SL vs IND Test Series: श्रीलंका दौरे पर टीम इंडिया, गंभीर ने भेजा जोश भरा संदेश, स्पिन बनेगी चुनौती

SL vs IND Test Series: भारतीय क्रिकेट टीम श्रीलंका के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज के लिए कोलंबो पहुंच चुकी है। यह दो मैचों की सीरीज है। सीरिज का पहला मुकाबला 15 अगस्त से खेला जाना है। टूर्नामेंट शुरू होने से पहले शुभमन गिल की कप्तानी में टीम इंडिया अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी है। इसी क्रम में टीम नॉनडिस्ट्रिप्ट्स क्रिकेट क्लब के मैदान पर तीन दिवसीय अभ्यास मैच खेलेगी। इसमें भी उसका सामना श्रीलंका इलेवन से होगा। यह प्रैक्टिस मैच टीम के लिए स्थानीय परिस्थितियों को समझने और मुख्य सीरीज से पहले लय हासिल करने के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।

इसे भी पढ़ें- IND vs SL Test Series: भारतीय टीम श्रीलंका रवाना, लेकिन एयरपोर्ट पर नहीं दिखा ये दिग्गज खिलाड़ी

पिच से अंजान हैं भारतीय खिलाड़ी

श्रीलंका पहुंचने के बाद से ही टीम इंडिया के खिलाड़ी मैदान पर अभ्यास कर रहे हैं। इसकी एक बड़ी वजह यह भी है कि, मौजूदा टीम के ज्यादातर खिलाड़ियों को श्रीलंका की परिस्थितियों में टेस्ट क्रिकेट खेलने का कोई खास अनुभव नहीं है। ऐसे में कोचिंग स्टाफ की कोशिश है कि, प्रैक्टिस के दौरान ही खिलाड़ी वहां की पिचों और मौसम के मिजाज को अच्छी तरह समझ लें, ताकि असली मुकाबले में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

गंभीर ने भेजा वीडियो संदेश 

सीरीज शुरू होने से ठीक पहले टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर ने खिलाड़ियों के हौसले बढ़ाने के लिए एक खास संदेश दिया। बीसीसीआई की तरफ से जारी किए गए एक वीडियो में गंभीर टीम को प्रेरित करते नजर आए। उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि, टीम को अच्छी तरह पता है कि, आगे किस तरह की चुनौतियां उनका इंतजार कर रही हैं, और यह भी पता है कि, वे किस मकसद के लिए मैदान में उतर रहे हैं।

SL vs IND

गंभीर ने अपने संदेश में इस बात पर जोर दिया कि, टीम भरपूर अभ्यास करे और अपनी क्षमताओं की सीमाओं को लगातार आगे बढ़ाने की कोशिश करे। उनका कहना था कि, हर पहलू पर तैयारी पूरी होनी चाहिए, ताकि 15 अगस्त की सुबह जब मैच शुरू हो, तो चाहे टीम को पहले बल्लेबाजी करनी पड़े या गेंदबाजी, हर परिस्थिति के लिए टीम के पास स्पष्ट रणनीति और जवाब तैयार हो। उन्होंने खिलाड़ियों से आग्रह किया कि, वे अभी से ही हर छोटे-बड़े पहलू पर पूरी गंभीरता के साथ ध्यान दें, ताकि मैदान में उतरते वक्त किसी तरह की कमी न रह जाए।

कमजोर रहा हाल का प्रदर्शन

गौतम गंभीर का यह संदेश ऐसे समय पर आया है, जब भारतीय टीम का हालिया प्रदर्शन स्पिन गेंदबाजी के खिलाफ खास प्रभावशाली नहीं रहा है। बीते कुछ समय में टीम इंडिया को अपने ही घर में न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका के हाथों टेस्ट सीरीज में क्लीन स्वीप का सामना करना पड़ा था। दोनों ही सीरीज में स्पिन गेंदबाजी टीम इंडिया के लिए एक बड़ी मुश्किल साबित हुई थी।

अब चुनौती इसलिए भी बड़ी मानी जा रही है, क्योंकि श्रीलंका की परिस्थितियां पारंपरिक रूप से स्पिन गेंदबाजों के लिए बेहद अनुकूल मानी जाती हैं। वहां की पिचें शुरुआत से ही स्पिनरों की मदद करती हैं, जिसके चलते बल्लेबाजों के लिए टिककर खेलना आसान नहीं होता। ऐसे में भारतीय बल्लेबाजी क्रम के लिए यह सीरीज एक कड़ी परीक्षा साबित हो सकती है।

इस चुनौती को और बड़ा बनाने वाली एक अहम वजह टीम में अनुभव की कमी भी है। मौजूदा स्क्वाड में शामिल खिलाड़ियों में से बेहद कम खिलाड़ियों को श्रीलंका में टेस्ट क्रिकेट खेलने का अनुभव है। टीम में सिर्फ कुलदीप यादव, केएल राहुल और रविंद्र जडेजा ही ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने पहले श्रीलंका की धरती पर टेस्ट मैच खेला है। बाकी खिलाड़ियों के लिए यह दौरा पूरी तरह नया अनुभव होगा, जिससे टीम प्रबंधन के सामने चुनौती और बढ़ जाती है।

नए खिलाड़ियों का स्वागत किया

गौतम गंभीर ने अपने संदेश में सिर्फ रणनीतिक बातें ही नहीं कीं, बल्कि टीम में शामिल हुए नए खिलाड़ियों का भी दिल खोलकर स्वागत किया। सारांश जैन का जिक्र करते हुए गंभीर ने उन्हें बधाई दी और कहा कि टीम तक पहुंचने के लिए उन्होंने काफी मेहनत की है। गंभीर ने उन्हें सलाह दी कि, जब भी मौका मिले, वे अपने परिवार और देश का नाम रोशन करने की पूरी कोशिश करें।

SL vs IND

इसके अलावा गंभीर ने आकिब नबी की भी विशेष रूप से तारीफ की। उन्होंने बताया कि, पिछला सीजन आकिब के लिए शानदार रहा था, जब उन्होंने जम्मू-कश्मीर की टीम को रणजी ट्रॉफी जितवाने में अहम भूमिका निभाई थी। गंभीर ने इसे एक बड़ी उपलब्धि करार देते हुए आकिब को इसके लिए बधाई दी।

नए फील्डिंग कोच का जिक्र

टीम इंडिया के साथ इस सीरीज में एक नया चेहरा भी जुड़ा है, वह है फील्डिंग कोच शुभदीप घोष, जिन्हें टीम में सभी प्यार से ‘जॉय’ के नाम से बुलाते हैं। गंभीर ने अपने संदेश में उनका भी खासतौर पर जिक्र किया और स्वागत किया। उन्होंने बताया कि शुभदीप घोष ने अपने करियर में कई सालों तक विभिन्न टीमों के साथ काम करने का अनुभव हासिल किया है।

गंभीर ने भरोसा जताया कि, नए फील्डिंग कोच का जुनून और मेहनत टीम को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगी। उनका मानना है कि जॉय की ऊर्जा और अनुभव पूरी टीम को उस लक्ष्य तक पहुंचाने में मदद करेगा, जिसे हासिल करने के लिए टीम इंडिया मेहनत कर रही है।

बड़ी परीक्षा के लिए तैयार टीम इंडिया

यह सीरीज टीम इंडिया के लिए कई मायनों में परीक्षा की तरह है। एक तरफ जहां स्पिन के खिलाफ हालिया कमजोर प्रदर्शन को सुधारने की चुनौती है। वहीं दूसरी तरफ टीम में मौजूद अनुभव की कमी भी एक बड़ी बाधा बनकर सामने खड़ी है। ऐसे में गौतम गंभीर का यह प्रेरक संदेश टीम के मनोबल को बढ़ाने के साथ-साथ खिलाड़ियों को यह याद दिलाने की कोशिश भी है कि, हर चुनौती के लिए पूरी तैयारी जरूरी है। अब देखने वाली बात यह होगी कि 15 अगस्त से शुरू होने वाली इस टेस्ट सीरीज में टीम इंडिया अपने कोच के इस संदेश को मैदान पर किस तरह साकार कर पाती है।

 

इसे भी पढ़ें- IND vs ENG 1st T20I: भारत-इंग्लैंड टी20 सीरीज आज से शुरू, जानें कब और कहां देख सकेंगे आप

Related Articles

Back to top button