
भीमताल (नैनीताल)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नैनीताल जनपद को एक बहुत बड़ी सौगात दी है। भीमताल के मल्लीताल स्थित ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के चौमुखी विकास के लिए 96 करोड़ कतर लाख रुपये की लागत वाली कुल तेरह महत्वपूर्ण विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
इसे भी पढ़ें-उत्तराखंड में नजर आया नितिन नवीन का बॉस मोड, बारीकी, सख्ती और तैयारी देख दंग रह गए नेता
सीएम ने किया पौधरोपण
इस दौरान लगातार हो रही आंशिक बारिश के बावजूद मुख्यमंत्री को सुनने और विकास कार्यों के साक्षी बनने के लिए भारी संख्या में स्थानीय जनता, मातृशक्ति और युवा वर्ग कार्यक्रम स्थल पर डटे रहे। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलित कर और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए परिसर में पौधरोपण करके की।

अपने संबोधन में उन्होंने राज्य सरकार की प्राथमिकताओं को रेखांकित करते हुए कहा कि बुनियादी ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य और कनेक्टिविटी में सुधार कर उत्तराखंड को देश का अग्रणी राज्य बनाने की दिशा में निरंतर काम किया जा रहा है।
इस दौरान सीएम द्वारा कुल तेरह विकास योजनाओं की शुरुआत की गई, जिसमें इंफ्रास्ट्रक्चर से लेकर उच्च शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने पर विशेष ध्यान दिया गया है। इन योजनाओं को मुख्य रूप से दो भागों में विभाजित किया गया है, जिसके अंतर्गत 66 करोड़ 99 लाख रुपये की लागत वाली छह परियोजनाओं का लोकार्पण कर उन्हें जनता को समर्पित किया गया, जबकि 29 करोड़ 71 लाख रुपये की लागत वाली सात नई विकास योजनाओं की आधारशिला रखी गई।
छह परियोजनाओं का किया लोकार्पण
शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने जिन छह पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं का लोकार्पण किया, उनमें उच्च शिक्षा के स्तर को सुधारने के लिए 45 करोड़ 68 लाख रुपये की भारी-भरकम राशि से कुमाऊं विश्वविद्यालय नैनीताल के प्रशासनिक भवन का जीर्णोद्धार शामिल है, जिसके साथ ही परिसर में योग विभाग, गणित विभाग और बीएड भवन का नया निर्माण कार्य भी पूर्ण किया गया है।
इसके अलावा विद्यार्थियों की आवासीय और तकनीकी आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए डीएसबी परिसर में 5 करोड़ 82 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित महिला एवं पुरुष छात्रावास और एक अत्याधुनिक आईटी लैब का उद्घाटन हुआ। साथ ही कुमाऊं विश्वविद्यालय के नैनीताल स्थित सोनगांव भूमि पर 5 सौ 7 लाख 20 हजार रुपये की लागत से बने भव्य लेक्चर कम सेमिनार ब्लॉक की शुरुआत की गई।
आयुष चिकित्सालय भवन का लोकार्पण
क्षेत्र में पारंपरिक और आयुष चिकित्सा पद्धतियों को सुलभ बनाने के लिए भीमताल में 6 सौ 35 लाख 14 हजार रुपये की लागत से तैयार दस बिस्तरों वाले आयुष चिकित्सालय के भवन का लोकार्पण किया गया। ग्रामीण और पर्वतीय क्षेत्रों में सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए दो मुख्य सड़कों का लोकार्पण भी इस अवसर पर हुआ, जिसमें एक करोड़ 54 लाख रुपये की लागत से हरतोला सतपूरी मोटर मार्ग का पुनर्निर्माण कार्य और दो करोड़ 51 लाख रुपये की लागत से रामगढ़ क्षेत्र के मल्ला सूपी रूसानी दीगड कपुवा लोधिया मोटर मार्ग का सुदृढ़ीकरण कार्य शामिल है।
क्षेत्र में कनेक्टिविटी को और अधिक बेहतर बनाने और स्वास्थ्य केंद्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मुख्यमंत्री ने सात नई परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया। इसमें यातायात के दबाव को कम करने के लिए चार सौ 69 लाख 69 हजार रुपये की लागत से बनने वाले काठगोदाम बाईपास मोटर मार्ग सतासी के निर्माण कार्य की आधारशिला रखी गई और साथ ही रानीबाग प्रभाग के अंतर्गत काठगोदाम बाईपास के द्वितीय चरण के निर्माण हेतु एक सौ 75 लाख 54 हजार रुपये के कार्य को हरी झंडी दिखाई गई।
आयुर्वेदिक चिकित्सालय में गेट के निर्माण होगा
यातायात व्यवस्था को मजबूत करने के लिए काठगोदाम रानीबाग प्रभाग के लिए एक बेहद महत्वपूर्ण और बहुप्रतीक्षित 75 मीटर स्पान वाले स्टील ट्रस पुल के निर्माण का शिलान्यास किया गया, जिसकी कुल अनुमानित लागत 11 सौ 77 लाख 93 हजार रुपये है और इसके बनने से बड़े वाहनों का आवागमन सुरक्षित हो जाएगा।

सुदूरवर्ती क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए दस सौ 28 लाख रुपये की बड़ी लागत से रामनगर, भंडारपानी, अमगडी, बोहराकोट, तल्ली सेठी, बेतालघाट, रतौडा, भुजान, जैना, रींची और बिल्लेख मोटर मार्गों के संयुक्त निर्माण कार्य की आधारशिला रखी गई। ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को सुरक्षित और सुव्यवस्थित करने के लिए तीन अलग-अलग आयुर्वेदिक चिकित्सालयों में बुनियादी ढांचे के विकास का शिलान्यास किया गया, जिसके तहत नौकुचियाताल आयुर्वेदिक चिकित्सालय में 36 लाख 65 हजार रुपये से फेब्रिकेशन कार्य, बर्धो आयुर्वेदिक चिकित्सालय में 37 लाख 99 हजार रुपये से सुरक्षा दीवार का कार्य तथा हल्सौ आयुर्वेदिक चिकित्सालय में 45 लाख 79 हजार रुपये से चाहरदीवारी और मुख्य गेट का निर्माण कार्य किया जाएगा।
जनसभा में बोले सीएम
योजनाओं के शिलान्यास और लोकार्पण के उपरांत जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हमारी सरकार विकल्प रहित संकल्प के मंत्र पर काम कर रही है और पर्यटन के साथ-साथ पर्यावरण के बीच संतुलन बनाना बेहद आवश्यक है। उन्होंने स्थानीय निवासियों से जल स्रोतों के संरक्षण और वनों को आग से बचाने में सरकार का सहयोग करने की अपील की।
इस गरिमामयी अवसर पर क्षेत्रीय विधायक और कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा सहित कई अन्य गणमान्य जनप्रतिनिधि, जिला स्तर के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, विभिन्न विभागों के मुख्य अभियंता और भारी संख्या में स्थानीय जनता उपस्थित रही, जिन्होंने इन विकास योजनाओं के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
इसे भी पढ़ें- 2027 चुनाव: उत्तराखंड के दौरे पर BJP अध्यक्ष नितिन नवीन, परखीं पार्टी की जमीनी हकीकत



