
मेडिकल छात्रा की शिकायत पर कलकत्ता हाईकोर्ट ने दिए सख्त निर्देश
इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जब्त करने का भी आदेश
कोलकाता। भारतीय क्रिकेट जगत से एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है। दिल्ली कैपिटल्स के युवा विकेटकीपर-बल्लेबाज अभिषेक पोरेल का नाम एक गंभीर आपराधिक मामले में सामने आया है। एक मेडिकल छात्रा की शिकायत पर दर्ज मामले में कलकत्ता हाईकोर्ट ने आईपीएल क्रिकेटर अभिषेक पोरेल की गिरफ्तारी के आदेश दिए हैं। कोर्ट ने इस मामले को बेहद गंभीरता से लेते हुए पुलिस को तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
इसे भी पढ़ें- नाबालिग यौन शोषण मामले में पूर्व क्रिकेटर दोषी करार, बर्बाद हुआ करियर, अब जाएगा जेल
क्या है पूरा मामला
एक मेडिकल छात्रा ने शिकायत पत्र में आरोप लगाया है कि, अभिषेक पोरेल ने शादी का झांसा देकर तीन साल तक उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और दोनों के निजी पलों की रिकॉर्डिंग भी की। छात्रा ने यह भी आरोप लगाया है कि, क्रिकेटर की तरफ से उसे धमकियां भी दी गईं। इस पूरे मामले में क्रिकेटर के अलावा एक और व्यक्ति को भी आरोपी बनाया गया है।

कलकत्ता हाईकोर्ट ने इस कथित दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग के मामले में बेहद सख्त रुख अपनाते हुए पुलिस को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही हुगली जिले की मगरा थाना पुलिस को आदेश दिया है कि, वह अभिषेक पोरेल समेत दोनों आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करे।
इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जब्त करने के आदेश
मामले की सुनवाई के दौरान कोर्ट ने सिर्फ गिरफ्तारी का आदेश दिए बल्कि सबूतों की सुरक्षा को लेकर भी सख्ती दिखाई। सुनवाई के दौरान न्यायमूर्ति सौगत भट्टाचार्य ने पुलिस को क्रिकेटर के सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और पेन ड्राइव को बिना समय गवाएं जब्त करने के सख्त निर्देश भी दिए।
इसके पीछे की वजह भी साफ है। कोर्ट का मानना है कि, क्रिकेटर के डिवाइस जब्त कर उन कथित निजी फोटो और वीडियो को इंटरनेट पर वायरल होने से रोकना है, जिनकी रिकॉर्डिंग का आरोप छात्रा ने शिकायत में लगाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए हाईकोर्ट ने पुलिस प्रशासन को इस केस में तेजी लाने और आरोपी को जल्द से जल्द हिरासत में लेने के सख्त आदेश जारी किए हैं।
कौन हैं अभिषेक पोरेल?
इस खबर को लेकर अब आपके मन में सवाल उठ रहा होगा कि आखिर अभिषेक पोरेल हैं कौन और क्रिकेट जगत में उनकी पहचान क्या है। अभिषेक पोरेल भारतीय क्रिकेट के उन युवा चेहरों में शामिल हैं, जिन्होंने बेहद कम समय में अपनी अलग पहचान बनाई। कोलकाता, पश्चिम बंगाल में जन्मे अभिषेक बाएं हाथ के बल्लेबाज और तेज-तर्रार विकेटकीपर के तौर पर जाने जाते हैं।
2022 अंडर-19 विश्व कप टीम में बनाई जगह
उन्होंने अपने करियर की शुरुआत बंगाल की जूनियर टीम से की थी। 2022 में कूच बिहार ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन के बावजूद चैलेंजर ट्रॉफी में जगह न मिल पाने के कारण वे 2022 अंडर-19 विश्व कप की टीम में जगह नहीं बना पाए थे। हालांकि टूर्नामेंट के दौरान उन्हें कोविड से संक्रमित खिलाड़ियों के बैकअप के तौर पर बुलाया गया था। विश्व कप से लौटने के बाद उनका करियर तेजी से आगे बढ़ा और वे जल्द ही बंगाल की सीनियर टीम का हिस्सा बन गए।
2021-22 रणजी ट्रॉफी सीजन में बड़ौदा के खिलाफ उन्होंने अपना पहला फर्स्ट क्लास मैच खेला। इसके बाद अक्टूबर 2022 में उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में ओडिशा के खिलाफ अपना पहला टी20 मैच भी खेला। घरेलू क्रिकेट में उनका प्रदर्शन लगातार निखरता गया और वे बंगाल टीम के अहम सदस्य बनकर उभरे।
पन्त को किया रिप्लेस
अभिषेक पोरेल पहली बार तब सुर्खियों में आए जब उन्हें एक बड़े स्टार क्रिकेटर की जगह टीम में शामिल किया गया। साल 2023 आईपीएल सीजन के लिए दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें ऋषभ पंत के रिप्लेसमेंट के तौर पर 20 लाख रुपये की कीमत पर टीम में शामिल किया था। गौरतलब है कि, उस दौरान ऋषभ पंत एक गंभीर कार दुर्घटना के बाद चोटिल होकर टीम से बाहर हो गए थे, जिसके बाद दिल्ली कैपिटल्स को विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संभालने के लिए एक नए चेहरे की तलाश थी।
अभिषेक पोरेल ने 4 अप्रैल 2023 को गुजरात टाइटंस के खिलाफ अपना आईपीएल डेब्यू किया, जिसमें उन्होंने 11 गेंदों में दो छक्कों की मदद से 20 रन बनाए। इसी मैच में उन्होंने हार्दिक पांड्या का महत्वपूर्ण कैच भी लपका। अपने पहले सीजन में उन्हें कुल चार मैचों में खेलने का मौका मिला।
घरेलू क्रिकेट प्रदर्शन भी रहा बेहतरीन
आईपीएल के अलावा घरेलू क्रिकेट में भी अभिषेक पोरेल का प्रदर्शन काबिले-तारीफ रहा है। उन्होंने अब तक 16 फर्स्ट-क्लास मैचों में 66 कैच और 8 स्टंपिंग अपने नाम की हैं, जो एक विकेटकीपर के तौर पर उनकी काबिलियत को दर्शाता है। 2022 में रणजी ट्रॉफी में बड़ौदा के खिलाफ उन्होंने 53 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेलते हुए बंगाल को 350 रनों का बड़ा लक्ष्य हासिल करने में अहम भूमिका निभाई थी।
रिद्धिमान साहा के संन्यास के बाद अभिषेक पोरेल बंगाल टीम के प्रमुख सदस्यों में शामिल हो गए और कोलकाता की गलियों में क्रिकेट खेलने से लेकर आईपीएल के बड़े मंच तक पहुंचने का उनका सफर काफी प्रेरणादायक रहा है। रणजी ट्रॉफी, विजय हजारे ट्रॉफी और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में उनके नियमित प्रदर्शन ने उन्हें घरेलू क्रिकेट के भरोसेमंद खिलाड़ियों में शुमार किया है।
संकट में करियर
अब जिस मुकाम पर अभिषेक पोरेल पहुंचे थे, वहां यह ताजा मामला उनके करियर के लिए एक बड़ा झटका साबित हो सकता है, जिस तेजी से उन्होंने घरेलू क्रिकेट से आईपीएल तक का सफर तय किया था। उस पर अब गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। हालांकि, यह मामला फिलहाल अदालत में विचाराधीन है और आरोपों की जांच अभी चल रही है। ऐसे में किसी भी नतीजे पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
मामले की हो रही जांच
कलकत्ता हाईकोर्ट के सख्त रुख के बाद अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि, पुलिस इस मामले में कितनी जल्दी कार्रवाई करती है और गिरफ्तारी की प्रक्रिया कब पूरी होती है। साथ ही, यह भी देखना दिलचस्प होगा कि, इस पूरे प्रकरण का असर अभिषेक पोरेल के आईपीएल करियर और दिल्ली कैपिटल्स के साथ उनके भविष्य पर किस तरह पड़ता है। फिलहाल यह मामला जांच के दायरे में है और आने वाले दिनों में इससे जुड़ी और जानकारियां सामने आने की उम्मीद है।
इसे भी पढ़ें- यूपी में पैठ बना रहा जियो भारत, लाइव क्रिकेट और फ्री साउंड बॉक्स फीचर की वजह से बना पहली पसंद



