सीएम धामी ने मसूरी को दी 17.80 करोड़ की सौगात, खींचा विकास का खाका

 मसूरी। मसूरी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत स्थित पुरुकुल में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे सीएम धामी ने क्षेत्रवासियों को विकास योजनाओं की बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने यहां 17 करोड़ 80 लाख रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष स्वर्गीय दीपक पुण्डीर की पावन स्मृति में नवनिर्मित आधुनिक सामुदायिक भवन का लोकार्पण भी शामिल रहा।

इसे भी पढ़ें- भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता पर CM धामी का विपक्ष पर बड़ा हमला, कहा- NDA ले रहा एक्शन

पीएम मोदी की सराहना की

पुरुकुल में जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम धामी ने कहा कि, ये सभी परियोजनाएं मसूरी विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास को एक नई दिशा और गति प्रदान करेंगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि, आज उत्तराखंड विकास के स्वर्णिम कालखंड में प्रवेश कर चुका है। राज्य सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क और बुनियादी ढांचे के सुदृढ़ीकरण के साथ-साथ उत्तराखंड को देश-विदेश में खेल, पर्यटन और एडवेंचर एक्टिविटीज़ के प्रमुख हब के रूप में तेज़ी से स्थापित कर रही है।

Pushkar Singh Dhami

पहाड़ों की रानी मसूरी की वैश्विक पहचान का जिक्र करते हुए सीएम धामी ने कहा, जब भी देश या दुनिया में पर्यटन या ‘वेडिंग डेस्टिनेशन’ की चर्चा होती है, तो लोगों के मन में सबसे पहला नाम मसूरी का आता है। यहां का शांत वातावरण, नैसर्गिक सुंदरता और मनमोहक वादियां पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करती हैं।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि, मसूरी आने वाले लाखों पर्यटक राज्य की अर्थव्यवस्था को मज़बूत आधार प्रदान करते हैं, इसीलिए प्रदेश सरकार इस ऐतिहासिक नगर के सर्वांगीण विकास के लिए कटिबद्ध है।

सैन्य धाम का निर्माण

यहां पुरुकुल क्षेत्र में ही उत्तराखंड की वीर भूमि को नमन करने के लिए ‘सैन्य धाम’ का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इसके साथ ही मसूरी रोपवे के लोअर टर्मिनल तक पहुंचने वाली लगभग 13 किलोमीटर लंबी मुख्य सड़क का चौड़ीकरण और उच्चीकरण किया जा रहा है।

पेयजल किल्लत का समाधान

‘जल जीवन मिशन’ के तहत गंगोल-पंडितवाड़ी पेयजल योजना का निर्माण कर क्षेत्र के दुर्गम गांवों तक स्वच्छ एवं शुद्ध पेयजल पहुंचाने का कार्य सफलतापूर्वक संपन्न किया गया है।

हो रहा बुनियादी सुविधाओं का विस्तार

मसूरी विधानसभा क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि, मालदेवता लाल पुल से सिल्ला-मोलधार होते हुए सुआखोली तक जाने वाले मार्ग का सेंट्रल रोड फंड योजना के तहत चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण कार्य किया जा रहा है, जिससे भविष्य में यातायात सुगम होगा।

इसके अलावा, ग्राम पंचायत रिखोली के सोलाह गांव में विद्युतीकरण का कार्य पूर्ण कर दिया गया है, जिससे दशकों पुरानी बिजली की समस्या का स्थायी समाधान हुआ है। मानसून और प्राकृतिक आपदाओं से जान-माल की सुरक्षा के विषय पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सहस्त्रधारा स्थित बाल्दी नदी के दोनों तटों पर 1.5 किलोमीटर लंबा सुरक्षा तटबंध और न्यू कैंट रोड क्षेत्र में व्यापक बाढ़ सुरक्षा कार्य युद्धस्तर पर कराए जा रहे हैं।

विपक्ष पर साधा निशाना

अपने संबोधन के दौरान धामी ने राजनीतिक विरोधियों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि, प्रदेश सरकार बिना थके और बिना रुके अपने हर वादे को धरातल पर उतार रही है, लेकिन कुछ हताश लोग समाज में केवल झूठ, नकारात्मकता और अफवाहें फैलाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि, ऐसे लोगों के पास अपनी कोई उपलब्धि गिनाने के लिए नहीं है, इसलिए वे जनता को गुमराह करने की नाकाम कोशिश कर रहे हैं।

राज्य की सांस्कृतिक पहचान और जनसांख्यिकी में आ रहे बदलावों पर चिंता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि उत्तराखंड की देवसंस्कृति की रक्षा के लिए उनकी सरकार ने सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून लागू किया है। इसके साथ ही, राज्य में समान नागरिक संहिता को लागू करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं। दंगाइयों और उपद्रवियों पर नकेल कसते हुए राज्य में ऐसा कानून बनाया गया है जिसके तहत सार्वजनिक या निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचने पर उपद्रवियों से ही पाई-पाई की भरपाई की जाएगी।

 भविष्य का खाका खींचा

उत्तराखंड के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य का खाका खींचते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में हावी रहे नकल माफिया के कुचक्र को तोड़ने के लिए देश का सबसे कड़ा नकल विरोधी कानून लागू किया गया। इसका सीधा परिणाम यह हुआ कि, बिना किसी भ्रष्टाचार के अब तक 34,000 से अधिक युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरियां मिल चुकी हैं।

Pushkar Singh Dhami

स्वरोजगार के अवसरों पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में नई ‘स्टार्टअप नीति’, ‘एक जनपद दो उत्पाद’, ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’, ‘होम स्टे योजना’, ‘वेड इन उत्तराखंड’ और ‘सौर स्वरोजगार योजना’ जैसी योजनाओं के माध्यम से युवा आज नौकरी माँगने वाले नहीं, बल्कि नौकरी देने वाले बन रहे हैं।

सरकारी प्रयासों के परिणामस्वरूप उत्तराखंड की बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की रिकॉर्ड गिरावट दर्ज की गई है। इतना ही नहीं, नीति आयोग द्वारा जारी ‘सतत विकास लक्ष्य इंडेक्स’ में उत्तराखंड ने पूरे भारत में पहला स्थान हासिल कर इतिहास रचा है।

आत्मनिर्भर उत्तराखंड बनाना है मकसद

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का मुख्य ध्येय एक ऐसा आत्मनिर्भर उत्तराखंड बनाना है, जहां किसी भी युवा को आजीविका के लिए पलायन न करना पड़े और राज्य की मातृशक्ति पूरी तरह सशक्त हो।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में संपूर्ण प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि, मसूरी विधानसभा क्षेत्र में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य और सामुदायिक सुविधाओं के जितने काम पिछले कुछ वर्षों में हुए हैं, वे अभूतपूर्व हैं।

कार्यक्रम में एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी, दायित्वधारी ज्योति कोटिया, शमशेर सिंह बिष्ट, भाजपा नेता वीर सिंह चौहान, नेहा जोशी, सीमा पुंडीर, लक्ष्मण सिंह रावत सहित भारी संख्या में स्थानीय नागरिक और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

 

इसे भी पढ़ें- शहीद ऊधम सिंह की शहादत दिवस पर सीएम धामी ने किया नमन, बोले- हर भारतीय के लिए प्रेरणा है बलिदान

Related Articles

Back to top button