
-
संगीत सोम ने पिता-चाचा से लेकर पत्नी तक के मुद्दे पर अखिलेश को घेरा
-
‘पिता को घर में कैद रखा, चाचा पर निगरानी, पत्नी के सम्मान पर मौन- संगीत सोम
-
‘पत्नी का अपमान भी नजर नहीं आता, सिर्फ मुस्लिम वोट बैंक दिखता है’ अखिलेश को
लखनऊ। भाजपा नेता और पूर्व विधायक संगीत सोम ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर बेहद तीखा हमला बोला है। अखिलेश यादव के पत्रकारों के सवालों पर भड़कने से लेकर परिवार के भीतर उनके रिश्तों और डिंपल यादव के अपमान के मुद्दे तक को लेकर संगीत सोम ने अखिलेश यादव पर ‘औरंगजेबी मानसिकता’ का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव के विचारों में औरंगजेब घुस चुके हैं और वह इस मानसिकता से बाहर नहीं आना चाहते।
इसे भी पढ़ें- ‘मुजफ्फरनगर में हिंदुओं का कत्ल हो रहा था, अखिलेश सैफई में नाच देख रहे थे’, संगीत सोम ने सपा को लपेटा
रामगोपाल यादव पर 24 घंटे निगरानी रखते हैं अखिलेश
संगीत सोम ने कहा कि, अखिलेश के अंदर जो विचार हैं, वो औरंगजेब के हैं। उनकी सोच में औरंगजेब घुस चुके हैं। उन्होंने कहा कि इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अखिलेश यादव ने औरंगजेब की तरह ही अपने पिता को घर में कैद कर लिया था, जब उन्हें यह पता चला था कि उनके पिताजी उन्हें पद से हटाना चाहते हैं।

संगीत सोम ने दावा किया कि, अखिलेश यादव अपने चाचा रामगोपाल यादव पर हर समय निगरानी रखते हैं। उन्होंने कहा कि रामगोपाल यादव अखिलेश के चाचा हैं, लेकिन वे उनके घर पर चौबीसों घंटे नजर रखते हैं। वो किससे मिलते हैं, कहां जाते हैं, क्या करते हैं, इसकी एक-एक जानकारी अखिलेश यादव अपने पास होती है क्योंकि उन्हें अपने चाचा पर बिल्कुल भरोसा नहीं है।
शिवपाल चाचा को भी नहीं बक्शा
शिवपाल यादव का जिक्र करते हुए संगीत सोम ने कहा कि, शिवपाल चाचा के बारे में तो सभी जानते हैं, जिस चाचा ने उन्हें गोद में खिलाया हो, चलना सिखाया हो, जिस चाचा ने उन्हें पढ़ने भेजा हो, जिस चाचा ने उनकी शादी कराई हो, उनके साथ भी अखिलेश यादव ने औरंगजेब जैसा बर्ताव किया है।

उन्होंने कहा कि यही मानसिकता अखिलेश यादव के पत्रकारों के साथ व्यवहार में भी दिखाई देती है। संगीत सोम ने कहा कि, इसी औरंगजेबी मानसिकता के कारण जब उनसे कोई पत्रकार सवाल पूछता है, तो वो भड़क जाते हैं, क्योंकि वो इस मानसिकता से बाहर ही नहीं निकल पा रहे हैं।
पत्नी के सम्मान तक की चिंता नहीं
संगीत सोम ने अखिलेश यादव की राजनीति पर निशाना साधते हुए कहा कि, अखिलेश तुष्टिकरण की राजनीति से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। यही कारण है कि वो यह सोच ही नहीं पाते कि उनकी पत्नी की बेइज्जती हो रही है या नहीं। उन्हें सिर्फ वोट से मतलब है। उन्होंने कहा कि जिस इंसान को अपनी पत्नी के मान-सम्मान की चिंता न हो, तो समझ जाइए कि उनकी क्या मानसिकता है।
डिंपल यादव के अपमान से जुड़े मामले का जिक्र करते हुए संगीत सोम ने कहा कि जब एक मौलाना ने डिंपल यादव का अपमान किया था, तब भाजपा ने कहा था कि, डिंपल यादव का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, क्योंकि डिंपल प्रदेश की बहू भी हैं और बेटी भी।
उन्होंने अखिलेश यादव पर हमला बोलते हुए कहा कि, डिंपल यादव तो छोड़िए, अखिलेश यादव प्रदेश की किसी भी बहू-बेटी के साथ हो रहे अपमान पर कुछ नहीं बोलते। किसी बेटी के साथ कोई बेइज्जती करे, उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता, उन्हें केवल मुस्लिम वोट बैंक से मतलब है। संगीत सोम ने कहा कि अखिलेश यादव के अंदर औरंगजेब की मानसिकता है, औरंगजेब के विचार हैं, और अखिलेश यादव इस औरंगजेबी मानसिकता से बाहर आना नहीं चाहते।
इसे भी पढ़ें- ‘मस्जिद नहीं, अवैध ढांचा ध्वस्त हुआ’, सहारनपुर मामले पर संगीत सोम ने अखिलेश-राहुल-ओवैसी को लपेटा


