2 लाख LPG कनेक्शनों पर संकट के बादल, नहीं किया ये जरूरी काम, तो कट जाएगा कनेक्शन

जिला प्रशासन ने जारी किया सख्त आदेश, स्वतंत्रता दिवस से पहले पूरी करनी होगी प्रक्रिया

गाजियाबाद। गाजियाबाद में रसोई गैस यानी एलपीजी का इस्तेमाल करने वाले लाखों परिवारों के लिए एक बेहद जरूरी खबर सामने आई है। जिला आपूर्ति विभाग ने घरेलू गैस उपभोक्ताओं को स्पष्ट चेतावनी दी है कि, जिन लोगों ने अब तक अपने गैस कनेक्शन की ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी नहीं की है,वे जल्द से जल्द इसे पूरा कर लें।  विभाग ने ऐसे सभी उपभोक्ताओं को 15 अगस्त तक की मोहलत दी है। अगर वे स्वतंत्रता दिवस से पहले यह प्रक्रिया पूरी नहीं करते हैं, तो संबंधित गैस कनेक्शन को बंद कर दिया जाएगा। यह आदेश जिले में गैस आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त और पारदर्शी बनाने की दिशा में उठाया गया एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

इसे भी पढ़ें- राहत की खबर: ग्लोबल ऑयल संकट के बीच भारत पहुंचा 20,000 टन एलपीजी टैंकर

 सत्यापन अधूरा

जिला पूर्ति विभाग की तरफ से दी गई जानकारी के मुताबिक, गाजियाबाद में एलपीजी के कुल उपभोक्ताओं की संख्या करीब 12 लाख है। इनमें से लगभग 10 लाख उपभोक्ता पहले ही अपनी ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी करा चुके हैं, लेकिन अब भी करीब दो लाख उपभोक्ता ऐसे हैं जिन्होंने यह जरूरी सत्यापन प्रक्रिया नहीं की है। यही वजह है कि, प्रशासन इन बचे हुए उपभोक्ताओं तक अपनी बात पहुंचाने के लिए हर संभव कोशिश कर रहा है।

LPG KYC

घरेलू गैस वितरक एजेंसियां लगातार ऐसे उपभोक्ताओं से संपर्क साध रही हैं, जिन्होंने अभी तक ई-केवाईसी नहीं कराई है। इसके लिए उपभोक्ताओं के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर मैसेज भेजे जा रहे हैं, जिनमें प्रक्रिया जल्द से जल्द पूरी करने की अपील की जा रही है। इसके अतिरिक्त, कई इलाकों में विशेष तौर पर ई-केवाईसी शिविर भी आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि उपभोक्ताओं को आसानी से यह सुविधा मिल सके और उन्हें कहीं दूर जाने की जरूरत न पड़े।

पुराने रिकॉर्ड अपडेट करना है मकसद

गैस एजेंसियों के संचालकों का कहना है कि, ई-केवाईसी की यह पूरी कवायद उपभोक्ताओं की सटीक पहचान सुनिश्चित करने और गैस वितरण प्रणाली को और भी बेहतर बनाने के लिए की जा रही है। दरअसल, वर्षों पहले जब कई गैस कनेक्शन जारी किए गए थे, तब से लेकर अब तक बहुत से उपभोक्ताओं के घर के पते और मोबाइल नंबर बदल चुके हैं। ऐसे में पुराना डेटा अब भरोसेमंद नहीं रह गया है।

इसके अलावा, जिले में ऐसे भी कई गैस कनेक्शन मौजूद हैं, जिन पर लंबे समय से गैस रिफिल तक नहीं कराया गया है। यह भी संभावना जताई जा रही है कि, इनमें से कुछ कनेक्शन निष्क्रिय हो चुके हों या फर्जी तरीके से चल रहे हों। यही कारण है कि विभाग अब हर एक कनेक्शन का सत्यापन कराकर पूरे सिस्टम को व्यवस्थित करने में जुटा है, ताकि सब्सिडी और आपूर्ति व्यवस्था का सही लाभ असली और पात्र उपभोक्ताओं तक ही पहुंचे।

इन आसान विकल्प से कराएं E-KYC

उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिला आपूर्ति विभाग ने ई-केवाईसी कराने के कई माध्यम उपलब्ध कराए हैं। उपभोक्ता चाहें तो अपनी नजदीकी गैस एजेंसी में जाकर बायोमेट्रिक सत्यापन के जरिए यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। इसके अलावा कॉमन सर्विस सेंटर पर जाकर भी यह काम कराया जा सकता है, जिन इलाकों में विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं, वहां भी उपभोक्ता आसानी से अपनी ई-केवाईसी करा सकते हैं।

LPG KYC

तकनीक के इस दौर में कई एलपीजी गैस कंपनियों ने अपने आधिकारिक मोबाइल ऐप और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी ई-केवाईसी की सुविधा शुरू कर दी है, जिससे उपभोक्ता घर बैठे ही यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। इसके साथ ही, घरों तक गैस सिलिंडर पहुंचाने वाले डिलीवरी कर्मचारियों के माध्यम से भी उपभोक्ता अपनी ई-केवाईसी करा सकते हैं, जो कि उन लोगों के लिए खासतौर पर सुविधाजनक है जो डिजिटल माध्यमों के इस्तेमाल में सहज नहीं हैं।

कैसे पता करें E-KYC स्टेटस

अगर किसी उपभोक्ता को यह नहीं पता कि उसकी ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी हुई है या नहीं, तो इसके लिए भी कई आसान तरीके मौजूद हैं। उपभोक्ता अपनी गैस कंपनी की आधिकारिक मोबाइल ऐप या वेबसाइट पर लॉगिन करके स्टेटस की जानकारी हासिल कर सकते हैं। इसके अलावा, गैस एजेंसी में जाकर अपना कंज्यूमर नंबर बताकर भी यह जानकारी ली जा सकती है।

जो उपभोक्ता ऑनलाइन माध्यमों का इस्तेमाल नहीं करना चाहते, वे गैस सिलिंडर की डिलीवरी करने आने वाले कर्मचारी से या फिर गैस कंपनी के कस्टमर केयर नंबर पर फोन करके भी अपनी ई-केवाईसी का स्टेटस पूछ सकते हैं।

समय रहते प्रक्रिया पूरी करना क्यों जरूरी

प्रशासन की ओर से साफ कर दिया गया है कि अंतिम तारीख के बाद किसी भी तरह की ढिलाई बरतने वालों का गैस कनेक्शन बंद कर दिया जाएगा, जिससे उन्हें रसोई गैस की आपूर्ति में परेशानी झेलनी पड़ सकती है। ऐसे में विभाग ने सभी उपभोक्ताओं, खासकर उन लोगों से जिन्होंने अभी तक ई-केवाईसी नहीं कराई है, अपील की है कि वे बिना देरी किए तुरंत अपनी नजदीकी गैस एजेंसी, सीएससी सेंटर या डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए इस प्रक्रिया को पूरा कर लें।

आगामी 15 अगस्त की तारीख नजदीक आते ही एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की भीड़ बढ़ने की संभावना है, इसलिए विशेषज्ञ यह सलाह दे रहे हैं कि अंतिम समय का इंतजार करने के बजाय लोग जल्द से जल्द अपनी ई-केवाईसी पूरी करा लें, ताकि किसी भी तरह की आपाधापी और असुविधा से बचा जा सके।

 

इसे भी पढ़ें- एलपीजी संकट को लेकर संसद परिसर में विपक्ष का प्रदर्शन

Related Articles

Back to top button