गोरखपुर बन रहा हेल्थ हब, बिहार और नेपाल से भी इलाज कराने आते हैं मरीज

  • हेल्थ हब के तौर पर अपनी पहचान बना रहा गोरखपुर: डॉ. आरपी शुक्ल

  • आईएमए चैरिटेबल ब्लड सेंटर के उद्घाटन कार्यक्रम में गिनाईं गईं स्वास्थ्य क्षेत्र में हुए बदलावों की उपलब्धियां

गोरखपुर। आईएमए गोरखपुर के अध्यक्ष डॉ. आरपी शुक्ल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय परिवर्तन आया है। गोरखपुर में जापानी इंसेफेलाइटिस समेत कई गंभीर बीमारियों के इलाज की सुविधाएं बेहतर हुई हैं। एम्स की स्थापना के बाद गोरखपुर तेजी से स्वास्थ्य सेवाओं के प्रमुख केंद्र के रूप में उभर रहा है।

इसे भी पढ़ें- योगी कैबिनेट का बड़ा फैसला, अभियंताओं के बढ़ेंगे वित्तीय अधिकार

चिकित्सकों का हुआ अभिनंदन

आईएमए चैरिटेबल ब्लड सेंटर के लोकार्पण समारोह में डॉ. आरपी शुक्ल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने ब्लड सेंटर के निदेशक डॉ. अवधेश अग्रवाल समेत अन्य चिकित्सकों का भी अभिनंदन किया। डॉ. शुक्ल ने कहा कि आईएमए के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में लगातार प्रयास किए जाएंगे।

CM YOGI

उन्होंने स्वास्थ्य क्षेत्र में हो रहे अन्य बदलावों का जिक्र करते हुए बताया कि मेडिकल छात्रों को पहले की तुलना में दोगुना स्टाइपेंड दिया जा रहा है। मानसिक दिव्यांगजनों के लिए संस्थानों का संचालन किया जा रहा है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश में टीबी और कैंसर के उपचार की सुविधाओं में भी निरंतर सुधार हो रहा है। सरकारी अस्पतालों में रोबोटिक सर्जरी, आधुनिक जांच तकनीक और अंग प्रत्यारोपण जैसी चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।

पहले डॉक्टरों के अपहरण की घटनाएं होती थीं: विपिन सिंह

विधायक विपिन सिंह ने कहा कि, एक समय गोरखपुर में डॉक्टरों के अपहरण की घटनाएं आम बात हुआ करती थीं। वर्तमान में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि, अब पूर्वांचल के अलावा बिहार और नेपाल से भी बड़ी संख्या में लोग इलाज कराने गोरखपुर पहुंच रहे हैं।

विपिन सिंह ने कहा कि, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर के विकास और सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान दिया है। उनके नेतृत्व में शहर में हुए विकास कार्यों का असर यहां की जमीन की कीमतों पर भी देखने को मिल रहा है।

लंबे इंतजार के बाद शुरू हुआ ब्लड सेंटर: महापौर

महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने आईएमए चैरिटेबल ब्लड सेंटर के लोकार्पण पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस ब्लड सेंटर के शुरू होने से लंबे समय से चली आ रही प्रतीक्षा समाप्त हुई है।

महापौर ने मुख्यमंत्री को सभी का अभिभावक बताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने बीमारू राज्य की छवि से बाहर निकलकर विकास की दिशा में कदम बढ़ाया है। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं समेत विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे बदलावों को प्रदेश की प्रगति से जोड़ते हुए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।

 

इसे भी पढ़ें- चित्रकूट लिंक एक्सप्रेसवे के लिए योगी कैबिनेट की मंजूरी, 1,008.67 करोड़ रुपये होंगे खर्च

Related Articles

Back to top button