
मऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक बार फिर प्रदेश की सख्त कानून व्यवस्था और बुलडोजर एक्शन की नीति को दोहराया है। शुक्रवार को मऊ जिले के दौरे पर पहुंचे सीएम ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि, जो लोग बेटी और व्यापारी की सुरक्षा में सेंध लगाने की कोशिश करेंगे, उनकी मुलाकात यमराज से करा दी जाएगी। सीएम योगी ने कहा कि, अब उत्तर प्रदेश में गुंडे-माफियाओं और अपराधियों का राज खत्म हो चुका है। यहां अब कानून का राज कायम है और विकास की गति तेज हो गई है।
इसे भी पढ़ें- गर्मी से जनता को बचाने के लिए अलर्ट मोड में आई सरकार, CM योगी बोले- ‘लापरवाही न बरतें अधिकारी’
8 वर्ष में बदल गया यूपी
मऊ में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा, पिछले आठ वर्षों में प्रदेश में आए व्यापक बदलाव का विस्तार से जिक्र किया। उन्होंने कहा कि, एक समय था जब शाम ढलते ही पूरा माहौल भयावह हो जाता था। व्यापारी अपनी दुकानें बंद करके जल्दी-जल्दी घर लौटने की कोशिश करते थे।

बहन-बेटियों के थोड़ी देर से घर पहुंचने पर पूरा परिवार चिंता में डूब जाता था। सड़कों पर गुंडों का आतंक छाया रहता था और माफियाओं का बोलबाला था। लोग डर के साए में जीने को मजबूर थे, लेकिन आज उत्तर प्रदेश की तस्वीर पूरी तरह बदल चुकी है।
गलत काम करने वालों की दुर्गति तय
सीएम योगी ने कहा, आज किसी भी माफिया या गुंडे में हिम्मत नहीं बची है कि, वह किसी की तरफ आंख उठाकर देख सके। रामलीला हो, यज्ञ-कथा हो या फिर रामनवमी, शिवरात्रि, जन्माष्टमी, रक्षाबंधन या कोई अन्य धार्मिक आयोजन, किसी भी कार्यक्रम में व्यवधान डालने की किसी में हिम्मत नहीं है। अगर कोई ऐसा करता है तो उसके खिलाफ तुरंत कठोर कार्रवाई की जाती है। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि, गलत काम करने वालों की दुर्गति अब तय है।
उन्होंने रावण और कंस का उदाहरण देते हुए कहा कि जो लोग गलत रास्ते पर चलते हैं, उनकी भी वही दुर्गति होती है। बेटी और व्यापारी की सुरक्षा में सेंध लगाने वाले अब यमराज के पास पहुंचते हैं। योगी आदित्यनाथ ने बुलडोजर मॉडल को विकास से जोड़ते हुए कहा कि, बुलडोजर सिर्फ अवैध कब्जों और निर्माणों पर नहीं चल रहा है, बल्कि यह अपराधियों और माफियाओं के मनोबल को तोड़ने का प्रतीक भी बन गया है।
समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला
कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि, सपा शासनकाल में माफिया खुलेआम पिस्तौल लहराते हुए घूमते थे। मऊ समेत पूरे पूर्वांचल में ऐसी स्थिति थी जब कोई भी माफिया खुली जीप में हथियार दिखाकर लोगों को धमका सकता था।
उन्होंने मुख्तार अंसारी के दौर का जिक्र करते हुए कहा कि, अब वह समय पूरी तरह बीत चुका है। आज कोई माफिया ऐसी हिमाकत नहीं कर सकता। योगी ने कहा कि, कानून व्यवस्था को लेकर सरकार ने बिना किसी भय, पक्षपात या दबाव के काम किया है। जब यह अभियान लगातार चला तो स्थिति में व्यापक बदलाव आया।
विकास का पैसा अब विकास कार्यों में लग रहा है। पहले माफियाओं की वसूली के कारण विकास रुक जाता था, लेकिन अब गरीब का पैसा सीधे गरीब तक पहुंच रहा है।
विकास कार्यों पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि, प्रदेश में बिना किसी भेदभाव के हर वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है। हर गरीब के घर में नल से जल पहुंचाने, अच्छी सड़कें बनाने, पुल-पुलियों का निर्माण करने, बाढ़ सुरक्षा कार्य करने और बिजली आपूर्ति सुधारने पर तेजी से काम हो रहा है।
उन्होंने कहा कि सुरक्षा का माहौल बनने के बाद निवेश बढ़ा है, रोजगार के अवसर पैदा हो रहे हैं और युवाओं को नई संभावनाएं मिल रही हैं। सीएम योगी ने बेटियों के स्वावलंबन, किसानों के सम्मान और युवाओं के रोजगार को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि इन क्षेत्रों में कई योजनाएं चलाई जा रही हैं और उन्हें प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है।
जिले को मिली 392 करोड़ की सौगात
मऊ दौरे के दौरान सीएम ने 392 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 124 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में सड़क निर्माण, पुल, जल आपूर्ति योजनाएं, स्वास्थ्य केंद्र, शिक्षा सुविधाएं और अन्य बुनियादी ढांचागत कार्य शामिल हैं। सीएम ने कहा कि, मधुबन में इन परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने आश्वासन दिया कि इन परियोजनाओं से मऊ जिले की तस्वीर बदलेगी और स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
कानून व्यवस्था के बिना विकास संभव नहीं
योगी सरकार का मानना है कि, मजबूत कानून व्यवस्था के बिना विकास संभव नहीं है। जब अपराध पर अंकुश लगता है, तब विकास कार्य बिना बाधा के आगे बढ़ते हैं। इसी सोच के साथ सरकार ने पिछले आठ वर्षों में अपराध और भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान चलाया है। नतीजतन आज उत्तर प्रदेश में निवेश आ रहा है, उद्योग लग रहे हैं और पर्यटन क्षेत्र भी तेजी से विकसित हो रहा है।
2027 के लिए अहम है दौरा
सीएम योगी का मऊ दौरा सिर्फ विकास परियोजनाओं तक सीमित नहीं था। यह 2027 के आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

पूर्वांचल में भाजपा की पकड़ मजबूत करने और जनता के बीच सरकार की उपलब्धियां पहुंचाने की दिशा में यह दौरा एक अहम कदम है। मुख्यमंत्री ने आखिर में कहा कि, उत्तर प्रदेश में विकास और सुरक्षा का यह सिलसिला लगातार जारी रहेगा। कोई भी ताकत इस माहौल को बिगाड़ने की कोशिश करेगी तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने जनता से अपील की कि वे सरकार के साथ मिलकर प्रदेश को और आगे ले जाने में योगदान दें। योगी आदित्यनाथ का यह बयान और मऊ दौरा एक बार फिर साबित करता है कि उत्तर प्रदेश में सख्त शासन और विकास का अनोखा समन्वय कायम है, जो आने वाले समय में भी जारी रहेगा।
इसे भी पढ़ें- जनता दर्शन में सीएम योगी ने सुनीं समस्याएं, कहा- ‘गर्मी बहुत है, ध्यान रखो’



