नितिन नबीन के स्वागत में भगवामय हुआ लखनऊ, रोड शो में बरसाए फूल, लहराई तलवार

लखनऊ। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन शनिवार को अपने पहले संगठनात्मक लखनऊ दौरे पर पहुंचे। उनके आगमन को लेकर उत्तर प्रदेश में भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला। चौधरी चरण सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वयं पहुंचकर पुष्पगुच्छ भेंट किया और भगवा अंगवस्त्र पहनाकर उनका भव्य स्वागत किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को प्रदेश सरकार के मंत्रियों और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से परिचय भी कराया।

इसे भी पढ़ें- कल से दो दिन लखनऊ में रहेंगे नितिन नबीन, प्रदेश में तेज हुई सियासी हलचल

ये नेता-मंत्री पहुंचे एयरपोर्ट

एयरपोर्ट पर स्वागत में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री पंकज चौधरी, केंद्रीय राज्य मंत्री कमलेश पासवान सहित अनेक मंत्री, सांसद, विधायक और संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Nitin Naveen Road Show in Lucknow C

इनमें सुरेश खन्ना, सूर्य प्रताप शाही, स्वतंत्र देव सिंह, भूपेंद्र चौधरी, एके शर्मा, धर्मपाल सिंह, नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’, संजय निषाद, दारा सिंह चौहान, जेपीएस राठौर, राज्यसभा सांसद दिनेश शर्मा, संजय सेठ, ब्रजलाल और लखनऊ महापौर सुषमा खर्कवाल समेत कई अन्य नेता शामिल थे।

एयरपोर्ट से भव्य रोड शो

एयरपोर्ट पर स्वागत के बाद नितिन नबीन सीधे भाजपा प्रदेश मुख्यालय की ओर रवाना हुए। एयरपोर्ट से प्रदेश मुख्यालय तक करीब 18 किलोमीटर लंबा भव्य रोड शो निकाला गया। इस रोड शो में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी मुख्य रूप से ओपन वैन में सवार थे। पूरे मार्ग पर 40 से अधिक स्थानों पर उनका स्वागत किया गया। लगभग 50 हजार से ज्यादा कार्यकर्ता और पदाधिकारी तैनात किए गए थे। पूरी राजधानी में एक लाख से अधिक पोस्टर और बैनर लगाए गए थे।

Nitin Naveen Road Show in Lucknow D

कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह फूल-मालाएं पहनाईं और जोरदार नारेबाजी की। नितिन नबीन ने समर्थकों का अभिवादन करते हुए तलवार भी लहराई, जिससे माहौल और उत्साहमय हो गया। रोड शो की खास बात यह रही कि, इसमें सामाजिक समरसता की झलक दिखी। बड़ी संख्या में बुर्का पहने मुस्लिम महिलाएं, टोपी पहने मुस्लिम पुरुष, पादरी और नन भी शामिल हुए और गर्मजोशी से स्वागत किया।

प्रदेश मुख्यालय में अहम बैठक

रोड शो के बाद नितिन नबीन भाजपा प्रदेश मुख्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने प्रदेश कार्यकारिणी, सभी जिला अध्यक्षों और वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ अहम बैठक की। बैठक में आगामी संगठनात्मक रणनीति, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों और 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा हुई।

सीएम योगी की भावुक पोस्ट

सीएम योगी आदित्यनाथ ने इस दौरे को लेकर एक्स पर भावुक पोस्ट भी साझा की। उन्होंने लिखा, प्रभु श्रीराम और लीलाधारी भगवान श्रीकृष्ण के चरणरज से पावन हुई संस्कृति, संस्कार और सृजन की साधना स्थली उत्तर प्रदेश में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का हार्दिक स्वागत और अभिनंदन किया जाता है।

नितिन नबीन का बयान

लखनऊ पहुंचने पर नितिन नबीन ने भावुक होकर कहा कि, वे उत्तर प्रदेश की इस पावन धरती को नमन करते हैं। यह प्रभु श्रीराम, भोले बाबा और श्रीकृष्ण की धरती है।

Nitin Naveen Road Show in Lucknow C

पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी का भी यह कार्यक्षेत्र रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं में दिख रहे उत्साह को देखते हुए विश्वास जताया कि, उत्तर प्रदेश में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनेगी। पार्टी इसी लक्ष्य पर लगातार काम कर रही है।

मंत्रियों का उत्साह

यूपी के मंत्री एके शर्मा ने कहा कि, पूरा उत्तर प्रदेश और लखनऊ नितिन नबीन का स्वागत कर रहा है। कार्यकर्ता उनके मार्गदर्शन का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। मंत्री नरेंद्र कश्यप ने बताया कि, यह दौरा तीन दिवसीय है और राष्ट्रीय अध्यक्ष का पहला दौरा होने के कारण कार्यकर्ताओं के लिए यह बेहद खुशी का पल है। इससे 2027 के चुनाव की तैयारियों को मजबूती मिलेगी।

मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि, राष्ट्रीय अध्यक्ष विभिन्न पदाधिकारियों के साथ बैठकें करेंगे और शाम को विधायकों- सांसदों से मुलाकात करेंगे। इस दौरे से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होगा।

दो दिवसीय कार्यक्रम

नितिन नबीन दो दिवसीय दौरे पर हैं। कार्यक्रम में संगठनात्मक बैठकें, हनुमान सेतु मंदिर में पूजा, सीएम योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्रियों के साथ बैठक, कोर कमेटी की बैठक और प्रमुख व्यक्तियों से मुलाकात शामिल है। शाम को वे योगी आदित्यनाथ के साथ रात्रिभोजन भी करेंगे।

यह दौरा 2027 विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा की तैयारियों को नई दिशा देने वाला माना जा रहा है। कार्यकर्ताओं का जबरदस्त उत्साह और भव्य स्वागत पार्टी की मजबूती का संकेत दे रहा है। नितिन नबीन के नेतृत्व में भाजपा यूपी में फिर से अपनी सरकार बनाने के लक्ष्य पर पूरी ताकत से जुट गई है।

 

इसे भी पढ़ें- बांकीपुर उपचुनाव: नितिन नवीन के गढ़ पर प्रशांत की नजर, क्या मिलेगा विपक्ष का साथ?

Related Articles

Back to top button