व्लादिमीर पुतिन व किम जोंग ने मिलाया हाथ, आक्रामकता के खिलाफ मिलकर लड़ेंगे रूस और उत्तर कोरिया

प्योंगयांग।रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन बुधवार तडक़े उत्तर कोरिया पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। बता दें कि पुतिन 24 सालों में उत्तर कोरिया की अपनी पहली यात्रा पर हैं। उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन खुद एयरपोर्ट पर खड़े होकर पुतिन के स्वागत की तैयारियों का जायजा लेते दिखे।

पुतिन के लिए एयरपोर्ट पर बड़े-बड़े रेड कारपेट बिछाए गए और विमान से नीचे उतरते ही किम ने उनसे हाथ मिलाया, फिर गले लगा लिया। दोनों नेताओं ने एक-दूसरे को गिफ्ट भी दिया। रूसी राष्ट्रपति के सलाहकार यूरी उशाकोव ने बताया कि पुतिन ने कोरियाई नेता को राष्ट्रपति पुतिन ने नई ऑरस लग्जरी कार गिफ्ट की। पुतिन ने किम को टी सेट भी गिफ्ट किया है। वहीं, किम ने रूसी राष्ट्रपति को उनकी पसंद की कलाकृतियां गिफ्ट कीं। पुतिन के स्वागत समारोह के बाद दोनों नेताओं के बीच आधिकारिक बातचीत हुई, जो डेढ़ घंटे तक चली।

इसके बाद दोनों नेताओं ने अकेले में भी एक-दूसरे से बातचीत की। पुतिन और उन के बीच कई महत्त्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर भी हुए हैं। इनमें से सबसे महत्त्वपूर्ण सुरक्षा समाझौता है। नए सिक्योरिटी पैक्ट के तहत यदि कोई भी तीसरा देश उत्तर कोरिया या फिर रूस पर हमला करता है, तो मास्को और प्योंगयांग एक-दूसरे की मदद करेंगे। रूस और उत्तर कोरिया के बीच इस समझौते से न केवल अमरीका की नींद उड़ी है, बल्कि दक्षिण कोरिया और जापान जैसे वाशिंगटन के सहयोगी देशों की चिंताएं भी बढ़ गई हैं।

Related Articles

Back to top button