40 भाषाओं में रिलीज होगी रणबीर कपूर की ‘रामायण’, एडवांस बुकिंग इस डेट से

रणबीर कपूर की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण: पार्ट 1’ का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। फिल्म 5 नवंबर को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी, जबकि दशहरे के दिन यानी 20 अक्टूबर से इसकी एडवांस बुकिंग शुरू हो जाएगी। खबर है कि, मेकर्स इसे करीब 40 भाषाओं में रिलीज करने की तैयारी में हैं, ताकि दुनिया का हर दर्शक इसे अपनी भाषा में देख सके।

दशहरे से खुलेगी एडवांस बुकिंग

फिल्म की रिलीज को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह है। मेकर्स ने रिलीज से पहले ही प्रमोशन तेज कर दिया है। दशहरे जैसे शुभ अवसर पर टिकट खिड़की खोलने का फैसला भी इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। दीपावली से ठीक पहले रिलीज होने वाली यह फिल्म त्योहारी सीजन का सबसे बड़ा आकर्षण बन सकती है।

इसे भी पढ़ें- ‘रामायण’ के म्यूजिक राइट्स के लिए टी-सीरीज ने खेला बड़ा दांव, इतने करोड़ रुपये में हुई डील

हालांकि, रिलीज की तारीखों को लेकर कुछ अलग रिपोर्ट्स भी सामने आई हैं। फिल्म की अंतरराष्ट्रीय वितरक सोनी पिक्चर्स ने पहले वैश्विक रिलीज की तारीख 6 नवंबर बताई थी। मनोरंजन वेबसाइट पिंकविला की रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में फिल्म 5 नवंबर को रिलीज होगी और 4 नवंबर को पेड प्रीव्यू शो हो सकते हैं।

40 भाषाओं में रिलीज की तैयारी

बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के अनुसार, प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा और उनकी कोर टीम फिल्म को भारत की अब तक की सबसे बड़ी रिलीज बनाने में जुटी है। नमित लंबे समय से इस प्रोजेक्ट के पीछे लगे हैं।

Ramayana_Release_Date

फिल्म को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने के लिए इसे दुनियाभर में लगभग 40 भाषाओं में रिलीज किये जाने की तैयारी चल रही है। इसका मतलब है कि अलग-अलग देशों के दर्शक मूल कहानी को अपनी ही भाषा में महसूस कर सकेंगे।

मल्होत्रा पहले भी बता चुके हैं कि फिल्म को कई भाषाओं के दर्शकों के लिए तैयार करने में उन्नत तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। फिल्म का ट्रेलर हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम, यानी पांच भारतीय भाषाओं में जारी हो चुका है। बाद में इसका अंग्रेजी ट्रेलर भी आया।

रणबीर बने राम, यश रावण के रोल में

फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा हैं, जबकि निर्देशन की कमान नितेश तिवारी के हाथों में है। नितेश इससे पहले ‘दंगल’ और ‘छिछोरे’ जैसी फिल्में बना चुके हैं। रणबीर कपूर फिल्म में मुख्य भूमिका में हैं और भगवान राम का किरदार निभा रहे हैं। साई पल्लवी माता सीता के रोल में नजर आएंगी, जबकि रवि दुबे लक्ष्मण बने हैं।

सबसे ज्यादा चर्चा यश के रावण वाले लुक की है। दक्षिण भारतीय सिनेमा के सुपरस्टार यश को इस भूमिका में दर्शकों की खूब सराहना मिल रही है। ट्रेलर की शुरुआत भी रावण के लंका का राजा बनने के दृश्य से होती है।

फिल्म में विवेक ओबेरॉय, रकुल प्रीत सिंह, अरुण गोविल और लारा दत्ता जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में दिखेंगे। इसके अलावा सनी देओल का भी स्पेशल रोल है। वह हनुमान के किरदार में होंगे। बताया जा रहा है कि अभी तक उनका लुक सामने नहीं लाया गया है।

 लोगों को पसंद आया ट्रेलर

फिल्म का ट्रेलर 30 जुलाई को जारी हुआ था और इसे दर्शकों से काफी तारीफ मिली। इसमें राम के अयोध्या के दिनों से लेकर रामायण की पौराणिक कथा की झलक दिखाई गई है। हालांकि, सब कुछ सकारात्मक नहीं रहा। ट्रेलर रिलीज के बाद लारा दत्ता और रकुल प्रीत सिंह को अपने लुक और आउटफिट्स की वजह से सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद फिल्म को लेकर समग्र माहौल उत्साह भरा ही बना हुआ है।

तकनीक और संगीत पर जोर

फिल्म का निर्माण नमित मल्होत्रा की प्राइम फोकस स्टूडियोज और ऑस्कर विजेता वीएफएक्स स्टूडियो डीएनईजी ने यश की कंपनी मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के सहयोग से किया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म के दोनों भाग आईमैक्स फॉर्मेट के लिए शूट किए गए हैं। पटकथा प्रसिद्ध लेखक श्रीधर राघवन ने तैयार की है। संगीत की जिम्मेदारी ऑस्कर विजेता हैंस जिमर और ए.आर. रहमान ने संभाली है। इसे पूर्व और पश्चिम के संगीत का अब तक का सबसे बड़ा मेल बताया जा रहा है।

दो हिस्सों में आएगी महागाथा

‘रामायण’ दो भागों में बनी है। पहला पार्ट इस साल दिवाली के आसपास रिलीज हो रहा है, जबकि दूसरा पार्ट अगले साल दिवाली पर आएगा। रणबीर कपूर ने एक इंटरव्यू में कहा था कि रामायण जैसी महागाथा को सिर्फ दो फिल्मों में समेटना बेहद मुश्किल काम था। उनके मुताबिक इसके लिए शायद दस भागों की जरूरत पड़ती।

Ramayana_Release_Date

मेकर्स की ओर से कहा गया है कि रामायण केवल एक महाकाव्य नहीं, बल्कि हमारे जीवन, त्योहारों और मूल्यों का हिस्सा है। उनकी उम्मीद है कि दर्शक सिर्फ भव्यता ही नहीं, बल्कि कहानी की भावनाओं और मानवीयता को भी महसूस करेंगे।

बॉक्स ऑफिस पर टिकी निगाहें

अब सबकी नजर इस पर है कि दशहरे से शुरू होने वाली एडवांस बुकिंग में फिल्म कैसा रिस्पॉन्स पाती है। भारी बजट, बड़ी स्टारकास्ट और वैश्विक रिलीज के साथ ‘रामायण: पार्ट 1’ से बॉक्स ऑफिस पर बड़ी कमाई की उम्मीद की जा रही है। अब देखना यह होगा कि फिल्म दर्शकों की इन उम्मीदों पर कितनी खरी उतरती है।

 

इसे भी पढ़ें- रणबीर कपूर बने अयोध्यावासी, फिल्म  ‘रामायण’ की रिलीज से पहले राम नगरी में खरीदी करोड़ों की जमीन

Related Articles

Back to top button