
बॉलीवुड अभिनेता इमरान हाशमी की फिल्म ‘आवारापन’ साल 2007 में जब सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी, तब बॉक्स ऑफिस पर यह फिल्म कोई खास कमाल नहीं दिखा पाई थी, लेकिन वक्त के साथ-साथ इस फिल्म ने दर्शकों के दिलों में अपनी एक अलग और खास जगह बना ली। आज यह फिल्म एक कल्ट क्लासिक के रूप में जानी जाती है। अब करीब दो दशक बाद इस फिल्म का सीक्वल सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रहा है, जिसे लेकर दर्शकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
इसे भी पढ़ें- रेखा-अमिताभ बच्चन: बॉलीवुड की वो अधूरी कहानी, दशकों बाद भी होती है जिसकी चर्चा
इसी बीच ‘आवारापन’ की लीड एक्ट्रेस श्रेया सरन ने एक हाल के एक इंटरव्यू में फिल्म से जुड़ी अपनी पुरानी यादें साझा करते हुए एक भावुक और चौंकाने वाला खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि, फिल्म के बॉक्स ऑफिस पर असफल होने का उन पर गहरा मानसिक असर पड़ा था और वो इससे काफी टूट गई थीं।
श्रिया सरन ने साझा किया दर्द
बातचीत में श्रिया सरन ने खुलकर अपने दिल की बात कही। एक्ट्रेस के मुताबिक, ‘आवारापन’ की असफलता ने उन्हें उस दौर में काफी निराश कर दिया था। इसके साथ ही उन्होंने एक और अहम खुलासा करते हुए बताया कि फिल्म को कुछ प्रतिष्ठित अवॉर्ड शोज में नॉमिनेशन तो जरूर मिला था, लेकिन उन्हें उन कार्यक्रमों में आमंत्रित तक नहीं किया गया।

एक्ट्रेस ने अपने इंटरव्यू में बताया कि फिल्म की रिलीज के वक्त पूरी टीम को इससे बेहद ज्यादा उम्मीदें थीं, लेकिन उन्हें आज तक यह समझ नहीं आया कि, आखिर फिल्म उस दौर में दर्शकों को क्यों पसंद नहीं आई। श्रेया का मानना है कि, शायद यह फिल्म अपने रिलीज के समय से कहीं आगे की सोच पर आधारित थी, यही वजह रही होगी कि उस दौर के दर्शक इससे पूरी तरह जुड़ नहीं पाए। उन्होंने यह भी बताया कि फिल्म की रिलीज के बाद जब उन्हें उम्मीद के मुताबिक सराहना और पहचान नहीं मिली, तो वो भीतर से काफी टूट गई थीं।
फेमस हुए थे गाने
अपने इंटरव्यू में आगे बात करते हुए श्रिया सरन ने एक दिलचस्प पहलू का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि लंबे समय तक उनके मन में यह धारणा बनी रही कि दर्शकों ने शायद फिल्म की कहानी को नहीं, बल्कि सिर्फ इसके गानों को पसंद किया था। इसकी वजह यह थी कि फिल्म के गाने उस दौर में बेहद लोकप्रिय हुए थे और इमरान हाशमी का अभिनय भी दर्शकों को खूब पसंद आया था।
हालांकि, अब सालों बाद जब वो पीछे मुड़कर देखती हैं, तो उनकी सोच में काफी बदलाव आया है। एक्ट्रेस अब मानती हैं कि असल में दर्शकों ने फिल्म की गहरी और भावुक कहानी को दिल से अपनाया था। उनके मुताबिक, यह एक बेहद इंटेंस और संवेदनशील कहानी है, जिसे दर्शकों ने वास्तव में महसूस किया। श्रिया का कहना है कि, अगर सिर्फ गानों की वजह से यह फिल्म लोकप्रिय हुई होती, तो आज इतने वर्षों बाद भी लोग इसे इतना प्यार और सम्मान नहीं देते, जितना वे अब भी दे रहे हैं।
क्या है ‘आवारापन’ की कहानी?
मोहित सूरी द्वारा निर्देशित ‘आवारापन’ मूल रूप से एक रोमांटिक एक्शन ड्रामा फिल्म है। इस फिल्म में इमरान हाशमी, मृणालिनी शर्मा और श्रेया सरन ने प्रमुख किरदार निभाए थे। फिल्म की कहानी शिवम पंडित नामक एक परेशान और उलझे हुए गैंगस्टर के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसका किरदार इमरान हाशमी ने निभाया था। कहानी में एक अहम मोड़ तब आता है जब शिवम को एक पाकिस्तानी महिला आलिया पर नजर रखने की जिम्मेदारी सौंपी जाती है। इसी दौरान उसकी जिंदगी पूरी तरह बदलने लगती है।

इस फिल्म का निर्माण फिल्म इंडस्ट्री के जाने-माने प्रोड्यूसर महेश भट्ट और मुकेश भट्ट ने किया था। भले ही रिलीज के समय फिल्म बॉक्स ऑफिस पर ज्यादा कमाई करने में नाकाम रही हो, लेकिन इसके गाने दर्शकों के बीच जबरदस्त हिट साबित हुए। फिल्म के गाने जैसे ‘तो फिर आओ’, ‘तेरा मेरा रिश्ता’ और ‘माहिया’ आज भी संगीत प्रेमियों के बीच बेहद लोकप्रिय हैं। इन्हीं गानों और फिल्म की भावुक कहानी ने मिलकर ‘आवारापन’ को एक सच्चे अर्थों में कल्ट क्लासिक फिल्म बना दिया, जिसे आज भी बड़ी संख्या में दर्शक पसंद करते हैं।
दो दशक बाद आ रही ‘आवारापन 2’
करीब दो दशक के लंबे इंतजार के बाद अब ‘आवारापन’ का बहुप्रतीक्षित सीक्वल सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है। निर्देशक नितिन कक्कड़ द्वारा निर्देशित इस सीक्वल फिल्म ‘आवारापन 2’ में इमरान हाशमी एक बार फिर मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। उनके साथ इस फिल्म में दिशा पटानी और अनुभवी अभिनेत्री शबाना आजमी भी अहम किरदारों में दिखाई देंगी।
‘आवारापन 2’ की रिलीज डेट 14 अगस्त तय की गई है, और इस दिन सिनेमाघरों में इस फिल्म का सीधा मुकाबला अभिनेता सनी देओल की आगामी फिल्म ‘बंटवारा 1947’ से होने वाला है। ऐसे में बॉक्स ऑफिस पर इन दोनों फिल्मों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है, जिसे लेकर फिल्म इंडस्ट्री और दर्शकों दोनों में उत्सुकता बनी हुई है।
फिलहाल श्रिया सरन के इस भावुक खुलासे ने एक बार फिर ‘आवारापन’ की पहली फिल्म को लेकर लोगों में नई दिलचस्पी पैदा कर दी है। उनके इस इंटरव्यू के बाद फैंस और फिल्म प्रेमी एक बार फिर उस दौर को याद कर रहे हैं, जब इस फिल्म को शुरुआत में नजरअंदाज किया गया था, लेकिन बाद में यह एक ऐसी कालजयी फिल्म बन गई, जिसे आज भी उतने ही प्यार और सम्मान के साथ याद किया जाता है।
इसे भी पढ़ें- आसान नहीं थी सफलता की राह, ट्रेनों में टाफियां बेचने वाले महमूद ऐसे में बॉलीवुड के कॉमेडी किंग



