
-
तीन विभागीय कोचिंग सेंटरों के छात्रों ने मुख्य परीक्षा में दिखाया दम
-
भागीदारी भवन से 35, अलीगंज से 18 और हापुड़ से 21 छात्र हुए पास
-
मंत्री असीम अरुण ने सफल छात्रों को दीं बधाई
लखनऊ। धन की कमी होनहार युवाओं के सपनों में रोड़ा न बने, इस उद्देश्य से योगी सरकार द्वारा चलाई जा रही मुफ्त प्रशिक्षण योजना प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए एक मजबूत संबल साबित हो रही है। समाज कल्याण विभाग के अधीन संचालित पूर्व परीक्षा प्रशिक्षण केंद्रों तथा भागीदारी भवन में स्थित कोचिंग से निःशुल्क प्रशिक्षण व मार्गदर्शन लेने वाले 74 विद्यार्थियों ने यूपीपीएससी-2025 की मुख्य परीक्षा उत्तीर्ण कर ली है। अब मुख्य परीक्षा पास करने वाले सभी अभ्यर्थी चयन प्रक्रिया के अगले पड़ाव यानी साक्षात्कार में हिस्सा लेंगे।
इसे भी पढ़ें- राष्ट्रीय पोषण माह पर विशेष: योगी सरकार के प्रयासों से यूपी के नौनिहालों की बढ़ रही कद-काठी
मॉक इंटरव्यू की व्यवस्था भी है

राज्य में समाज कल्याण विभाग की देखरेख में 8 आवासीय कोचिंग सेंटर चल रहे हैं, जिन छात्रों की वार्षिक पारिवारिक आय अधिकतम 6 लाख रुपये तक है, उन्हें यहां रहने-खाने की सुविधा के साथ-साथ लाइब्रेरी, इंटरनेट, टेस्ट सीरीज, अध्ययन सामग्री, मनोरंजन, खेल और जिम जैसी सुविधाएं भी नि:शुल्क दी जाती हैं। मुख्य परीक्षा में उत्तीर्ण छात्रों को साक्षात्कार की बेहतर तैयारी कराने के लिए मॉक इंटरव्यू की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाती है।
मंत्री ने दी सफल छात्रों को बधाई
समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने परीक्षा में सफल हुए सभी छात्रों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रतिभाशाली युवाओं को उनकी आर्थिक स्थिति की चिंता किए बगैर बेहतरीन और मुफ्त कोचिंग देना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। विभागीय केंद्रों के 74 छात्रों की यह उपलब्धि सरकार के इन्हीं प्रयासों का नतीजा है।
सफल हो रही निःशुल्क प्रशिक्षण की व्यवस्था
समाज कल्याण विभाग के उपनिदेशक आनंद कुमार सिंह के अनुसार, भागीदारी भवन की कोचिंग से 35, अलीगंज के आदर्श परीक्षा केंद्र से 18 और हापुड़ के राजकीय आईएएस/पीसीएस कोचिंग सेंटर से 21 छात्रों ने मुख्य परीक्षा में सफलता पाई है। तीनों केंद्रों से इतनी बड़ी संख्या में छात्रों की कामयाबी को विभाग की निःशुल्क प्रशिक्षण व्यवस्था की सफलता के रूप में देखा जा रहा है।
इसे भी पढ़ें- विश्वकर्मा मेले में बरसे सीएम योगी, बोले- ‘बर्मिंघम की बग्गी में उलझी रहीं पिछली सरकारें’



