68 हजार ग्राम प्रहरियों को योगी की सौगात, अब हर महीने मिलेगा 3500 रुपये मानदेय

मंच से सम्मानित हुए उत्कृष्ट कार्य करने वाले ग्राम प्रहरी

बरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को बरेली से प्रदेश भर के लगभग  68 हजार ग्राम प्रहरियों को बड़ी सौगात दी। यहां प्रहरी सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने प्रहरियों के मानदेय में एक हजार रुपए बढ़ोतरी का ऐलान किया। इस ऐलान के  बाद अब प्रहरियों को प्रतिमाह 2500 की बजाय 3500 रुपए मिलेंगे। यानी प्रत्येक ग्राम प्रहरी को सालाना 12 हजार रुपये अतिरिक्त मिलेंगे।

इसे भी पढ़ें- किसानों के खाते में सीधे पहुंचा 493 करोड़ का मुआवजा, सीएम योगी बोले- ‘अब बिल नहीं, बिजली आती है’

2017 से पहले प्रदेश में था भय का माहौल

बरेली की रिजर्व पुलिस लाइन में ग्राम प्रहरी सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि, 2017 में ग्राम प्रहरियों को मात्र 1500 रुपये मानदेय मिलता था। वर्ष 2019 में उनकी सरकार में इसे बढ़ाकर 2500 रुपये किया गया था और अब 3500 मिलेंगे। सीएम ने कहा, मानदेय के साथ ही उनकी सुविधाओं में भी इजाफा किया जा रहा है।

gram prahri

उन्होंने कहा वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में पर्व-त्योहार आते ही उपद्रव शुरू हो जाते थे। मुट्ठी भर अराजक तत्वों की करतूतों का खामियाजा प्रदेश की 25 करोड़ जनता को भुगतना पड़ता था। दूसरे राज्यों में यूपी के लोगों को अपनी पहचान छिपानी पड़ती थी, लेकिन अब स्थिति बदल चुकी है। पहले जो लोग उत्तर प्रदेश का नाम सुनकर दूरी बना लेते थे, आज वहीं लोग यूपी का नाम सुनकर गले मिलने आते हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार ने प्रदेश के प्रति देश-दुनिया की धारणा बदल दी है।

मजबूत होगा सूचना तंत्र 

सीएम ने कहा,  जिस तरह से शहरों में सीसीटीवी कैमरे अपराधियों पर नजर रखते हैं, ठीक उसी तरह ग्राम प्रहरी की भूमिका गांवों में होनी चाहिए। संदिग्ध गतिविधियों, अपराध और जमीन कब्जाने वालों की सूचना तत्काल पुलिस तक पहुंचाएं। थानाध्यक्ष अथवा हलके के दारोगा सप्ताह में कम से कम एक दिन ग्राम प्रहरियों के साथ बैठक करें। ऐसा करने से सूचना तंत्र मजबूत होगा और छोटी घटनाओं को बड़ा विवाद बनने से पहले ही रोका जा सकेगा। सीएम ने गृह विभाग को रिक्त पदों को भरने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने ग्राम प्रहरियों से वन्यजीवों के खतरे, अफवाहों और भू-माफिया की गतिविधियों की सूचना भी प्रशासन को देने को कहा।  पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बहराइच और बिजनौर का जिक्र करते हुए सीएम ने कहा समय पर मिली सूचना बड़ी अनहोनी टाल सकती है। बिजनौर में 40 से अधिक तेंदुओं का रेस्क्यू किया गया है। प्रदेश की 57,600 से अधिक ग्राम पंचायतों और लगभग 1.05 लाख राजस्व गांवों में ग्राम प्रहरियों की सजगता महत्वपूर्ण है। गांव सुरक्षित होंगे तो आत्मनिर्भर बनेंगे। इससे विकसित उत्तर प्रदेश और विकसित भारत का संकल्प मजबूत होगा।

पर्व से पहले बनी रहती थी उपद्रव की आशंका

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि पहले नवरात्र और दूसरे पर्वों पर उपद्रव होने की आशंका बनी रहती थी, लेकिन अब ऐसा नहीं है। अब नवरात्र के प्रथम दिन से ही गांव-गांव में दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित होने लगती है और लोग बढ़ चढ़कर उसमें हिस्सा लेने लगते हैं।  पिछले दिनों में विंध्यवासिनी धाम में सवा दो से ढाई लाख श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।

gram prahri

मंगलवार सुबह छह बजे तक डेढ़ लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके थे। देवीपाटन धाम में भी डेढ़ लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे। सीतापुर के ललिता देवी मंदिर और सहारनपुर की शाकंभरी पीठ पर भी श्रद्धालुओं भारी भीड़ उमड़ रही है। पूरे प्रदेश में भय मुक्त वातावरण है।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि, वर्ष 2017 से पहले सत्ता में बैठे लोग ही लूटपाट कराते थे। पुलिस भी कार्रवाई करने में असमर्थ होती थी। अब अपराधियों के मन में कानून का भय है। शहरों में सीसीटीवी और एआई तकनीक से संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी हो रही है। बेटियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को जेल या जहन्नुम भेजा जा रहा है। माफिया मिट्टी में मिल चुके हैं। प्रदेश में अब दंगा और उपद्रव नहीं होता। कानून-व्यवस्था बेहतर होने से निवेश, व्यापार और रोजगार में बढ़ोत्तरी हो रही है।

मंच पर सम्मानित हुए ग्राम प्रहरी

मुख्यमंत्री योगी ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले 11 ग्राम प्रहरियों को मंच पर साफा पहनाकर और गिफ्ट हैम्पर देकर सम्मानित किया। इनमें बहेड़ी से राम राठौर, पीलीभीत के सुनगढ़ी से राजेंद्र बाल्मीकि, बरेली के फरीदपुर से राजवीर सिंह, सिरौली से कुंवर पाल सिंह,  शाहजहांपुर के पुवायां से कमलेश, मुरादाबाद के कांठ से कमलेश सिंह सैनी, रामपुर के टांडा से ध्यान सिंह चौहान, बिजनौर की शहर कोतवाली से राजेश सैनी, संभल के हजरतनगर गढ़ी से अनिल बाल्मीकि,  शाहबाद से प्रकाश और अमरोहा के नौगावां सादात से तेजपाल प्रजापति शामिल रहे। समारोह में ग्राम प्रहरियों के योगदान पर एक लघु फिल्म भी दिखाई गई।

छह करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर निकले- वित्त मंत्री

समारोह में मौजूद वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि, मुख्यमंत्री योगी ने मानदेय बढ़ाकर ग्राम प्रहरियों के प्रति संवेदनशीलता दिखाई है। गांवों की शांति में ग्राम प्रहरी अहम भूमिका निभाते हैं। मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में प्रदेश की तस्वीर बदली है। वित्त मंत्री ने दावा किया कि सीएम योगी के नेतृत्व में छह करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से बाहर निकले हैं।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद

समारोह में मंत्री जयेंद्र प्रताप सिंह राठौर, अरुण कुमार सक्सेना, संजय सिंह गंगवार, सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार, राज्यसभा सदस्य श्रुति गंगवार, महापौर डॉ. उमेश गौतम और अपर मुख्य सचिव गृह संजय प्रसाद मौजूद रहे।

 

इसे भी पढ़ें- अराजकता छोड़े कांग्रेस, वरना बचा-खुचा अस्तित्व भी खो देगी: सीएम योगी

Related Articles

Back to top button