24 जून तक बढ़ाई गईं बेसिक स्कूलों की छुट्टियां, भीषण गर्मी की वजह से लिया गया फैसला

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में इस बार गर्मी ने सभी पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। सूरज की तपिश और लू के थपेड़ों ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। ऐसे में सबसे ज्यादा चिंता उन मासूम बच्चों की थी, जिन्हें इस भरी गर्मी में सुबह-सुबह उठ कर स्कूल जाना पड़ता था और दोपहर में उस वक्त वापस आना पड़ता था, जब धूप पूरे चरम पर होती थी। बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने एक अहम फैसला लिया है। राज्य सरकार ने सभी सरकारी और मान्यता प्राप्त बेसिक स्कूलों की गर्मी की छुट्टियों को बढ़ाने का आदेश जारी कर दिया है। अब इन स्कूलों में 25 जून से पठन-पाठन का कार्य शुरू होगा।

इसे भी पढ़ें- इन राज्यों में पहुंचा मानसून, कहीं बारिश से सराबोर हो रहे शहर, तो कहीं रुला रही गर्मी

अपर मुख्य सचिव ने जारी किया आदेश

यह महत्वपूर्ण आदेश बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा की ओर से जारी किया गया है। आदेश में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि, प्रदेश के बेसिक शिक्षा परिषद के नियंत्रणाधीन संचालित सभी विद्यालयों और मान्यता प्राप्त स्कूलों में इस वर्ष से ग्रीष्मकालीन अवकाश 20 मई से लेकर 24 जून तक रहेगा। यानी जो बच्चे अब तक छुट्टियों का आनंद ले रहे थे, उन्हें 25 जून तक घर पर ही रहने का मौका मिलेगा और 25 जून से स्कूलों में नियमित पढ़ाई शुरू हो जाएगी।

school holiday

अपर मुख्य सचिव ने अपने आदेश में यह भी उल्लेख किया कि, परंपरागत रूप से बेसिक शिक्षा परिषद के एकेडमिक कैलेंडर में हर वर्ष 20 मई से 15 जून तक ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित किया जाता रहा है, लेकिन पिछले कुछ वर्षों में हीट-वेव की स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि स्थानीय स्तर पर जिलाधिकारियों को गर्मी की छुट्टियों के बाद भी स्कूलों में शैक्षणिक कार्य को स्थगित करने के आदेश जारी करने पड़ते थे।

इससे शिक्षा व्यवस्था में अनिश्चितता की स्थिति बनती थी और अभिभावकों के साथ-साथ शिक्षकों को भी परेशानी होती थी। इन सभी परिस्थितियों पर गंभीरता से विचार-विमर्श करने के बाद अब एक स्थायी और व्यापक निर्णय लिया गया है कि प्रत्येक वर्ष 20 मई से 24 जून तक ग्रीष्मकालीन अवकाश रहेगा।

मानसून आने के बाद खुलेंगे स्कूल

सरकार के इस फैसले के पीछे एक वैज्ञानिक और व्यावहारिक सोच भी काम कर रही है। मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि उत्तर प्रदेश में जून के तीसरे सप्ताह तक मानसून का आगमन हो जाएगा। मानसून की बारिश के साथ ही तापमान में गिरावट आने लगती है और लू का प्रकोप कम होने लगता है। ऐसे में 25 जून से स्कूल खोलना न केवल बच्चों के लिए सुरक्षित होगा, बल्कि पठन-पाठन का माहौल भी अनुकूल रहेगा। बच्चे बेहतर मानसिक और शारीरिक स्थिति में पढ़ाई कर सकेंगे।

इससे पहले बेसिक शिक्षा विभाग के स्कूलों के शिक्षकों ने मांग उठाई थी कि जनगणना कार्य अभी भी जारी रहने के कारण गर्मी की छुट्टियां इस माह के आखिर तक बढ़ाई जाएं। हालांकि, विभागीय स्तर पर पहले मंगलवार से ही स्कूल खोलने का फैसला लिया गया था, लेकिन बाद में भीषण गर्मी की स्थिति को देखते हुए सरकार ने 24 जून तक छुट्टियां बढ़ाने का निर्णय लिया।

22 जून से आएंगे शिक्षक

अपर मुख्य सचिव के आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि भले ही बच्चों की छुट्टियां 24 जून तक हैं, लेकिन शिक्षकों और कर्मचारियों को पहले से ही स्कूल पहुंचना होगा। आदेश के अनुसार 22, 23 और 24 जून को सभी शिक्षक, शिक्षा मित्र, अनुदेशक एवं शिक्षकेतर कर्मचारी स्कूलों में उपस्थित रहेंगे। इन तीन दिनों में वे स्कूल खुलने की सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करेंगे, ताकि जब 25 जून को छात्र-छात्राएं स्कूल पहुंचें, तो उनका नियमित पठन-पाठन तुरंत शुरू हो सके और किसी प्रकार की कोई असुविधा न हो।

सरकार चाहती है कि, 25 जून को जब स्कूल खुलें तो सब कुछ पूरी तरह व्यवस्थित हो। इसके लिए अपर मुख्य सचिव की ओर से विस्तृत निर्देश जारी किए गए हैं। शिक्षकों को निर्देश दिया गया है कि, वे लेसन प्लान तैयार रखें। मिड डे मील की पूरी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। पाठ्य पुस्तकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। विद्यालय शिक्षा समिति की बैठक कर समुदाय का सहयोग प्राप्त किया जाए। बाल-वाटिका की तैयारी पहले से की जाए। स्कूल परिसर, रसोई और शौचालयों की अच्छी तरह साफ-सफाई की जाए।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर होगा सामूहिक योगाभ्यास

इसके अलावा स्कूलों में खेल सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए हैं, जिन स्कूलों में स्मार्ट क्लास या आईसीटी लैब की सुविधा है, उन्हें पूरी तरह क्रियाशील रखने को कहा गया है। बिजली कनेक्शन चालू रखना और पेयजल तथा शौचालयों में पानी की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करना भी प्राथमिकता में रखा गया है। सरकार की मंशा है कि, बच्चे जब स्कूल लौटें तो उन्हें एक साफ-सुथरा, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण मिले।

school holiday

अपर मुख्य सचिव ने इस आदेश के साथ एक और महत्वपूर्ण निर्देश जारी किया है। प्रत्येक वर्ष 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रदेश के सभी स्कूलों में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दिन शिक्षक और छात्र-छात्राएं मिलकर योग करेंगे। इसके लिए स्कूल स्तर पर पहले से तैयारी पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। योग दिवस का आयोजन बच्चों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और उन्हें नियमित योगाभ्यास के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से किया जाएगा।

220 दिन का होगा पठन-पठान कार्य

आदेश में अपर मुख्य सचिव ने यह भी स्पष्ट किया है कि गर्मी की छुट्टियां बढ़ाने का यह निर्णय शिक्षा की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं करता। आरटीई यानी शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत प्रत्येक वर्ष स्कूलों में न्यूनतम 220 दिनों का पठन-पाठन कार्य पूरा कराना अनिवार्य है और इस लक्ष्य को हर हाल में पूरा किया जाएगा।

इसके लिए एकेडमिक कैलेंडर में आवश्यक समायोजन किया जाएगा। बेसिक शिक्षा निदेशक और बेसिक शिक्षा परिषद के सचिव को इस पूरे आदेश का कड़ाई से अनुपालन कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सरकार का यह कदम निश्चित रूप से लाखों बच्चों और उनके अभिभावकों को राहत देगा और आने वाले वर्षों में गर्मी से जुड़ी अनिश्चितता को भी समाप्त करेगा।

 

इसे भी पढ़ें-  हीटवेव से ब्रेन और किडनी पर हो रहा गंभीर असर, गर्मी के इन लक्षणों को न करें इग्नोर

Related Articles

Back to top button