
खटीमा (ऊधमसिंह नगर)। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार को अपने गृह क्षेत्र खटीमा पहुंचे। यहां उन्होंने लोहियाहेड हेलीपैड स्थित कैंप कार्यालय में जनता और जनप्रतिनिधियों से सीधा संवाद किया। इस दौरान क्षेत्र के तमाम लोगों ने अपनी समस्याएं और सुझाव मुख्यमंत्री के समक्ष रखे, जिन्हें उन्होंने बड़ी गंभीरता से सुना और हल करने का आश्वासन दिया। जनसुनवाई के दौरान धामी ने मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि, प्राप्त सभी शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर, त्वरित गति से, पारदर्शी ढंग से और गुणवत्तापूर्ण तरीके से सुनिश्चित किया जाए।
इसे भी पढ़ें- उत्तराखंड में महिला सशक्तिकरण की नई मिसाल, 3,220 लखपति दीदियां हुईं सम्मानित
जनसेवा ही सरकार का मूल मंत्र
इस अवसर पर जनता को संबोधित करते हुए धामी ने कहा कि, जनसेवा ही किसी भी लोकतांत्रिक सरकार का मूल उद्देश्य होता है और आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है। उन्होंने कहा कि, प्रदेश सरकार आम नागरिकों की सेवा के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और इसी भावना के साथ लगातार कार्य कर रही है।

सीएम ने वहां मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक शिकायत की जांच पूरी संवेदनशीलता के साथ की जाए और उसका प्रभावी व स्थायी समाधान निकाला जाए, ताकि आम लोगों को अपनी समस्याओं के लिए बार-बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक व्यवस्था तभी सफल मानी जाएगी जब आम जनता को उसकी जरूरत के अनुसार त्वरित राहत मिल सके।
तय हो शासन-प्रशासन की जवाबदेही
धामी ने कहा कि, राज्य सरकार प्रदेश में सरलीकरण, समाधान और संतुष्टि के मंत्र के साथ काम कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि, शासन और प्रशासन की जवाबदेही तभी सार्थक साबित होगी, जब आम नागरिक को उसकी समस्या का शीघ्र और संतोषजनक समाधान प्राप्त हो सके। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से अपेक्षा जताई कि, वे जनहित से जुड़े हर मामले में पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ काम करें, जिससे प्रशासन के प्रति जनता का भरोसा और मजबूत हो।
जनप्रतिनिधियों से की मुलाकात
जनसुनवाई के दौरान सीएम धामी ने कैंप कार्यालय में उपस्थित क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों से भी मुलाकात की और उनके साथ क्षेत्र के विकास से जुड़ी जरूरतों तथा जनहित के विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। इस अवसर पर धामी ने जनप्रतिनिधियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि, राज्य सरकार जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप विकास कार्यों को गति देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि, क्षेत्र में नागरिक सुविधाओं को और सुदृढ़ बनाने के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत रहेगी, ताकि आम लोगों का जीवन स्तर बेहतर हो सके और क्षेत्र चौतरफा विकास की राह पर आगे बढ़ सके।
वितरण समारोह में की शिरकत
जनसुनवाई कार्यक्रम के उपरांत सीएम ने खटीमा स्थित कैंप कार्यालय में एक विशेष वितरण समारोह में भाग लिया, जिसमें दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को विभिन्न प्रकार के सहायक उपकरण प्रदान किए गए। इस दौरान 27 दिव्यांगजनों को कुल 77 सहायक उपकरण वितरित किए गए। वहीं 22 वरिष्ठ नागरिकों को 113 सहायक उपकरण प्रदान किए गए।
वितरित किए गए उपकरणों में 11 बैटरी रिक्शा, 14 व्हील चेयर, 18 कमोड चेयर, 06 ट्राई साइकिल, 24 हियरिंग मशीन, 40 नी ब्रेस और 13 बैशाखी शामिल थीं। इसके अतिरिक्त लाभार्थियों को वॉकर, वॉकिंग स्टिक, सिलिकॉन कुशन और सीपी चेयर जैसे उपयोगी उपकरण भी उपलब्ध कराए गए। इन उपकरणों से दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों के दैनिक जीवन में आने वाली कठिनाइयों में कमी आएगी और उन्हें आत्मनिर्भर जीवन जीने में सहायता मिलेगी।
आजीविका संवर्धन की दिशा में अहम कदम
कार्यक्रम के दौरान सीएम ने ग्रामोत्थान रीप योजना के अंतर्गत भी क्षेत्रीय संगठनों को महत्वपूर्ण सौगातें प्रदान कीं। इस क्रम में नारी शक्ति ग्राम संगठन, गदरपुर तथा सत्यमेव जयते सीएलएफ, बाजपुर को बोलेरो वाहन की चाबी सौंपी गई, जिससे संबंधित संगठनों की कार्यक्षमता और गतिशीलता में वृद्धि होगी।
वहीं एकता सीएलएफ, गदरपुर को फूड वैन की चाबी प्रदान की गई, जो स्थानीय स्तर पर आजीविका संवर्धन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इन योजनाओं का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं और स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना तथा उन्हें स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।

इस पूरे कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के कई प्रमुख जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। इनमें दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, किशन सिंह किन्ना, गंभीर सिंह धामी, रणजीत सिंह नामधारी और मोहिनी पोखरिया प्रमुख रूप से शामिल थे।
प्रशासनिक अधिकारियों में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, वीसी जय किशन, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा तथा जिला समाज कल्याण अधिकारी अमन अनिरुद्ध की उपस्थिति उल्लेखनीय रही। इनके अलावा भी क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी इस अवसर पर उपस्थित थे और उन्होंने कार्यक्रम के सफल संचालन में अपना सहयोग दिया।
सीएम धामी का खटीमा दौरा एक ओर जहां जनता की समस्याओं को सीधे सुनने और उनके समाधान की दिशा में ठोस पहल के रूप में देखा जा रहा है। वहीं, दूसरी ओर दिव्यांगजनों, वरिष्ठ नागरिकों और महिला स्वयं सहायता समूहों के हित में उठाया गया यह कदम सामाजिक कल्याण की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।
मुख्यमंत्री द्वारा बार-बार दोहराए गए सरलीकरण, समाधान और संतुष्टि के मंत्र से यह स्पष्ट संकेत मिलता है कि राज्य सरकार जनसेवा को अपनी कार्यशैली का केंद्रबिंदु बनाए रखते हुए प्रदेशवासियों के जीवन को सुगम बनाने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है।
इसे भी पढ़ें- उत्तराखंड में बन रही देश की 5वीं साइंस सिटी, CM धामी बोले- नवाचार है विकास की आधारशिला



