
जब भी मौसम बदलता है, उसका असर चेहरे पर दिखने लगता है। चेहरे से लेकर हाथ-पैरों तक की स्किन खिंची-खिंची महसूस होती है, रूखापन बढ़ जाता हैं, जिससे चेहरे की चमक धीरे-धीरे कम होने लगती है। ऐसे में बहुत से लोग महंगे मॉइस्चराइजर की ओर भागते हैं, लेकिन अगर आप चाहें तो इसे अपने घर में ही आसानी से मिलने वाली कुछ चीजों से मॉइस्चराइजर तैयार कर सकते हैं।
दावा किया जाता है कि यह त्वचा को मुलायम बनाने के साथ उसे चमकदार बनाने में भी मदद करता है। इसमें इस्तेमाल होने वाली सामग्री ज्यादा महंगी नहीं है, इसलिए यह बाजार के मॉइस्चराइजर की तुलना में कहीं ज्यादा किफायती भी साबित हो सकता है। आइए जानते हैं इसे बनाने का आसान तरीका।
इसे भी पढ़ें- इन फलों से पाएं नेचुरल स्किन ग्लो, दूर होती हैं त्वचा की गंभीर समस्याएं, बस फायदे और सेवन का तरीका जान लें
क्यों रूखी हो जाती है त्वचा
मौसम में बदलाव के दौरान हवा में नमी घट जाती है। शुष्क हवाएं त्वचा की ऊपरी परत से नमी खींच लेती हैं, जिससे त्वचा खुरदरी, बेजान और कई बार फटी हुई दिखाई देने लगती है।

चेहरे, होंठ, हाथ और पैरों की त्वचा पर इसका असर सबसे पहले नजर आता है। जानकारों के मुताबिक, ऐसे समय में त्वचा को बार-बार नमी देना और पर्याप्त पानी पीना जरूरी होता है। इसी जरूरत को पूरा करने के लिए घरेलू मॉइस्चराइजर एक सस्ता और आसान विकल्प माना जा रहा है।
कम मेहनत में बन जाएगा
इस घरेलू मॉइस्चराइजर को बनाने के लिए ज्यादा मेहनत या तामझाम की जरूरत नहीं पड़ती। इसे आप बड़ी आसानी से घर पर तैयार कर सकते हैं और कुछ दिनों तक संभालकर रख भी सकते हैं। इसमें इस्तेमाल होने वाली ज्यादातर चीजें प्राकृतिक हैं, इसलिए आम तौर पर इसके साइड इफेक्ट का डर कम माना जाता है। हालांकि हर व्यक्ति की त्वचा अलग होती है। इसलिए शुरुआत में इसे कम मात्रा में ही बनाएं और इस्तेमाल से पहले पैच टेस्ट जरूर कर लें।
ये सामग्री करें नोट
इस मॉइस्चराइजर के लिए आपको चाहिए दो बड़े चम्मच एलोवेरा जेल। ध्यान रहे कि जेल बिना रंग और बिना खुशबू वाला हो। इसके अलावा एक चम्मच ग्लिसरीन लें, लेकिन इसे ज्यादा न डालें, वरना मॉइस्चराइजर में चिपचिपापन रह सकता है। दो छोटे चम्मच गुलाब जल, दो से तीन विटामिन ई के कैप्सूल, चार से पांच बूंद एसेंशियल ऑयल और दो चम्मच बादाम का तेल भी चाहिए होगा। एसेंशियल ऑयल के लिए टी-ट्री या लैवेंडर का इस्तेमाल किया जा सकता है। बादाम का तेल त्वचा को पोषण देने के लिए डाला जाता है।
ये है बनाने का तरीका
सबसे पहले एक बड़ी प्लेट या कांच के कटोरे में एलोवेरा जेल डालें। इसमें गुलाब जल और ग्लिसरीन मिलाकर अच्छी तरह मिलाएं, ताकि गुलाब जल अलग न दिखे। इसके बाद बादाम का तेल और विटामिन ई के कैप्सूल का तेल मिलाएं। सभी चीजों को तब तक अच्छी तरह फेंटें, जब तक वे क्रीम जैसी बनावट में न आ जाएं।

अगर आपने प्लेट या थाली में सामग्री ली है, तो मिलाने के लिए गिलास या कटोरी की तली का इस्तेमाल कर सकते हैं। जब सारी चीजें अच्छी तरह मिल जाएं, तो सबसे आखिर में एसेंशियल ऑयल की बूंदें डालकर एक बार फिर हल्के हाथ से मिला दें। बस, आपका घरेलू मॉइस्चराइजर तैयार है।
कैसे करें स्टोर
तैयार मॉइस्चराइजर को किसी एयरटाइट कंटेनर में भरकर रखें। इसे सामान्य कमरे के तापमान पर भी रखा जा सकता है, लेकिन फ्रिज में रखने पर यह ज्यादा समय तक सुरक्षित रह सकता है। चूंकि यह घर पर बना है और इसमें बाजार की क्रीम की तरह प्रिजर्वेटिव नहीं होते, इसलिए इसे ज्यादा लंबे समय तक रखने से बचें। अगर इसकी गंध बदल जाए, रंग में फर्क दिखे या ऊपर कोई परत जमने लगे, तो इसका इस्तेमाल बंद कर दें। सबसे पहले इसे थोड़ी मात्रा में लगाकर देखें। अगर आपकी त्वचा को यह सूट करता है, तभी इसे दोबारा थोड़ी ज्यादा मात्रा में बनाएं।
कब और कैसे लगाएं
इस मॉइस्चराइजर को चेहरे के साथ हाथ-पैरों की त्वचा पर भी लगाया जा सकता है। नहाने या चेहरा धोने के बाद जब त्वचा हल्की नम हो, तब इसे लगाना बेहतर माना जाता है। इसके अलावा जब भी त्वचा में रूखापन महसूस हो, इसे लगाया जा सकता है। रात में सोने से पहले लगाने पर सुबह त्वचा में बेहतर नरमी महसूस हो सकती है। लगाने के बाद हल्के हाथों से मसाज करें, ताकि मॉइस्चराइजर त्वचा में अच्छी तरह समा जाए।
पैच टेस्ट क्यों है जरूरी
किसी भी नए उत्पाद को पूरे चेहरे या शरीर पर लगाने से पहले पैच टेस्ट करना सुरक्षित माना जाता है। इसके लिए कान के पीछे या कलाई के अंदर वाले हिस्से पर थोड़ा-सा मॉइस्चराइजर लगाएं और कुछ घंटे इंतजार करें। अगर जलन, लालिमा, खुजली या चकत्ते जैसी कोई दिक्कत दिखे, तो इसका इस्तेमाल न करें। एसेंशियल ऑयल कुछ लोगों की संवेदनशील त्वचा पर असर कर सकते हैं, इसलिए जिन्हें एलर्जी की समस्या रहती है, वे खास सावधानी रखें।
इन बातों का भी रखें ध्यान
घरेलू नुस्खे हर किसी के लिए एक जैसा नतीजा दें, यह जरूरी नहीं है, जिन लोगों को एक्जिमा, सोरायसिस या किसी अन्य त्वचा रोग की समस्या है, उन्हें कोई भी नया उत्पाद लगाने से पहले त्वचा रोग विशेषज्ञ की सलाह लेनी चाहिए। मॉइस्चराइजर बनाते समय साफ बर्तन और साफ हाथों का इस्तेमाल करें, ताकि उसमें किसी तरह का संक्रमण न पहुंचे। एलोवेरा जेल और अन्य सामग्री भी भरोसेमंद जगह से ही खरीदें।
इन आदतों से भी मिलेगी राहत
त्वचा को सेहतमंद रखने के लिए सिर्फ मॉइस्चराइजर पर्याप्त नहीं होता। दिनभर में पर्याप्त पानी पीना, ज्यादा गर्म पानी से नहाने से बचना और धूप में निकलते समय त्वचा का ध्यान रखना भी जरूरी माना जाता है। संतुलित आहार और पूरी नींद का भी त्वचा की सेहत पर सीधा असर पड़ता है। अगर रूखापन बहुत ज्यादा हो या घरेलू उपायों से आराम न मिले, तो डॉक्टर से सलाह लेना बेहतर रहेगा।
इसे भी पढ़ें- गर्मियों में इस फेस पैक्स से आपकी स्किन बनी रहेगी तरोताजा, ऐसे करें यूज



