अपनी जुबान पर काबू नहीं रख पाए सपा के प्रदेश अध्यक्ष, अखिलेश को बता दिया किसानों के खिलाफ

उत्तर प्रदेश में अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी समाजवादी पार्टी अपनी खोई सत्ता पाने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगाती नजर आ रही है। इसी क्रम में सपा अब सूबे के युवाओं को लुभाने के लिए किसान नौजवान यात्रा निकाल रही है। इस यात्रा में सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम ने भी हिस्सा लिया। हालांकि पत्रकारों से बातचीत करते हुए वे अपनी जुबान पर काबू नहीं कर पाए। दरअसल, पत्रकारों द्वारा पूछे गए किसानों से संबंधित सवाल पर प्रदेश अध्यक्ष की जुबान फिसल गई। गलती से वे बोल बैठे कि यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने किसानों को तबाह कर दिया है।

प्रदेश अध्यक्ष ने बीजेपी पर बोला हमला

एक जनसभा को संबोधित करने के बाद मीडिया से बात करते हुए सपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बीजेपी और कांग्रेस ने किसानों को तबाह कर दिया है। इसी दौरान वह अनजाने में अखिलेश यादव को किसानों के खिलाफ बताते हुए कहने लगे कि हमारे नेता ने किसानों को बरबाद कर दिया है। उन्होंने कहा कि किसान नौजवान यात्रा का उद्देश है किसानों को उनका हक दिलाना और नौजवानों को रोजगार दिलवाना है। उन्होंने बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा कि इस सरकार में खेती करना अब घाटे का सौदा हो गया है।

प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम ने कहा कि भारत कृषि प्रधान देश है लेकिन सरकार की गलत नीतियों के चलते देश के किसान आत्महत्या करने को मजबूर हैं। यूपी में होने वाली हर घटना को लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव बीजेपी पर निशाना साधते नजर आ रहे हैं। हाल में ही लखीमपुर खीरी में हुई घटना के बाद उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात करते हुए केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला था।

यह भी पढ़ें: प्रियंका गांधी के लखीमपुर खीरी दौरे को लेकर आक्रोशित हुए सिख किसान, याद दिलाया 1984 का दंगा

गौरतलब है कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने ‘समाजवादी विजय यात्रा’ की शुरुआत की है। इस यात्रा की शुरुआत से पहले उन्होंने सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव का आशीर्वाद भी लिया। समाजवादी पार्टी की इस यात्रा पर बीजेपी नेता सिद्धार्थ नाथ सिंह ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कोरोना के समय में परेशान लोगों की अनदेखी करने वाले अपने फाइव स्टार रथ से जनता के बीच जा रहे हैं। यह राज्य के लोगों का एक और अपमान होगा।

Related Articles

Back to top button