टीम इंडिया से बाहर हुआ ये दिग्गज खिलाड़ी, BCCI ने लगा रखी थीं काफी उम्मीदें

टीम इंडिया को श्रीलंका दौरे पर एक के बाद एक झटके लगते जा रहे हैं। पहले तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को लेकर चिंता की खबरें आई थीं। अब 15 अगस्त से शुरू होने जा रही दो मैचों की टेस्ट सीरीज से ठीक पहले टीम को दूसरा बड़ा झटका लगा है। टीम के होनहार युवा बाएं हाथ के बल्लेबाज साई सुदर्शन चोट और फिटनेस से जुड़ी दिक्कतों के चलते इस पूरी टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए हैं। हाल के महीनों में घरेलू क्रिकेट और रेड-बॉल फॉर्मेट में शानदार लय हासिल करने वाले सुदर्शन का सीरीज से बाहर होना भारतीय बल्लेबाजी क्रम के लिए एक बड़ा नुकसान माना जा रहा है।

इसे भी पढ़ें- SL vs IND Test Series: श्रीलंका दौरे पर टीम इंडिया, गंभीर ने भेजा जोश भरा संदेश, स्पिन बनेगी चुनौती

 सीरीज से बाहर हुए साई सुदर्शन

बीसीसीआई और टीम प्रबंधन की तरफ से इस बात की पुष्टि की गई है कि, साई सुदर्शन फिटनेस से जुड़ी समस्याओं के चलते श्रीलंका के खिलाफ होने वाली महत्वपूर्ण टेस्ट सीरीज में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। उनके बाहर होने के साथ ही भारतीय प्लेइंग-इलेवन में नंबर तीन के स्थान को लेकर टीम प्रबंधन के सामने नए समीकरण खड़े हो गए हैं।

Team India

हाल ही में हुए वॉर्मअप मैच में श्रीलंका क्रिकेट इलेवन के खिलाफ शानदार शतकीय पारी खेलने वाले बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल अब तीसरे नंबर की जगह के सबसे प्रबल दावेदार के रूप में उभरे हैं। पडिक्कल ने उस मुकाबले में 103 रनों की आकर्षक पारी खेलकर सेलेक्टर्स और टीम मैनेजमेंट, दोनों का ध्यान अपनी ओर खींचा था। अब सुदर्शन की गैरमौजूदगी में उन्हें टेस्ट क्रिकेट में खुद को साबित करने का सुनहरा मौका मिलने जा रहा है।

शानदार फॉर्म में चल रहे थे साई सुदर्शन

साई सुदर्शन का यह टेस्ट सीरीज से बाहर होना इसलिए भी ज्यादा चौंकाने वाला माना जा रहा है, क्योंकि वह इन दिनों बेहतरीन फॉर्म में चल रहे थे। आईपीएल 2026 में गुजरात टाइटंस की ओर से खेलते हुए उन्होंने 700 से अधिक रन बनाकर अपनी काबिलियत साबित की थी। इसके अलावा, जून महीने में अफगानिस्तान के खिलाफ खेले गए एकमात्र टेस्ट मैच की पहली पारी में भी उन्होंने 81 रनों की जुझारू और संयमित पारी खेली थी, जिसने उन्हें टीम प्रबंधन की नजरों में एक भरोसेमंद विकल्प बना दिया था।

28 जुलाई को जब भारत की 15 सदस्यीय टेस्ट टीम की घोषणा की गई थी, तब सुदर्शन को भी इसमें जगह दी गई थी। हालांकि, उस समय ही यह स्पष्ट कर दिया गया था कि, उनका चयन फिटनेस क्लीयरेंस मिलने पर निर्भर करेगा। अब यह साफ हो चुका है कि, वह फिटनेस टेस्ट पास नहीं कर सके, जिसके चलते उन्हें इस अहम सीरीज से बाहर होना पड़ा।

टेस्ट क्रिकेट में लगातार जमा रहे थे रन

गौरतलब है कि, साई सुदर्शन बीते कुछ महीनों से टेस्ट क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे थे। जून-जुलाई के दौरान भारत-ए टीम के लिए खेलते हुए उन्होंने गॉल में श्रीलंका-ए के खिलाफ खेले गए दोनों अनऑफिशियल टेस्ट मैचों की पहली पारियों में शतकीय पारियां खेली थीं। इस लगातार अच्छे फॉर्म को देखते हुए क्रिकेट विशेषज्ञों और प्रशंसकों को उम्मीद थी कि सुदर्शन आगामी टेस्ट सीरीज में भी भारतीय बल्लेबाजी क्रम की रीढ़ साबित होंगे, लेकिन फिटनेस से जुड़ी समस्या ने उनके इस सफर पर फिलहाल विराम लगा दिया है।

टीम के साथ श्रीलंका नहीं गए थे सुदर्शन

साई सुदर्शन 4 अगस्त को जब भारतीय टीम के बाकी खिलाड़ी श्रीलंका रवाना हुए थे, तब वह उनके साथ नहीं गए थे। उस समय उम्मीद जताई जा रही थी कि, वह शनिवार तक कोलंबो में टीम के साथ जुड़ जाएंगे और फिटनेस टेस्ट पास करने के बाद उन्हें सीरीज में शामिल कर लिया जाएगा।

हालांकि, अब यह पूरी तरह स्पष्ट हो चुका है कि, वह इस महत्वपूर्ण टेस्ट सीरीज का हिस्सा नहीं बन पाएंगे। उनकी गैरमौजूदगी को टीम इंडिया के लिए एक बड़े झटके के तौर पर देखा जा रहा है, खासकर इसलिए क्योंकि हाल के प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें भविष्य के लिए एक अहम खिलाड़ी माना जा रहा था।

बीसीसीआई सेलेक्टर्स पर टिकी निगाहें

साई सुदर्शन के सीरीज से बाहर होने के बाद अब सबकी नजरें बीसीसीआई की चयन समिति पर टिकी हुई हैं। क्रिकेट जगत में यह चर्चा तेज है कि सेलेक्टर्स अगले कुछ दिनों में उनके विकल्प के तौर पर किसी अन्य खिलाड़ी के नाम की घोषणा कर सकते हैं। टीम प्रबंधन के सामने अब चुनौती यह होगी कि, नंबर तीन की अहम जगह को किस तरह भरा जाए, ताकि बल्लेबाजी क्रम की मजबूती बरकरार रहे।

टीम इंडिया के लिए दोहरी चुनौती

जसप्रीत बुमराह को लेकर पहले से बनी अनिश्चितता और अब साई सुदर्शन के बाहर होने की खबर ने टीम प्रबंधन की चिंता को और बढ़ा दिया है। श्रीलंका के खिलाफ यह टेस्ट सीरीज भारतीय टीम के लिए कई मायनों में अहम मानी जा रही है। ऐसे में लगातार मिल रहे इन झटकों ने टीम की रणनीति पर सीधा असर डाला है।

माना जा रहा है कि, टीम प्रबंधन को अब बचे हुए खिलाड़ियों के बीच से सही संतुलन बनाकर प्लेइंग-इलेवन तैयार करनी होगी, ताकि इन झटकों के बावजूद टीम इंडिया सीरीज में मजबूत प्रदर्शन कर सके। फिलहाल क्रिकेट प्रेमियों और विशेषज्ञों की निगाहें आने वाले दिनों में बीसीसीआई की आधिकारिक घोषणा पर टिकी हुई हैं, जिससे यह साफ होगा कि साई सुदर्शन की जगह किसे मौका दिया जाता है।

इसे भी पढ़ें- रोहित शर्मा समेत ये 4 दिग्गज जल्द ले सकते हैं संन्यास, वर्ल्ड कप से पहले टीम इंडिया को झटका!

Related Articles

Back to top button