार हो गया। दोनों बच्चों को तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पीलीभीत के रहने वाले दंत चिकित्सक के बेटा और बेटी इज्जत नगर थाना क्षेत्र की बन्नूबाल नगर कॉलोनी में एक मकान में किराये पर रहते हैं। दोनों यहां रहकर पढ़ाई कर रहे हैं। बेटी 20 साल की है और बेटा 17 साल का है। बीते सोमवार की रात में दोनों भाई-बहन अपने छत पर बने कमरे में सो रहे थे। इनके चाचा बाहर बरामदे में सो रहे थे।

छत पर बने कमरे में सो रहे थे भाई-बहन
जानकारी के मुताबिक, रात 3 बजे किसी ने सोते वक्त भाई-बहन पर तेजाब फेंक दिया। इससे दोनों करीब 10 फीसदी झुलस गए। दोनों के चेहरों पर तेजाब फेंका गया है। चीख-पुकार मचने पर आसपास के लोग जाग गए। इस बीच हमलावर भाग गया। दोनों भाई बहन को स्टेडियम रोड के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

इस घटना की जानकारी मिलने पर दंत चिकित्सक पिता भी पीलीभीत से बरेली आ गए। SP सिटी राहुल भाटी ने बताया कि भाई-बहन पर एसिड अटैक का मामला सामने आया है। इस मामले में FIR दर्ज कर ली है। पीड़ितों के बयान के आधार पर दो युवकों को हिरासत में लिया गया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है।

यह भी पढ़े : मणिपुर हिंसा : 2 लापता छात्रों के शवों की तस्वीरें वायरल हुई सोशल मीडिया पर, राज्य सरकार ने तुरंत कार्रवाई करने का दिया आश्वासन

Related Articles

Back to top button