कर्नाटक में राजनाथ सिंह बोले- हमारी सरकार कमजोर नहीं, मजबूत है, भारत माता का सिर कभी झुकने नहीं देंगे

कर्नाटक चुनाव को लेकर प्रचार अपने चरम पर है। देश के रक्षा मंत्री और भाजपा नेता राजनाथ सिंह भी आज चुनाव प्रचार के लिए पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने सूडान संकट का जिक्र कर दिया। उन्होंने बेलागवी में एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि आप सूडान में चल रहे संघर्ष को देख सकते हैं। यह एक गृहयुद्ध की तरह है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता जो कभी सीएम थे, ने कहा, “मोदी जी, सूडान से भारतीयों को क्यों नहीं निकाला जा रहा है?” इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि भारतीयों ने जेद्दाह से उड़ान भरी है, उन्हें सूडान से निकाला गया है।

राजनाथ ने हुंकार भरते हुए कहा कि हमारी सरकार कमजोर नहीं मजबूत सरकार है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, हम भारत माता का सिर कभी नहीं झुकने देंगे। उन्होंने कहा कि जब यूक्रेन में युद्ध शुरू हुआ तो भारतीयों को वहाँ से सुरक्षित निकाला। अभी सूडान से भी नौसेना और वायुसेना ने भारतीयों को बाहर निकालना शुरू कर दिया है। रक्षा मंत्री ने कहा कि हमने जो कहा था उसे पूरा करके दिखाया है। हमने कहा था कि जम्मू एवं कश्मीर में धारा 370 समाप्त करेंगे। करके दिखाया है। हमने PFI पर प्रतिबंध लगाने की बात कही थी। करके दिखाया है। हमने अयोध्या में राम मंदिर की बात की थी। आज बन रहा है।

भाजपा नेता ने कहा कि कर्नाटक में लंबे समय तक सूखे की बहुत बड़ी समस्या रही है। हमारे प्रधानमंत्री ने संकल्प लिया है ‘निवास के नीरू, भूमिगे नीरावरी’ यानि हर घर को जल और हर खेत को पानी मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के एक नेता हैं, राहुल गांधी। उन्होंने मोदीजी को लेकर जैसे अपशब्दों का प्रयोग किया है उसके कारण उनकी सदस्यता चलो गई है। उन्होंने ओबीसी कम्युनिटी का अपमान किया है। इसका जवाब इन चुनावों में दिया जाना चाहिए।

Related Articles

Back to top button