कभी कर्ज में डूबा था रेस्टोरेंट, अनुष्का-विराट ने बदल दी जिन्दगी, अब करोड़ों में होती है कमाई

मुंबई के चेंबूर इलाके में चलने वाला एक छोटा सा छोले-भटूरे का रेस्टोरेंट कभी बंद होने की कगार पर पहुंच चुका था। करीब 18 लाख रुपये के कर्ज में डूबे इस रेस्टोरेंट की तकदीर आज पूरी तरह बदल चुकी है। दरअसल, बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा और क्रिकेटर विराट कोहली की ओर से दिए गए छोले-भटूरे के एक साधारण से ऑर्डर ने इस छोटे से कारोबार को नई ऊंचाइयों पर पहुंचा दिया, जो रेस्टोरेंट कभी महीने भर में मुश्किल से डेढ़ लाख रुपये की बिक्री कर पाता था, वह आज करीब दो करोड़ रुपये महीने का कारोबार कर रहा है। इतना ही नहीं, मुंबई और आसपास के इलाकों में इसकी चार शाखाएं भी खुल चुकी हैं।

इसे भी पढ़ें-अनुष्का शंकर, शक्ति और  ‘साउंड्स ऑफ कुंभ’ ग्रैमी पुरस्कारों से चूके 

कॉमेडियन की एक स्टोरी से शुरू हुई कहानी

इस रेस्टोरेंट का नाम ‘दिल्ली से’ है, जिसके मालिक दो भाई जसपाल सिंह खालसा और महिंदर सिंह खालसा हैं। दोनों भाइयों ने हाल ही में एक मीडिया संस्थान से बातचीत में इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी साझा की। उनके मुताबिक, सितंबर 2022 में स्टैंडअप कॉमेडियन अभिषेक उपमन्यु संयोगवश उनके चेंबूर स्थित आउटलेट पर पहुंचे थे।

Anushka-Virat

वहां छोले-भटूरे खाने के बाद उन्होंने स्वाद की तारीफ करते हुए इसकी जानकारी अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर साझा कर दी। उस वक्त रेस्टोरेंट के मालिक अभिषेक को जानते तक नहीं थे। बावजूद इसके, अगले दो-तीन दिनों में रेस्टोरेंट पर आने वाले ग्राहकों की संख्या अचानक बढ़ने लगी। शुरुआत में मालिकों को समझ नहीं आया कि आखिर यह इजाफा क्यों हो रहा है, बाद में उन्हें पता चला कि अभिषेक की पोस्ट के जरिए यह जानकारी तेजी से फैल रही है।

अनुष्का शर्मा तक पहुंची खबर

अभिषेक उपमन्यु की यह पोस्ट घूमते-घामते अनुष्का शर्मा तक भी पहुंच गई। अनुष्का लंबे समय से मुंबई में दिल्ली जैसे असली स्वाद वाले छोले-भटूरे की तलाश में थीं, खासकर विराट कोहली के लिए, जिन्हें यह व्यंजन बेहद पसंद है। पांच अक्टूबर 2022 को अनुष्का ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर खुशी जाहिर करते हुए लिखा कि मुंबई में दिल्ली जैसे छोले-भटूरे की उनकी तलाश आखिरकार पूरी हो गई है।

हालांकि, इस पोस्ट से पहले ही रेस्टोरेंट के मालिकों के पास एक फोन आ चुका था। कॉल करने वाली महिला ने जुहू स्थित एक पते पर दो प्लेट छोले-भटूरे पहुंचाने को कहा। उस समय एक प्लेट की कीमत मात्र 120 रुपये थी, जबकि जुहू तक आने-जाने का खर्च करीब 400 रुपये था। जसपाल को यह कॉल संदिग्ध लगी और उन्होंने सामने वाली महिला से साफ कह दिया कि, इतनी दूर डिलीवरी के लिए मिलने वाली रकम ऑर्डर की कीमत से कहीं ज्यादा होगी। जवाब में महिला ने भरोसा दिलाया कि, यात्रा का पूरा खर्च भी वहन किया जाएगा।

बैंक डिटेल मांगे जाने पर बढ़ा शक

जब फोन करने वाली महिला ने भुगतान के लिए बैंक खाते की जानकारी मांगी, तो जसपाल का शक और गहरा गया। उन्होंने साफ मना करते हुए कहा कि, पहले पूरा भुगतान चाहिए, तभी ऑर्डर भेजा जाएगा। इसके बाद उन्होंने अपने भाई महिंदर को फोन कर पूरी बात बताई और आशंका जताई कि कहीं यह किसी तरह की धोखाधड़ी की कोशिश तो नहीं। महिंदर ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि, बैंक डिटेल देने में कोई हर्ज नहीं है, जिस पर जसपाल ने मजाक में जवाब दिया कि, वैसे भी उनके खाते में बैलेंस नेगेटिव चल रहा है, चुराने को कुछ है ही नहीं।

कई दिनों तक लगातार आ रहे फोन कॉल से परेशान होकर आखिरकार जसपाल ने पूछ ही लिया कि, ऑर्डर आखिर कब लेना है, तभी उन्हें बताया गया कि यह कॉल विराट कोहली के घर से की जा रही है। यह सुनकर भी जसपाल को यकीन नहीं हुआ। उन्होंने पलटकर कहा कि, एक सेलिब्रिटी और चेंबूर में छोटी सी दुकान चलाने वाले उनके बीच ऐसा जुड़ाव कैसे संभव है, इसलिए वे इस बात पर भरोसा नहीं कर सकते।

आखिरकार पहुंचे विराट-अनुष्का के घर

संदेह के बावजूद जसपाल और महिंदर ऑर्डर लेकर दिए गए पते पर पहुंच ही गए। वहां पहुंचने के बाद उन्होंने स्टाफ से माफी भी मांगी, क्योंकि फोन पर बातचीत के दौरान उनका लहजा कुछ तल्ख हो गया था। रेस्टोरेंट लौटने के बाद उन्हें दोबारा फोन आया, जिसमें पूछा गया कि, क्या वे इंस्टाग्राम इस्तेमाल करते हैं और विराट या अनुष्का को फॉलो करते हैं। इसके तुरंत बाद स्टाफ ने उन्हें अनुष्का की वह पोस्ट भेजी, जिसमें उन्होंने ‘दिल्ली से’ के छोले-भटूरे की तारीफ की थी।

आधे घंटे में उमड़ी भारी भीड़ 

अनुष्का की पोस्ट सामने आते ही रेस्टोरेंट के हालात पूरी तरह बदल गए। महज आधे घंटे के भीतर वहां इतनी भीड़ जमा हो गई कि, मालिक खुद हैरान रह गए। आसपास रहने वाले लोग तक यह पूछने लगे कि, कहीं वहां मुफ्त में खाना तो नहीं बांटा जा रहा। फोन लगातार बजते रहे और स्थिति संभालना मुश्किल हो गया। भीड़ इतनी बेकाबू हो गई कि मौके पर पुलिस को भी बुलाना पड़ा।

Anushka-Virat

ग्राहक छह-छह, दस-दस प्लेट के ऑर्डर देने लगे, जबकि रेस्टोरेंट के पास इतना सामान मौजूद ही नहीं था। मजबूरी में मालिकों ने आसपास के लोगों से मदद मांगी और घरों में छोले भिगोने की गुजारिश की, ताकि सप्लाई पूरी की जा सके। कुछ ग्राहक दो-तीन प्लेट पाने के लिए दो घंटे से ज्यादा समय तक इंतजार करते रहे। तीसरे दिन तक हालात यह हो गए कि रोजाना इस्तेमाल होने वाले आठ किलो छोले का आंकड़ा बढ़कर सौ किलो तक जा पहुंचा।

बंद होने की कगार पर था रेस्टोरेंट

‘दिल्ली से’ नाम का यह रेस्टोरेंट 15 अक्टूबर 2021 को चेंबूर के कैंप इलाके में महज 250 वर्ग फुट की जगह में शुरू हुआ था, जिसमें सिर्फ तीन टेबल और नौ सीटें थीं। धीरे-धीरे व्यापार में गिरावट आने लगी और सितंबर 2022 तक रेस्टोरेंट पर करीब 18 लाख रुपये का कर्ज चढ़ चुका था। जसपाल के मुताबिक, जनवरी से ही बिक्री में कमी शुरू हो गई थी और सितंबर तक हालात इतने बिगड़ चुके थे कि दोनों भाइयों ने रेस्टोरेंट बंद करने का मन बना लिया था। योजना यह थी कि, आखिरी महीने का किराया और सामान का बकाया चुकाकर कारोबार समेट लिया जाए।

दिलचस्प यह है कि, ठीक इसी दौर में उनकी किस्मत ने करवट ली। 11 सितंबर को गणपति विसर्जन के मौके पर दोनों भाइयों ने प्रार्थना की थी कि उनके पास इतनी आमदनी हो जाए कि वे बप्पा को भोग चढ़ा सकें। इसके कुछ ही दिन बाद अभिषेक उपमन्यु का रेस्टोरेंट पर आना और फिर अनुष्का शर्मा की पोस्ट ने पूरी तस्वीर बदल दी।

अब रोजाना बिकती हैं तीन हजार से ज्यादा प्लेटें

आज ‘दिल्ली से’ के चेंबूर, मुलुंड, अंधेरी वेस्ट और वाशी में कुल चार आउटलेट संचालित हो रहे हैं। मालिकों के अनुसार, सभी शाखाओं को मिलाकर रोजाना तीन हजार से अधिक प्लेट छोले-भटूरे की बिक्री होती है। पहले जहां आधा या एक किलो छोले भिगोए जाते थे, वहीं अब चारों आउटलेट में रोजाना करीब 125 किलो कच्चे छोले भिगोए जाते हैं, जो पकने के बाद करीब एक टन तक पहुंच जाते हैं, जिस समय रेस्टोरेंट ठीक से चल भी नहीं पा रहा था, तब मासिक बिक्री महज एक से डेढ़ लाख रुपये के बीच थी, जो अब बढ़कर करीब दो करोड़ रुपये प्रतिमाह तक जा पहुंची है। यह कहानी बताती है कि कैसे एक सेलिब्रिटी की छोटी सी पसंद किसी छोटे व्यवसाय की पूरी दिशा बदल सकती है।

 

इसे भी पढ़ें-  विराट कोहली का इंस्टाग्राम अकाउंट हैक, फैंस हुए परेशान, अनुष्का से करने लगे सवाल

Related Articles

Back to top button