वाराणसी : काशी की महिलाओं से खुलकर संवाद करेंगे पीएम मोदी, जानेंगे महिलाएं क्या विचार रखती हैं नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर

लोकसभा में महिला आरक्षण बिल पारित होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 23 सितंबर यानी की शुक्रवार को काशी में नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर संवाद करेंगे। बिल पारित होने के बाद यह पहली बार होगा, जब पीएम नरेंद्र मोदी सार्वजनिक रूप से महिला आरक्षण पर अपनी बात खुलकर रखेंगे। संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के मैदान में आयोजित इस संवाद में वाराणसी और आसपास के जिलों की 5,000 प्रबुद्ध वर्ग की महिलाएं शामिल होंगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 23 सितंबर को करीब 6 घंटे के प्रवास पर अपने संसदीय क्षेत्र काशी आएंगे। दोपहर में वे गंजारी में पूर्वांचल के पहले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का शिलान्यास करेंगे। इसके बाद हेलिकॉप्टर से पुलिस लाइन के लिए उड़ान भरेंगे। यहां से सड़क मार्ग से संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय पहुंचेंगे। यहां बीजेपी महिला मोर्चा, महिला जनप्रतिनिधि और प्रबुद्ध वर्ग की महिलाएं प्रधानमंत्री मोदी का भव्य स्वागत करेंगी। यहां प्रधानमंत्री मोदी नारी शक्ति वंदन अधिनियम (महिला आरक्षण बिल) पर महिलाओं से खुलकर संवाद करेंगे। इसके बाद सड़क मार्ग से ही रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर पहुंचेंगे। यहां अटल आवासीय विद्यालय के छात्र-छात्राओं की प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे और उनसे बातचीत भी करेंगे। इसके बाद मुख्य सभागार में आयोजित काशी सांसद सांस्कृतिक कार्यक्रम के समापन समारोह में शामिल हैं। पीएम मोदी शाम करीब 6.30 बजे बाबतपुर एयरपोर्ट से प्रस्थान करेंगे।

संपूर्णानंद विश्वविद्यालय में सजने लगा मंच
प्रधानमंत्री कार्यालय की तरफ से बीते दिन बृहस्पतिवार की दोपहर में महिला आरक्षण बिल पर संवाद कार्यक्रम को हरी झंडी मिलने के बाद संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में तैयारी शुरू कर दी गई है। यहां संवाद के लिए मंच अभी तैयार किया जा रहा है। मंच पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे।

प्रधानमंत्री की आगवानी करेंगे राज्यपाल और मुख्यमंत्री आदित्यनाथ
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आगवानी के लिए आज 23 सितंबर को राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वाराणसी पहुंचेंगे। एयरपोर्ट से लेकर सभी कार्यक्रम स्थलों पर सीएम योगी उनके साथ रहेंगे।

जनसभा स्थल पर सुरक्षा एजेंसियों ने की तहकीकात
आपको बता दे, जनसभा स्थल पर बीते दिन गुरुवार को बम निरोधक दस्ते ने चप्पे-चप्पे पर जांच की। बनकर तैयार तीनों हेलिपैड पर सेना के हेलिकॉप्टर ने टच एंड गो की प्रैक्टिस भी किया। पुलिस कमिश्नर मुथा अशोक जैन और जिलाधिकारी एस राजलिंगम ने सभास्थल तथा हेलिपैड का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया। जनसभा स्थल पर कुल 30 ब्लॉक बनाए गए हैं। इसमें 6 ब्लॉक VIP के लिए है। सभा में आने वाली जनता के लिए दो प्रवेश और दो निकास द्वार बनाए गए हैं।

पीएम मोदी के स्वागत को लेकर एयरपोर्ट पर आगंतुक पास पर रोक
प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत को देखते हुए सुरक्षा के मद्देनजर एयरपोर्ट पर आगंतुक पास पर रोक लगा दी गई है। शुक्रवार और शनिवार को आगंतुक पास नहीं बनेंगे। कार्यवाहक एयरपोर्ट निदेशक अजय कुमार पाठक मुताबिक, पीएम मोदी की सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए आगंतुक पास पर रोक लगाई गई है।

पीएम मोदी के साथ नींव रखने वाले बलवंत बनाएंगे 23 इज्जत घर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ 6 साल पहले शाहंशाहपुर में इज्जतघर की नींव रखने वाले राजगीर बलवंत राय ने 23 निशुल्क इज्जतघर बनाने का निर्णय लिया है। दरअसल, प्रधानमंत्री मोदी उनके गांव गंजारी में आ रहे हैं। इसी वजह से वे गांव और आसपास के 23 निर्बल वर्ग के परिवारों के शौचालय का निर्माण कराएंगे।

यह भी पढ़े : उत्तर प्रदेश : सरयू एक्सप्रेस में महिला कांस्टेबल पर हुआ जानलेवा हमला, अपराधी एनकाउंटर में ढेर, SO समेत तीन पुलिसकर्मी घायल

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया सरकारी मंथन के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related Articles

Back to top button