
कुछ ही महीनों बाद होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले पंजाब की सियासत में खूनी खेल शुरू गया है। दरअसल, मोहाली के सेक्टर 71 की मार्केट में शनिवार को यूथ अकाली दल के नेता विक्रमजीत सिंह उर्फ विक्की मिंडूखेड़ा की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई है। बताया जा रहा है कि इस घटना को आई 20 कार सवार चार बदमाशों ने अंजाम दिया है। घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

अकाली दल के नेता पर चली ताबड़तोड़ गोलियां
मिली जनाकारी के अनुसार, मोहाली के सेक्टर 71 की मार्केट में यूथ अकाली दल के नेता को चार बदमाशों ने घेर लिया और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि अकाली दल का नेता पहले खुद को बचाने के लिए घर की तरफ भागा लेकिन बदमाशों ने दौड़कर उसपर कई गोलियां मारी। इस दौरान विक्की को नौ गोलियां लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मामले की जानकारी मिलने के बाद एसएसपी सतिंदर सिंह फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस घटना स्थल व आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। घटना के पीछे के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है।
यह भी पढ़ें: स्वतंत्रदेव से मुलाक़ात पर राजभर ने किया बड़ा खुलासा, ओवैसी को बताया अपना साथी
हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस इस हमले के पीछे की वजह भी तलाशने में जुटी है। दिनदहाड़े घटी इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।



