
दक्षिण भारतीय सिनेमा के मशहूर निर्देशक एस.एस. राजामौली की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘वाराणसी’ इस समय खूब सुर्ख़ियों में है। इस भव्य फिल्म में साउथ के सुपरस्टार महेश बाबू लीड रोल में नजर आएंगे। वहीं बॉलीवुड से लेकर हॉलीवुड तक में अपनी अलग पहचान बना चुकीं प्रियंका चोपड़ा भी मुख्य किरदार में नजर आएंगी। फिल्म में एक अहम भूमिका मलयालम सिनेमा के जाने-माने अभिनेता पृथ्वीराज सुकुमारन भी निभा रहे हैं। सुकुमारन फिल्म में विलेन की भूमिका में दिखेंगे। खास बात यह है कि, पृथ्वीराज पहले ही अपने हिस्से की पूरी शूटिंग खत्म कर चुके हैं।
इसे भी पढ़ें- राजेश खन्ना की वो हॉरर फिल्म, जिसने 8 हफ्ते तक किया था बॉक्स ऑफिस पर राज
1200 करोड़ है फिल्म का बजट
इस फिल्म को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा इसके भारी-भरकम बजट को लेकर हो रही है। बताया जा रहा है कि ‘वाराणसी’ को करीब 1200 करोड़ रुपये के भारी बजट से तैयार किया जा रहा है, जो इसे भारतीय सिनेमा की अब तक की सबसे महंगी फिल्मों में से एक बनाता है। फिलहाल, फिल्म की 80 प्रतिशत शूटिंग पूरी हो चुकी है और बाकी बचे हिस्से पर तेजी से काम चल रहा है।

निर्देशक एस.एस. राजामौली ने खुद इस फिल्म को लेकर एक दिलचस्प जानकारी साझा की थी। उनके मुताबिक, फिल्म की शूटिंग के साथ-साथ ही एडिटिंग टीम को विजुअल्स सौंप दिए जाते हैं, ताकि तय समय सीमा के भीतर फिल्म का पूरा काम निपटाया जा सके। राजामौली की यह रणनीति दिखाती है कि, टीम इस फिल्म को लेकर कितनी गंभीरता से काम कर रही है और इसे तय समय पर दर्शकों तक पहुंचाने की पूरी कोशिश की जा रही है।
सेट से लीक हुआ वीडियो
हालांकि, राजामौली अपनी फिल्मों की गोपनीयता बनाए रखने के लिए हमेशा से जाने जाते रहे हैं। उन्होंने इस फिल्म के दौरान भी लीक को रोकने के लिए कई तरह के सख्त कदम उठाए थे, लेकिन इन तमाम कोशिशों के बावजूद फिल्म के सेट से जुड़ा एक वीडियो ऑनलाइन लीक हो गया है, जिसने फिल्म इंडस्ट्री और फैंस दोनों के बीच हलचल मचा दी है।
हाल ही में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X, पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। लोग उसे एक-दूसरे को शेयर भी कर रहे हैं। इस वीडियो में फिल्म का एक बेहद भव्य और विशाल सेट नजर आ रहा है, जो अपने आप में फिल्म की स्केल और बजट का अंदाजा देता है।
पानी में नजर आए महेश बाबू
वायरल वीडियो में सबसे ज्यादा चर्चा का विषय बना है महेश बाबू का लुक। वीडियो में एक्टर बेहद कैजुअल अंदाज में नजर आ रहे हैं, लेकिन उनके माथे से काफी मात्रा में खून बहता हुआ साफ दिखाई दे रहा है, जो इस बात का संकेत देता है कि, फिल्म में उनका किरदार किसी बड़े एक्शन या संघर्ष वाले दृश्य से जुड़ा हो सकता है।
वीडियो में महेश बाबू को पानी में एंट्री लेते हुए भी दिखाया गया है। बताया जा रहा है कि, इस सेट पर बनाए गए पानी के इस हिस्से को फिल्म में वाराणसी शहर के तौर पर दर्शाया जाएगा, जो भारत के सबसे पवित्र और प्राचीन शहरों में गिना जाता है। इस दृश्य में एक्टर के आसपास कई शिवलिंग भी रखे हुए नजर आ रहे हैं, जो फिल्म की धार्मिक और सांस्कृतिक पृष्ठभूमि को दर्शाते हैं।
वीडियो में पानी के ठीक बीचों-बीच खड़े महेश बाबू गुस्से से भरे हुए नजर आ रहे हैं, जिससे यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि, यह किसी अहम और इमोशनल सीन का हिस्सा हो सकता है। इस पूरे दृश्य की शूटिंग के दौरान सेट पर एक बड़ी टीम भी नजर आई, जो लगातार एक्टर के टचअप और कॉस्ट्यूम को ठीक करने में जुटी हुई थी। इसके अलावा वीडियो में छोटे-छोटे ब्रेक के दौरान एक्टर को सेट पर टहलते हुए भी देखा जा सकता है, जो शूटिंग के बीच आराम करते नजर आए।
रिलीज के इंतजार में फैन्स
महेश बाबू की यह फिल्म ‘वाराणसी’ फिलहाल भारतीय सिनेमा की सबसे ज्यादा प्रतीक्षित फिल्मों में गिनी जा रही है। इस फिल्म को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। खासतौर पर एक्टर के जन्मदिन से पहले फैंस किसी बड़े और ऑफिशियल अपडेट का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, जिससे इस फिल्म से जुड़ी नई जानकारियां सामने आ सकें।
इसी बीच फिल्म के सेट से जुड़ी एक और अहम जानकारी लीक हो गई है, जिसने फैंस के बीच उत्सुकता को और बढ़ा दिया है। जानकारी के मुताबिक, करीब 25 सेकंड का यह ‘बिहाइंड-द-सीन्स’ वीडियो देखते ही देखते कई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर तेजी से वायरल हो गया।
मेकर्स ने की कॉपीराइट कार्रवाई
वीडियो के लीक होने की जानकारी मिलते ही फिल्म के मेकर्स ने तुरंत सख्त कदम उठाते हुए इस क्लिप को हटवाने के लिए कॉपीराइट कार्रवाई शुरू कर दी। हालांकि, तब तक यह वीडियो पहले ही अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर व्यापक रूप से फैल चुका था, जिसकी वजह से मेकर्स की यह कोशिश पूरी तरह कारगर साबित नहीं हो पाई।

इस लीक की घटना ने फिल्म से जुड़े फैंस के बीच चिंता की एक लहर पैदा कर दी है। सोशल मीडिया पर कई फैंस और यूजर्स लगातार फिल्म की टीम से अपील कर रहे हैं कि, वे सेट की सुरक्षा व्यवस्था को और ज्यादा कड़ा करें, ताकि आगे इस तरह की कोई और घटना सामने न आए और फिल्म से जुड़ी अहम जानकारियां समय से पहले लीक होने से बच सकें।
जल्द शुरू होगा शूटिंग का नया शेड्यूल
इन तमाम मुश्किलों और चुनौतियों के बावजूद फिल्म को लेकर इंडस्ट्री और फैंस दोनों के बीच जबरदस्त बज बना हुआ है। लोगों को उम्मीद है कि एक्टर के आने वाले जन्मदिन के मौके पर मेकर्स की ओर से फैंस को कोई खास तोहफा या बड़ा अपडेट दिया जा सकता है।
इसी बीच जानकारी सामने आई है कि फिल्म की शूटिंग का अगला शेड्यूल 6 अगस्त से हैदराबाद स्थित मशहूर रामोजी फिल्म सिटी में शुरू होने जा रहा है। इस नए शेड्यूल के साथ ही फिल्म का बचा हुआ काम भी तेजी से आगे बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है, जिससे फैंस को जल्द ही इस बहुप्रतीक्षित फिल्म से जुड़े और भी दिलचस्प अपडेट मिल सकते हैं।
इसे भी पढ़ें- राजेश खन्ना की वो हॉरर फिल्म, जिसने 8 हफ्ते तक किया था बॉक्स ऑफिस पर राज



